Showing posts with label नवारुण प्रकाशन. Show all posts
Showing posts with label नवारुण प्रकाशन. Show all posts

Friday, August 14, 2026

'आज रच्यो है बसंत निजाम घर'- हमारी हिंदुस्तानियत की खुशबू

सन 1980 की बात है या उसके एक-दो वर्ष पहले की, 'लखनऊ महोत्सव' की एक शाम सांस्कृतिक पण्डाल के मंच पर मलिका पुखराज उपस्थित थीं। उन दिनों वे अपनी बेटी ताहिरा और दामाद (नाम याद नहीं) के साथ पाकिस्तान से भारत के दौरे पर आई थीं। ऐसा भी याद पड़ता है कि शायद भारत सरकार ने उन्हें किसी सम्मान-पुरस्कार के लिए आमंत्रित किया था। 

उन वर्षों में सरकारी आयोजन होने के बावजूद 'लखनऊ महोत्सव' बड़ी गरिमामय हुआ करता था। विशेष रूप से उसकी सांस्कृतिक संध्याओं में देश-विदेश के नामचीन कलाकार/संस्थाएं अपनी सर्वोत्तम प्रस्तुतियों से हमें चमत्कृत कर दिया करते थे। 

तो, पाकिस्तान के राजनीतिक घटनाक्रमों पर प्रच्छन्न चुटीली टिप्पणियों के साथ अपने दामाद के संचालन में उस शाम मलिका पुखराज  व ताहिरा ने कुछ बेहतरीन नगमे (अभी तो मैं जवान हूं, वगैरह) सुनाने के बाद अंत में वह गीत सुनाया जो उनकी पुरकशिश आवाज़ में आज भी कहीं सुनने को मिल जाता है तो जेठ की धूप वासंती हो जाती है- 'लो फिर बसंत आई, फूलों पे रंग लाई/ चलो बे-दरंग, लब-ए-आब-ए-गंग, बजे जल तरंग/ मन पर उमंग छाई...।' 

हफीज़ जालंधरी का यह तराना गाया तो बहुत से गायकों ने है, और अच्छा गाया है लेकिन इसको जितनी प्रसिद्धि मलिका पुखराज की आवाज़ में मिली और पाकिस्तान में भी, वह बेमिसाल है। 

उस जमाने तक पाकिस्तान, मुसलमान और इस्लाम का नाम लेना राष्ट्रद्रोह नहीं बनाया गया था। पाकिस्तानी कलाकार, खिलाड़ी, नेता और आम जनता भी भारत आया-जाया करते थे। तब यह भी संदेह और नफरत से नहीं देखा जाता था कि मुसलमान 'हमारा त्योहार बसंत' क्यों मनाते हैं। 

वली दकनी की मजार को ध्वस्त करने वाली नफरत की फसल उगाए जाने में अभी 24-25 साल और लगने थे। उसके बाद तो इस देश में बहुत कुछ ध्वस्त किया जा चुका है। मुसलमान होना शक व नफरत से देखा जा रहा है। 

शुक्र है कि दिल्ली में निजामुद्दीन औलिया की दरगाह कायम है और वहां अब भी बसंतोत्सव मनाया जाता है। बहुत सारे कव्वाल, शायर और आम जन भी वासंती पटके गले या माथे में बांधकर बसंत के गीत गाते हैं और मजारों पर सरसों के फूल बिखेरे जाते हैं। कव्वाल जो समां बांधते हैं, उसके तो कहने ही क्या! 

यह तनिक भावुक भूमिका वास्तव में यूसुफ सईद की किताब 'आज रच्यो है बसंत निजाम घर' के पन्ने पलटते और पढ़ते हुए मन में उमड़ती-घुमड़ती रही। यह किताब अभी-अभी नवारुण प्रकाशन से जारी हुई है, जो अपनी विषयवस्तु में ही नहीं, प्रस्तुति और साज-सज्जा में भी शानदार है। उसके रंगीन चित्र और रेखांकन अलग से ध्यान खींचते हैं। डिजायन और साज-सज्जा भी यूसुफ सईद ने ही की है। 

किताब का मकसद काबिले गौर है- इस सवाल का जवाब तलाशना कि आखिर मुसलमान भारत का ऐसा त्योहार क्यों मनाते हैं जो हिंदू संस्कृति से जुड़ा है। यह सवाल बहुत से मुसलमान भी पूछते हैं, जो मानते हैं कि बसंत मनाने का चूंकि इस्लाम में कोई आधार नहीं है, इसलिए हराम है। 

जवाब की तलाश में लेखक में हमें उस विरासत से परिचित कराता है जो हिंदुस्तान की धरती पर सैकड़ों-हजारों वर्षों में बहुत सारे धर्मों-संस्कृतियों से मिलकर धीरे-धीरे विकसित हुई और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनी है। वह ऐसी इंद्रधनुषी चादर है जिसके धागों और रंगों को अलग-अलग कर पाना सम्भव नहीं है। वह तार-तार हो सकती है, अलग नहीं। 

आज के दौर में इस विरासत की चर्चा बहुत जरूरी है। पुरानी पीढ़ियां, जो इससे परिचित रही हैं, अब क्यों भूल रही हैं? नई पीढ़ियों को तो, जिन्हें नफरत घुट्टी की तरह पिलाई जा रही है, इसे जानना और भी जरूरी है। 

कोई तीन दशक पहले 'बसंत' नाम से लघु फिल्म बना चुके यूसुफ सईद ने इस किताब में बसंत की परम्पराओं, गीतों और उसकी लोकप्रियता में मुस्लिम सूफियों, शायरों और कव्वालों, खासकर अमीर खुसरो (किताब में 'खुसरौ' है) के योगदान की गहरी पड़ताल की है-

 'जब कुछ मुसलमान बारहवीं-तेरहवीं शताब्दी में हिंदुस्तान आए तो मध्य एशिया और खुरासान के नौरोज और फसले बहार की रंगीनियां शायद उन्हें यहां बसंत के रूप में नज़र आईं। इसलिए उन्होंने हिंदुस्तान के दूसरे त्योहारों के मुकाबले में बसंत को अपनेपन की भावना से मनाया। भारत के मुसलमानों में बसंत सबसे पहले चिश्ती सूफियों ने मनाया।'

और, यह किस्सा तो मशहूर ही है कि जब अपने भांजे तकीउद्दीन की मौत से गम में डूबे, हंसना-खाना भूल गए अपने पीर निजामुद्दीन औलिया को अमीर खुसरो ने महिलाओं की तरह सज-धजकर और हाथों में सरसों के फूल लेकर नाचते हुए हंसाया था। यह विचार उन्हें बसंत पंचमी पर पीले वस्त्रों में सजी, नाचती-गाती महिलाओं को देखकर सूझा था। 

तबसे बसंत का यह पर्व निजामुद्दीन औलिया और अमीर खुसरो के साथ अभिन्न रूप से जुड़ता हुआ दूसरे कई सूफी पीरों के उत्सवों में शामिल हो गया। अमीर खुसरो के बसंत गीत लोकप्रिय होते गए और बसंत पर कव्वालियां और शायरी लिखने-गाने का सिलसिला चल पड़ा, जो आज तक जारी है और लोकप्रिय भी। 

निजामुद्दीन औलिया की करीब सात सौ साल पुरानी दरगाह पर तो बसंत पंचमी के दिन देश भर के कव्वाल इकट्ठा होकर गीत-संगीत की धूम मचाते हैं। हौज़ में वासंती रंग घोला जाता है, कपड़े रंगे, बांटे और पहने जाते हैं। सरसों के फूल मजारों पर चढ़ाए जाते हैं। वैसे, यूसुफ अफसोस जताते हैं कि अब यह एक उत्सव की बजाय रस्म भर रह गया है। 

यूसुफ पूछते हैं कि 'उनकी मृत्यु के सात सौ साल बाद एक फारसी कवि और दरबारी इतिहासकार का हमारे लिए क्या महत्त्व हो सकता है?' वे जवाब देते हैं कि 'अमीर खुसरो और उनके समय की व्याख्या करने की कोशिश सिर्फ उनकी कविता या संगीत की सराहना ही नहीं है, यह भारत के इतिहास को बेहतर ढंग से समझने में मदद करती है और हमारे अतीत के बारे में गलतफहमियों को दूर कर सकती है... क्योंकि आज हम भारत में ऐसे दौर से गुज़र रहे हैं जहां इतिहास को बहुत बड़े पैमाने पर राजनीतिक अलगाव के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।'

यह अत्यंत महत्त्वपूर्ण बात है और यही समझाने का बेहतरीन प्रयास यह किताब करती है। 

यूसुफ बताते हैं कि इस्लाम के आने के बहुत पहले से लोग भारत आते रहे। स्वाभाविक ही उनके प्रभाव भी यहां पड़े लेकिन हिंदुस्तानी समाज में सबसे बड़ा सांस्कृतिक प्रभाव फारस (वर्तमान ईरान) से आए लोगों का पड़ा। बाद में दूसरी जगहों से आए मुसलमानों ने भी यहां की बहुत सी परम्पराओं को सहज ही अपना लिया।

कब्रों पर चादर चढ़ाना, चिराग जलाना, फूल व नज़राना पेश करना, कब्र पर सजदा करना, तावीज-गण्डे बांधना, वगैरह बहुत सी ऐसी रस्में उन्होंने हिंदुओं से सीखीं और अपना लीं। ये रस्में ईरान या अरब से नहीं आईं। सूफियों ने भी बसंत को इस्लाम के दायरे में अपनाया। इसी तरह हिंदुओं ने भी उनकी बहुत सी रस्में, खान-पान, पहनावे और बोली-भाषा के प्रभाव सहज ही ग्रहण किए।   

यही मिली-जुली रवायत है, गंगा-जमुनी संस्कृति है, जो हजारों साल में बनी। आज कौन सी रस्में किसकी हैं, कैसी हैं और उनमें किस-किस के प्रभाव हैं, इसे अलग कर पाना तो दूर, समझ पाना भी कठिन है। इसी का नाम हिंदुस्तानियत या भारतीयता है। यह तथ्य समझना-समझाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। यह किताब यही काम बखूबी करती है। 

किताब में खुसरो और अन्य सूफियों के रचे बसंत संबंधी गीतों का संकलन और उनकी व्याख्या भी शामिल है। रंगों के धार्मिक प्रतीकों पर रोचक अध्याय है, जिसमें अच्छी तरह समझाया गया है कि हरा रंग क्यों इस्लाम से जोड़ा जाता है और यह गलत धारणा क्यों बनी। फिल्मों में बसंत के चित्रण पर भी यहां चर्चा की गई है। दरबारी शायर के रूप में अमीर खुसरो की विरोधीभासी भूमिका की चर्चा करने से भी यूसुफ ने परहेज नहीं किया है।   

यूसुफ यह भी बताते हैं कि बसंत की शायरी में जिस 'रंग' की बात होती है (आज रंग है, ऐ मां रंग है री, मेरे महबूब के घर रंग है री) , वह मात्र वासंती रंग नहीं है। वह असल में  अपने पीर के साथ लगा इश्किया रंग है, जिसके बिना सूफियों की इबादत पूरी नहीं होती, वह इबादत जिसका उद्देश्य अंतत: अपने भगवान या खुदा तक पहुंचना है, उसमें फना हो जाना है। 

सूफियों का उर्स (पुण्य तिथि पर उत्सव) मनाया ही इसलिए जाता है कि वे मरे नहीं, बल्कि ईश्वर में मिल गए। जैसे,  ईश्वर से उनका विवाह हो गया। सूफी अपनी तुलना दुल्हन से करते हैं और परमात्मा दूल्हा हैं- 'मोहे अपने ही रंग में रंग ले रंगीले, तू तो साहेब मेरा महबूबे इलाही।' कबीर के यहां भी 'राम' दूल्हा हैं और वे खुद दुल्हन।  

'आज जबकि हिंदू और मुसलमान दोनों ही कौमें अपने-अपने धार्मिक खोल में सीमित होती जा रही हैं, या सिमटने पर मजबूर की जा रही हैं, मुसलमानों का बसंत मनाना या हिंदुओं का ईद में शामिल होना एक ख्वाब सा बन गया है।'  यूसुफ सईद की यह चिंता हम सबकी चिंता होनी चाहिए। 

इसीलिए यह यह किताब हर घर में होनी और पढ़ी जानी चाहिए।  

- नवीन जोशी, 14 अगस्त 2026, लखनऊ

(किताब-'आज रच्यो है बसंत निजाम घर', लेखक- यूसुफ सईद, प्रकाशक- नवारुण, सम्पर्क- 9811577426) 

 

 

 

  


Thursday, December 19, 2019

आरएसएस के चेहरे से मुखौटा हटाने वाली किताब



आरएसएस यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आजकल भारतीय राजनीति और सत्ता के केंद्र में है. उसकी राजनैतिक इकाई, भारतीय जनता पार्टी सन 2014 के बाद से केंद्र और कई प्रांतों में सत्तारूढ़ है. भाजपा चाहे जितना इनकार करे, सत्य यही है कि उसकी लगाम संघ के हाथों में रहती है. अब यह छुपी बात नहीं कि भाजपा उसी का एजेण्डा लागू करने में लगी हुई है.

आज जनता का एक बड़ा वर्ग संघ का समर्थक-प्रशंसक है तो बहुत सारे लोग उससे आशंकित रहते हैं. आज़ादी के संग्राम में उसकी नकारात्मक भूमिका, गांधी की हत्या में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष हाथ, तिरंगे की बजाय भगवा ध्वज के सम्मान, हिंदू-राष्ट्र की स्थापना का उसका लक्ष्य, आदि पर खूब वाद-विवाद होता है. हाल के वर्षों में गांधी ही नहीं आम्बेडकर को भी ‘अपनाने’ और सत्ता की राजनीति के लिए दलितों-पिछड़ों का परम हितैषी बनने की उसकी रणनीति पर भी चर्चा होती है. सच यह है संघ के अधिसंख्य समर्थक उसके बारे में बहुत कम जानते हैं.

संघ का असली चेहरा क्या है? क्या उसने हाल के वर्षों में अपने को सचमुच बदला है? आम्बेडकर और बहुजन समाज को लेकर उसका मूल सोच क्या है? ऐसे और भी कई सवाल हैं जिनके बारे में संघ के बड़े समर्थक-प्रशंसक समूह को नहीं पता. जो उसे बताया गया है, वह कितना सत्य है, यह जानना हो तो भंवर मेघवंशी की किताब ‘मैं एक कारसेवक था’ पढ़नी चाहिए, क्योंकि यह एक ‘इनसाइडर’ का अपना देखा-समझा अनुभव है, जिसकी कड़वी सच्चाई ने मेघवंशी को संघ के शिकंजे से बाहर निकलकर शेष जीवन के लिए संघ से दो-दो हाथ करने का संकल्प दिलवाया.

भंवर मेघवंशी आज एक चर्चित नाम है. वे प्रमुख दलित विचारक, लेखक-पत्रकार-एक्टिविस्ट हैं जिन्होंने राजस्थान और उसके बाहर भी दलितों में सामाजिक-राजनैतिक चेतना जगाने से लेकर सामाजिक समानता, अस्मिता और गरिमा का मोर्चा सम्भाल रखा है. जैसा कि भूमिका में हिमांशु पण्ड्या ने लिखा है- “मैं एक कारसेवक था’ दलित चेतना को समझने और अंगीकार करने की गाथा है.

कक्षा छह का विद्यार्थी 13 वर्ष का भंवर आरएसएस की शाखा में भर्ती होता है. ‘नमस्ते सदावत्सले...’ प्रार्थना दोहराते हुए वह ‘व्यक्ति-निर्माण’ की कार्यशाला में ढलने लगता है. ‘विश्व के सबसे महान धर्म’ का गौरव-गान उसे इतना प्रभावित करता है कि वह ‘हिंदुओं के सैन्यकरण और सैनिकों के हिंदूकरण’ को तत्पर हो उठता है. वह ‘भाईसाहब लोगों’ द्वारा बताए गए ‘हिंदू समाज के खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्र’ से उत्तेजित होकर उनसे नफरत करने लगा जो ‘अनाज भारत का खाते हैं और गीत मक्का-मदीना और येरुशलम के गाते हैं’ . उन ‘मलेच्छों’ में बालक भंवर को देशद्रोही और आतंकवादी नज़र आने लगे. एक दिन वह सिर पर गेरुआ पट्टी बांधकर ‘सौगंध’ राम की खाते हुए’ कारसेवक के रूप में अयोध्या रवाना हो गया जहां ‘मलेच्छ विधर्मियों के चंगुल’ से रामजी को मुक्त करवाने के लिए उसके जैसे फड़कती बांहों वाले तमाम युवाओं की भीड़ बढ़ रही थी.
संघ का समर्पित स्वयंसेवक भंवर इतनी निष्ठा और सक्रियता से ‘हिंदू-राष्ट्र’ बनाने के संकल्प में शरीक होता है कि शीघ्र ही वह गणनायक से मुख्य शिक्षक और फिर कार्यवाह बनकर जिला कार्यालय का प्रमुख हो जाता है. संघ में भली-भांति दीक्षित होते हुए भंवर का ‘सवाल पूछने वाला मन’ अक्सर सिर उठाता रहता है हालांकि ‘संघ के सब लोगों के पास प्राचीन समय के उदाहरण और तैयार जवाब होते हैं.’ लेकिन एक वाकया ऐसा होता है कि भंवर को ‘काटो तो खून नहीं.’

अयोध्या और भीलवाड़ा में ‘शहीद’ हिंदू-युवाओं की अस्थि-कलश यात्रा भंवर के गांव पहुंची तो उसने यात्रा में शामिल लोगों से अपने घर भोजन करने का आग्रह किया. उनके लिए खीर-पूरी पकवाए गए थे. पहले तो संघ के पदाधिकारियों ने टाल-मटोल की, फिर एक ने हिंदू समाज की सामाजिक विषमता के बारे में प्यार से समझाते हुए भोजन पैक करके देने की सलाह दी, बाद में भंवर को पता चला कि उसके घर का भोजन संघ के पदाधिकारियों ने रास्ते में फेंक दिया. भंवर लिखते हैं ‘मेरे मन में सवाल उठा कि मैं एक अनुशासित स्वयंसेवक, जुनूनी कारसेवक, जिला कार्यालय प्रमुख. अगर मेरे साथ ही ऐसा छुआछूत तो मेरे अन्य समाज-बंधुओं के साथ कैसा दुर्व्यहार हो रहा होगा. उस दिन मैने पहली बार एक हिंदू से परे हटकर निम्न जति के व्यक्ति के नजरिए से सोचना शुरू किया... वह रात मेरे जीवन की सबसे लम्बी रात थी.’ इस प्रकरण पर भंवर ने जिस भी पदाधिकारी से सवाल किया किसी के पास अंतोषजनक उत्तर नहीं था, बल्कि वे इसे ‘छोटी सी बात’ कहकर कर टाल देते. तब भंवर को ने ‘महसूस किया कि संघ के लोगों ने सिर्फ मेरे घर का खाना ही नहीं फेंका, मुझे भी उठाकर दूर फेंक दिया है.’

इस अपमान से भंवर इतने हताश-निराश हो उठे कि ‘मैंने खुदकुशी के बारे में सोचा. मरने की कई तरकीबें सोची. एक रात घर में रखी चूहामार दवा खाने के साथ खा ली और सो गया.’ यह देश का सौभाग्य है कि भंवर बचा लिए गए और फिर खुद से ही पूछने लगे कि ‘मैं क्यों मर रहा था और किनके लिए मर रहा था? मेरे मर जाने से किसको फर्क पड़ने वाला था?’   

यहां से भंवर के वैचारिक बदलाव की शुरुआत होती है. संघ के भीतर की अनेक सच्चाइयां अब उनके सामने खुलने लगीं. कार सेवा के लिए अयोध्या रवाना होते वक्त का वह सच कि ‘सारे बड़े लोग, उद्योगपति, संघ प्रचारक, विहिप नेता और भाजपाई लीडरान ट्रेन से उतर गए. रह गए हम जैसे जुनूनी दलित, आदिवासी तथा पिछड़े व गरीब वर्ग के युवा.... वे समझदार लोग सदैव हम जैसे जुनूनी लोगों को लड़ाई में आगे धकेलकर अपने-अपने दड़बों में लौट जाते हैं.’ यह भी कि संघ से ‘न केवल औरतें अलग रखी गईं, बल्किश्रमिक, दलित, आदिवासी, किसान लेखक, बुद्धिजीवी, पत्रकार, चित्रकार, इन सबको भी अलग-अलग संगठन बनाकर खपाया गया ताकि संघ का मूल स्वरूप इनसे प्रभावित न हो.’ एक बार भंवर ने ‘प्रचारक’ बनने की ठानी तो टरका दिया गया. तब वे गौर करते हैं कि ‘अब तक ज़्यादातर ब्राह्मण ही सरसंघचालक हुए हैं. संघ के उच्च स्तर पर दलित, आदिवासियों और पिछड़ों की उपस्थिति नगण्य है.’

तब भंवर तय करते हैं कि ‘मैं संघ को न केवल नकार दूंगा, बल्कि उनके द्वारा मेरे साथ किए गए जातिगत भेदभाव को भी सबके सामने उजागर करूंगा. इस दोगले हिंदुत्त्व और पाखण्डी हिंदू राष्ट्र कीअसलियत से सबको वाकिफ़ करवाना मेरा आगे का काम होगा..... मैंने अपनी व्यक्तिगत पीड़ाऔर अपमान को निजी दुश्मनी बनाने की बजाय सामाजिक समानता, अस्मिता एवं गरिमा की सामूहिक लड़ाई बनाना तय किया और एक प्रतिज्ञा की कि मैं हर प्रकार से संघ और संघ परिवार के समूहों तथा उनके दोगले विचारों को बोलकर, लिखकर और अपने क्रियाकलापों के जरिए मुखालफ़त करूंगा. यह जंग जारी रहेगी, आजीवन, अनवरत, मरते दम तक.’

तबसे आज तक भंवर मेघवंशी इस प्रतिज्ञा का पालन कर रहे हैं. उन्होंने अखबार निकाले, दलित-उत्पीड़न और साम्प्रदायिक दंगों के घटनास्थल का दौरा करके रिपोर्ट लिखी, जगह-जगह भाषण दिए, किताबें लिखीं और संघ परिवार की साजिशों की पोल खोलते हुए उसका का पुरजोर विरोध किया. आज भी उनकी लड़ाई जारी है. इस दौरान उन्हें दमन, दुष्प्रचार, आदि का सामना करना पड़ा. परिवार पर भी मुसीबतें आईं मगर परिवार उनके साथ खड़ा है, बल्कि उनकी अगली पीढ़ी उन्हीं बराबर उनके रास्ते पर चल रही है. पिता तो हर समय भरी बंदूक साथ रखते हैं.

‘मैं एक कारसेवक था’ को पढ़ना संघ की साम्प्रदायिक, फासीवादी गलियों से होते हुए आम्बेडकरवाद की ओर सचेत यात्रा से गुजरना है. यह यात्रा सिद्धांत बघारकर नहीं, गैर-बराबरी का दंश भोगते-जीते हुई है. इसलिए इसमें समाज का असली चेहरा विश्वसनीयता के साथ बेपर्दा हुआ है. सन 2000 के गुजरात नरसंहार का यह सच कितने लोग जानते-समझते हैं, जो भंवर ने अपने दौरे और बातचीत में देखा-महसूसा- ‘गुजरात नरसंहार में दलित एवं आदवासियों का बड़े पैमाने परदुरुपयोग किया गया. लूटपाट और मारपीट के दौरान मची अफरातफरी के दरमियान पुलिस की गोली का शिकार होने वाले इन्हीं वर्गों के लोग थे. मतलब उन ताकतों का खेल सफल रहा जो दलित, आदिवासी और मुस्लिम को आपस में लड़ मरते हुए देखना चाहती थीं. जिन्होंने लड़ाया वे सुरक्षित बने रहे…. आजकल दलित अपने आपको कट्टर हिंदू साबित करने के लिए दंगे-फसाद में सबसे आगे रहते हैं. इन्हें कौन समझाए कि ये जो धार्मिक अल्पसंख्यक हैं, उनका 80 फीसदी तुम्हारे ही वर्ग से गया है... आज तक हुए फसादात में विहिप, बजरंग दल और संघ के बड़े नेता क्यों शहीद नहीं हुए?’ छोटे-छोटे अध्यायों में लेकिन स्पष्ट्ता से भंवर बताते हैं कि संघ के पदाधिकारी किस तरह युवाओं का ब्रेन वॉश करते और उन्हें दंगा करने तथा शस्त्र प्रशिक्षण देते हैं.   

दंगाग्रस्त इलाकों और दलित-उत्पीड़न स्थलों का गहन दौरा करने बाद भंवर फासीवाद की स्पष्ट आहट सुनते हैं और उसके खिलाफ डटकर खड़े होते हैं. निष्कर्षत: वे कहते हैं- ‘वक्त निर्मम है लेकिन चुपचाप प्रतीक्षा करने या तटस्थ रहने से काम चलने वाला नहीं है. यही तो वक्त है हमारे विचार और व्यवहार की परीक्षा का जिसमें हमें खरा उतरना होगा अन्यथा इतिहास हमें और हमारी बौद्धिकता को भी अपराध की श्रेणी में डालेगा.’

भंवर मेघवंशी की 170 पेज की यह किताब अवश्य ही खूब पढ़ी-पढ़ाई जानी चाहिए. नवारुण प्रकाशन को धन्यवाद कि उन्होंने इस किताब को प्रकाशित कर संघ परिवार का मुखौटा उतारने में सहायता की है. पुस्तक मंगाने के लिए 9811577426 पर फोन या navarun.publication@gmail.com ईमेल करें.