Showing posts with label आम चुनाव 2019. Show all posts
Showing posts with label आम चुनाव 2019. Show all posts

Sunday, March 10, 2019

देश तो सेना के सुरक्षित हाथों में है, मोदी ने अपनी जिम्मेदारियाँ कैसे निभाईं?



नवीन जोशी

‘स्वराज अभियान‘ के जुझारू नेता योगेंद्र यादव ने शनिवार को भाजपा के एक पोस्टर की फोटो ट्वीट की थी. पोस्टर में ‘मोदी हैं तो मुमकिन है’ नारे के साथ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कुछ अन्य भाजपा नेताओं के साथ वायु सेना के विंग कमाण्डर अभिनन्दन वर्धमान की बड़ी सी फोटो लगी है. ट्वीट में योगेंद्र यादव चुनाव आयोग से पूछते हैं- ‘क्या इसकी अनुमति दी जा सकती है? राजनैतिक पोस्टरों में एक सेवारत सैनिक की तस्वीर? यदि नहीं, तो क्या आप इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे?’

अभिनंदन वर्धमान वही जाँबाज वायु सैनिक हैं जिन्होंने पिछले दिनों बालाकोट हमले के बाद पाकिस्तानी जवाबी कार्रवाई में उसके एफ-16 विमान को गिराया था. उस हमले में खुद उनका मिग विमान ध्वस्त हुआ और उन्हें पाकिस्तानी सीमा में उतरना पड़ा. शुरुआती तनातनी के बाद पाकिस्तान ने सदिच्छा और वार्ता की पहल दिखाते हुए उन्हें भारत को सौंप दिया था.

योगेंद्र यादव के ट्वीट के क्रम में कई और पोस्टर सामने आने जिनमें भाजपा ने सैनिकों, सैन्य प्रतीकों और बालाकोट के आतंकवादी ठिकानों पर वायु सैनिक हमले का श्रेय लूटने का पूरा प्रयास किया है. ‘दिव्य मराठी’ अखबार का एक पूरे पेज का विज्ञापन है जिसमें नरेंद्र मोदी के वृहदाकार चित्र के ऊपर दो युद्धक विमान उड़ान भर रहे हैं. साथ में अटल बिहारी बाजपेयी समेत कई भाजपा नेताओं की छोटी तस्वीरों के साथ मोदी जी गरज रहे हैं- ‘सौगन्ध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा.”

एक और फोटो भाजपा के जुलूस के आगे चल रहे एक रथ के सामने के पोस्टर का है. नरेंद्र मोदी की फोटो के नीचे युद्ध के लिए कूच करती हमारी सेना की टुकड़ी की तस्वीर है. लिखा है- ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की...” पोस्टर पर ताण्डव करते भगवान शिव भी विराजमान हैं. एक और पोस्टर में संगीन लगी बंदूक ताने (सम्भवत: ) एक आतंकवादी की छाया है और ललकारते हुए मोदी जी कह रहे हैं- “हम तुम्हें मारेंगे और जरूर मारेंगे लेकिन वो बंदूक भी हमारी होगी, गोली भी हमारी होगी, बस जगह तुम्हारी होगी.’

योगेंद्र यादव ने बहुत उचित और प्रासंगिक सवाल उठाया. अगले दिन राजदीप सरदेसाई ने अपने एक ट्वीट में ऐसे ही एक पोस्टर के साथ चार, दिसम्बर 2013 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सभी राजनैतिक दलों को जारी एक नोटिस की प्रत्ति नत्थी की. इसमें  कहा गया है कि” (तत्कालीन) रक्षा मंत्री ने आयोग का ध्यान दिलाया है कि कुछ राजनैतिक दल, नेता और उनके प्रत्याशी अपनी चुनाव प्रचार सामग्री में सैन्य बलों की तस्वीरों का उपयोग कर रहे हैं. उन्होंने आयोग से इस पर उचित निर्देश जारी करने की अपेक्षा की है.”

निर्वाचन आयोग आगे लिखता है कि “सशस्त्र सेनाएँ हमारी सीमाओं, देश की सुरक्षा और राजनैतिक प्रणाली की संरक्षक हैं. लोकतंत्र में वे सर्वथा गैर-राजनैतिक एवं निष्पक्ष रहती हैं. इसलिए यह आवश्यक है कि राजनैतिक दल अपने चुनाव अभियानों में सेनाओं का उल्लेख करने में अत्यंत सावधानी बरतें. आयोग की राय है कि राजनैतिक दल अपने चुनाव अभियान, विज्ञापनों और भाषणों या अन्य किसी सामग्री में सेना प्रमुख या फौजों या सैन्य कार्यक्रमों की तस्वीरों का  उपयोग नहीं करें.’’

इस पुराने नोटिस को फिर से जारी करने का अर्थ सीधा-सीधा यही है कि कुनाव आयोग राजनैतिक दलों को निर्देश दे रहा है कि वे चुनाव अभियान में सेना का इस्तेमाल नहीं करें. 

क्या नरेंद्र मोदी और भाजपा सुन रहे हैं. वे हाल के सैन्य अभियानों का जिस तरह अपने चुनाव प्रचार में इस्तेमाल कर रहे हैं वह अनैतिक, अमर्यादित और चुनाव अयोगों के निर्देशों के विपरीत है. यह सुरक्षा बलों का अनर्थकारी राजनैतिक इस्तेमाल है. खेद का विषय है कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़े गुहगार हैं अब वे अपनी प्रत्येक चुनावी  सभा में बालाकोट हमले, अभिनंदन की वापसी और सेनाओं के शौर्य को अपनी हिम्मत बताकर पेश कर रहे हैं.  

भाजपा 2019 के आम चुनाव के लिए हमारी सेनाओं के शौर्य, बालाकोट पर सर्जिकल स्ट्राइक, विंग कमाण्डर अभिनंदन की सकुशल वापसी और आतंकवादियों एवं पाकिस्तान को सबक सिखाने की गर्जना को ही मुख मुद्दे बना रही है. ‘मोदी है तो मुमकिन है’ इसी लिए कहा जा रहा है. अभी और भी ऐसे नारे, पोस्टर, गीत, तथा अन्य प्रतीक सामने आएंगे. भाजपा लोकतांत्रिक चुनाव नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, देशभक्ति, और फौज के राजनैतिक इस्तेमाल से राजनैतिक युद्ध जीतने की तैयारी में है.

यह उसी दिन निश्चित हो गया था जब पुलवामा में सीआरपीएफ की बटालियन पर हमला हुआ और चालीस जवान शहीद हुए. देश भर में गम और गुस्सा भड़काना लाजिमी था.  हमारी सेना बहुत समय से कश्मीर और अन्यत्र भी पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों से सतत युद्ध लड़ रही है. हर हफ्ते हमारे जवान शहीद होते हैं. पुलवामा का हमला सैनिकों पर सबसे बड़ा घातक हमला था. चुनाव का समय न होता तो तिरंगे में लिपटे शहीदों के शवों को ससम्मान विदा करने के बाद कई दिन तक शहर-शहर-गली-गली पाकिस्तान के खिलाफ जहर उगलते और युद्धोन्माद फैलाते छोटे-छोटे जुलूस नहीं निकल रहे होते. ऐसे जुलूस तब तक निकलते रहे और टीवी चैनल भी गरजते रहे जब तक कि भारतीय वायु सेना ने बालाकोट के आतंकवादी ठिकाने पर हमला नहीं कर दिया. उसके बाद विजय जुलूस निकाले गये. क्या यह कहने की जरूरत है कि युद्धोन्माद और बदले की कार्रवाई के लिए सायास राजनैतिक वातावरण बनाया गया था?

सायास नहीं होता तो हमारे बड़बोले प्रधानमंत्री 26 फरवरी की तड़के बालाकोट पर हमले के दिन ही चुरू की अपनी सभा में “सौगन्ध मुझे इस मिट्टी की/मैं देश नहीं मिटने दूंगा/ मैं देश नहीं झुकने दूंगा’ की गर्जना बार-बार नहीं करते. सेनाओं के लिए देश के आम जन में जो सम्मान भाव है, उसका भावुक राजनैतिक इस्तेमाल उसके बाद से वे और उनके सभी नेता हर रोज कर रहे हैं. ऐसा लगता है कि वायु सेना ने बालाकोट आतंकी शिविर पर हमला देश के लिए नहीं, मोदी और भाजपा के लिए किया है. गोया देश सेना के नहीं, मोदी के ‘सुरक्षित’ हाथों में है.

यही नहीं, मोदी समेत भाजपा के बड़े नेता यह भी बार-बार दोहरा रहे हैं कि यूपीए के शासन में जब भी बड़े आतंकी हमले हुए, तब हमारी सेनाएँ जवाबी हमला करना चाहती थीं लेकिन मनमोहन सरकार ने उन्हें अनुमति ही नहीं थी. वे सन 2016 में उरी पर हुए आतंकवादी हमले के बाद की गई सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट हमले को देश और सेना की नहीं, भाजपा और मोदी की बहादुरी के रूप में पेश कर रहे हैं. गृह मंत्री राजनाथ सिंह तो कह रहे हैं कि दो नहीं, तीन सर्जिकल स्ट्राइक की गई हैं लेकिन तीसरी के बारे बताऊंगा नहीं.        

यह भी गौर करना जरूरी है कि पुलवामा आतंकी हमले और बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक से पहले मोदी और उनकी पार्टी कई नकारात्मक्ताओं से घिरी हुई थी. तीन राज्यों में भाजपा सत्ता खो चुकी थी. यूपी जैसे बड़े राज्य में सपा-बसपा का गठबंधन उनके लिए कठिन चुनौती बना. किसानों की नाराजगी भारी पड़ रही थी. भाजपा के भीतर दलित नेताओं का गुस्सा फूट रहा था. गठबंधन के साथी बड़ा दवाब बना रहे थे और कुछ साथ छोड़ चुके थे. विपक्ष एकजुट होने की कोशिशों में लगा था. 2014 के बड़े-बड़े वादों का हिसाब भी कई कोनों से मांगा जा रहा था. बेरोजगारी बढ़ने के आंकड़े डरावने हो रहे थे. राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे की गड़बड़ियों की तोप सीधे मोदी की तरफ तानी हुई थी.

यह विपरीत माहौल आम चुनाव में मोदी की बड़ी चुनौती बनने जा रहा था. फिलहाल हमारी सेना की बहादुरी और देश प्रेम का जज्बा उनके बचाव को आ गया है. तत्काल वे लाभ में दिखाई देते हैं लेकिन यह कवच कितने दिन उनकी आड़ बना रहेगा कहना मुश्किल है. यह अवश्य है कि वे इसी के पीछे छिप कर चुनावी युद्ध लड़ने की पूरी कोशिश करेंगे.

नरेंद्र मोदी अपने हाथ लगे तुरुप का बहुत शातिराना इस्तेमाल कर रहे हैं. विपक्ष का कौशल इसमें है कि वह कितनी जल्दी और किन मुद्दों से उन्हें लड़ाई के खुले मैदान में खींच लाते हैं. विपक्ष और सिविल सोसायटी का दायित्व है कि वे जनता को बताएँ कि देश मोदी के नहीं, सेना के हाथों में सुरक्षित है. नरेंद्र मोदी को तो जनता ने कुछ और ही जिम्मेदारियाँ दी थीं. उसे उन्होंने कितना निभाया?     


Monday, February 25, 2019

चुनावी तराकश के तीर तैयार



सन्‍ 2019 के चुनावी संग्राम का मैदान सज रहा है. कुछ सेनाएँ काफी पहले से तैयार हैं, कुछ अंतिम तैयारियों की हड़बड़ी में हैं और कुछ अब भी ठीक से तय नहीं कर सके हैं कि किस शिविर का रुख करना है. जो संग्राम के अंतिम दिन तक अदले-बदले और पैने किये जाते रहेंगे वह हैं इस युद्ध में इस्तेमाल होने वाले हथियार. जनता को प्रभावित करने, एक-दूसरे के व्यूह को भेदने और रणनीतियाँ विफल करने में इन जुबानी तीरों की बड़ी भूमिका होती है.

बीते रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में जिन दो बड़े और बहु-प्रचारित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया उनसे भाजपा के चुनावी तरकश के मुख्य तीरों का स्पष्ट संकेत मिलता है. पहला कार्यक्रम था किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत. देश के एक करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में पहली किस्त के दो-दो हजार रु जमा कराये गये. एक साल में हर किसान के खाते में छह हजार रु जमा करने की योजना है.

दूसरा कार्यक्रम कुम्भनगरी, प्रयागराज में संगम-स्नान करना था. यह सामान्य कुम्भ स्नान नहीं था, बल्कि चुनाव मैदान की ओर अग्रसर आस्थावान हिंदू प्रधानमंत्री की ऐसी संगम-डुबकी थी, जो व्यापक हिंदू समाज को विशेष चुनावी संदेश देने के लिए लगाई गयी है. मोदी जी ने इस अवसर का एक और भावुक इस्तेमाल किया. उन्होंने कुम्भ के स्वच्छआयोजन का श्रेय सफाई कर्मचारियों को देते हुए उनके पाँव पखारे. सफाईकर्मियों के पैर धोने की यह सेवा व्यापक दलित समाज के लिए महत्त्वपूर्ण संदेश देना है.

आसन्न संग्राम के तीन हथियार तो ये निश्चित ही होने हैं. मोदी सरकार को लगता है कि देश भर के किसानों की नाराजगी उस पर भारी पड़ रही है. हाल के तीन राज्यों में उसकी पराजय में किसानों के गुस्से का बड़ा हाथ रहा. गोसंरक्षण के हिंदू एजेण्डे के तहत बंद बूचड़खानों के कारण बड़ी संख्या में छुट्टा जानवरों के फसलें चौपट करने से उत्तर भारत के राज्यों के किसान और भी हैरान-परेशान हुए हैं. बड़े पैमाने पर किसान-ऋण माफी, किसानों की आय दोगुनी करने की घोषणएँ और गो-संरक्षण शालाएँ बनाने की कवायद नाकाफी लग रही हैं. किसानों के इस गुस्से को भुनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूरा जोर लगाये हुए हैं. उन्होंने और भी बड़े स्तर पर ऋण माफ करने के वादे किए हैं. किसानों को खुश करने की कोशिश पक्ष-विपक्ष दोनों की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना स्वाभाविक है.

दूसरा बड़ा चुनावी शस्त्र हिंदूवादी राजनीति है. भाजपा का यह हमेशा ही प्रमुख हथियार रहा है लेकिन इधर राहुल गांधी ने भी कांग्रेस को हिंदू चोला पहनाया है. वे मंदिरों में पूजा-पाठ कर रहे हैं, माथे पर तिलक-चंदन छाप कर केदारनाथ की यात्रा कर आये और जनेऊ धारण कर कर्मकाण्ड करते भी खूब दिख रहे हैं. कांग्रेस की नयी रणनीति उन उदार हिंदुओं को मनाना है जो ‘अल्पसंख्यक-तुष्टीकरण’ के आरोपों के प्रभाव में उग्र हिंदू बन कर भाजपा के पाले में चले गये हैं. साथ ही, यह भाजपा पर उसी के हथियार से हमला करने की रणनीति भी है. लिहाजा भाजपा को अपना भगवा रंग और गाढ़ा करना है. अर्धकुम्भ को ‘कुम्भ’ प्रचारित कर, उस पर अरबों रुपये व्यय करके और दुनिया भर में उसके भव्य और स्वच्छ आयोजन के प्रचार से भाजपा यही कोशिश कर रही है.

उग्र हिंदूवादी राजनीति के साथ दलित-पिछड़ा हितैषी चेहरा प्रस्तुत करके भाजपा ने 2014 और उसके बाद कई चुनाव जीते. तबसे ही दलित-पिछड़ा उसकी प्राथमिकता में रहे लेकिन हाल के महीनों में इस राजनीति ने करवट बदलनी शुरू की है. विशेष रूप से अस्सी सीटों वाले उत्तर-प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन ने उसकी नींद उड़ा रखी है. इसलिए इस चुनावी संग्राम में दलित-पिछड़ा तीर खूब चलने हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुम्भ स्नान के बाद सफाई कर्मियों के पैर धोकर अपने तूणीर में एक और तीर जमा कर लिया है. विपक्ष इसी तीर से मोदी सरकार को दलित-विरोधी साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा.

बड़े पैमाने पर राष्ट्रवाद और देशभक्ति का ज्वार इस चुनाव में अनिवार्य रूप से उठाया जाना है. उरी में हुए आतंकी हमले के बाद सितम्बर 2016 में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर जो सर्जिकल स्ट्राइक की थी, देश-रक्षा के उस ‘अत्यंत साहसी’ अभियान की चर्चा को भाजपा ने अब तक इसीलिए शांत नहीं होने दिया था. इधर पुलवामा में हुए सबसे बड़े आतंकी हमले के बाद देश भर में गम और गुस्से का जो सैलाब उठा है, उसे राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावनाओं से बखूबी जोड़ा जा रहा है. भाजपा के पास यह उस ब्रह्मास्त्र की तरह है जिसकी काट विपक्षी दल नहीं कर सकते. देश की सुरक्षा के मुद्दे पर चुनावी राजनीति करना आत्मघाती साबित होगा. स्वाभाविक है कि भाजपा भी इसका इस्तेमाल सोच-समझ कर ही करेगी.

कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि मोदी सरकार की उपलब्धियों के तीर इस चुनावी संग्राम में प्राथमिकता में नहीं रहेंगे. यूँ गिनाने को यह सरकार बहुत सारी उपलब्धियाँ गिनाती है लेकिन शायद उन्हें चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त नहीं समझती. दूसरा खतरा यह है कि विपक्ष के पास इन तीरों की अच्छी काट मौजूद है. 2014 के चुनाव-प्रचार में भाजपा और मोदी जी के बड़े-बड़े वादे विपक्ष क्यों भूलने लगेगा. जब-जब भाजपा उपलब्धियों का शंख-घोष करेगी, विपक्षी महारथी उसके वादों का हिसाब पूछ कर जोरदार पलटवार करेंगे.

यूपीए सरकार में हुए भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े मामले 2014 में भाजपा के पास घातक शस्त्रों के रूप में थे. विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस ने इस बार राफेल विमान सौदे को मोदी सरकार के विरुद्ध भ्रष्टाचार का बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश की है. राहुल गांधी इसे लेकर नरेंद्र मोदी पर सीधा और व्यक्तिगत हमला कर रहे हैं. चुनाव प्रचार में वे इसे और तीखा करेंगे, हालांकि भाजपा को सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय का कवच मिल गया है. तय है कि राफेल से लेकर बोफोर्स, टू-जी, कोयला खान, चारा घोटाला जैसे प्रकरणों के वार-प्रत्यावार खूब होंगे.  

भाजपा राष्ट्रवाद और उग्र हिंदुत्व तो विपक्ष कृषि व किसानों की दुर्दशा, बेरोजगारी, साम्प्रदायिकता और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले के तीर चलाएँगे. चुनावी शंखनाद होते ही आरोप-प्रत्यारोपों का जो सिलसिला शुरू होगा उसमें सच-झूठ सब गड्ड-मड्ड हो जाएगा. झूठ को सच और सच को झूठ साबित करने की हरचंद कोशिश की जाएगी. जनता के लिए ही नहीं अनेक बार मीडिया के लिए भी यह तय करना कठिन हो जाएगा कि आरोपों का धुआँ किसी चिंगारी से उठ रहा है या धुआँ भी धोखा ही है.

चुनाव-दर-चुनाव प्रचार व्यक्तिगत और मर्यादा विहीन होता चला आ रहा है. इस बार नैतिकता और भी पददलित होंगी.                   
    
(प्रभात खबर, 26 फरवरी, 2019)