Showing posts with label #Corona virus. Show all posts
Showing posts with label #Corona virus. Show all posts

Friday, April 09, 2021

फिर वह दारुण दौर

हम फिर उसी दारुण दौर में बहुत तेजी से लौट आए हैं जब बीमारों के इलाज और उन्हें बचाने की सुविधाओं की कौन कहे, श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की भी व्यवस्था नहीं हो पा रही। यह देखना-सुनना हृदय विदारक है कि लाशें खड़ी हैं और उनके परिवारीजनों को टोकन बांटे जा रहे हैं। पंद्रह घण्टे तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। और, इस पूरे दौर में वह जो प्लास्टिक में लिपटा बण्डल पड़ा है, उसके भीतर अपने किसी प्रियजन के होने की प्रतीति भर है। छूने का तो सवाल ही नहीं, उसे दूर से देखा तक नहीं जा सकता।

बार-बार चेतावनियां दी जा रही थीं, टीके लगाने वालों को भी पूरी-पूरी सावधानी बरतने को कहा जा रहा था लेकिन अधिसंख्य जनता ने मान लिया था कि कुछ नहीं है कोरोना या वह उनका कुछ बिगाड़ नहीं पाएगा। ‘यहां नहीं है कोरोना,’ कई लोगों ने साफ-साफ कहना शुरू कर दिया था। इसमें दिहाड़ी के लिए मजबूर आबादी ही नहीं, अघाए-खाए-मुटाए लोगों की भी खूब संख्या है जिन्हें पार्टी और हंगामा किए बिना नींद ही नहीं आती। नतीजा सामने है। इस बार कोरोना का जो विस्फोट हुआ है, वह पहले से कहीं अधिक रफ्तार से बेकाबू दौड़ने लगा है।

अपेक्षाकृत सावधान रहे लोगों ने भी कम लापरवाहियां नहीं कीं। ये मेरे पक्के दोस्त हैं या ये मेरे बहुत करीबी रिश्तेदार हैं, इनसे मिलने में कुछ नहीं होगा, ऐसा भाव भी खूब रहा। होली खेली और मिली गई। इस सबके पीछे सबसे बड़ा योगदान सत्तारूढ पार्टी समेत उन दलीय नेताओं का रहा जो चुनाव जीतने के लिए रैली पर रैली और विशाल सभाएं करते रहे। ‘दो गज की दूरी है जरूरी’ कहने के बाद इस नारे का सबसे अधिक मखौल नेताओं ने ही उड़ाया। चुनाव जीतने के लिए सारे घोड़े खोल देने वाले जिम्मेदार नेताओं ने भी चुनावी रैलियां, सभाएं, पदयात्राएं करके यही संदेश दिया कि कोरोना का कोई डर नहीं है। उनकी बातों और करनी में जमीन-आसमान का असर यहां भी खूब दिखा।

कोरोना अमीर-गरीब में अंतर नहीं करता लेकिन जितनी त्वरित जांच और चिकित्सा सुविधा नेताओं को मिल जाती है उसकी कल्पना भी सामान्य जन नहीं कर सकते। वे जांच कराने के लिए भटक रहे हैं, रोगी पाए जाने पर अस्पताल, डॉक्टर और दवा के लिए दर-दर मारे फिर रहे हैं। उन्हें पूछने वाला कोई नहीं है। थोड़ा-सा बोझ बढ़ते ही स्वास्थ्य तंत्र चरमरा उठता है। नेताओं, आदि के लिए कोई कमी नहीं होती। यह पूरी व्यवस्था उन ही के लिए काम करती है।

पिछले साल कोरोना फैलाने के लिए कभी तब्लीगियों को जी भर कोसा-गरियाया गया, कभी दिहाड़ी कामगारों की झुण्ड के झुण्ड गांव वापसी को और कभी रोजी-रोटी के लिए जूझते गरीबों-लाचारों को। क्या आज कोई अंगुली इन नेताओं की ओर भी उठेगी जो कोरोना नियंत्रण के लिए आवश्यक सभी निर्देशों की धज्जियां उड़ाते फिर रहे हैं?

अब आश्चर्य नहीं होता कि कोरोना की भयावहता के बाद दूसरी सबसे बड़ी खबर अपराध सरगना मुख्तार अंसारी बना हुआ है। वह किस गाड़ी से कैसे आया, कैसी ह्वील चेयर थी और बांदा जेल में आते ही वह कैसे व्हील चेयर छोड़कर आराम से चलने लगा। उसके साथ कौन-कौन आया और किस जेल अधिकारी ने कैसे आंखों-आंखों में रात काटी। उसकी बैरक में क्या-क्या है और कौन उसे कैसे देख रहा है। आने वाले दिनों में हम मुख्तार की जेल कोठरी की और भी कई खबरें पढ़ेंगे। पिछले किस्से भी दोहराए जाएंगे।

कोरोना अपनी निर्मम, दारुण कथाएं कहता रहेगा। एक अदृश्य सूक्ष्म वायरस गर्वीले, हठी, पथभ्रष्ट और सृष्टि-विरोधी मानव को उसकी औकात बताने निकल पड़ा है।

(सिटी तमाशा, नभाटा, 10 अप्रैल, 2021)          

Friday, March 27, 2020

कोविड-19: सुरक्षित छत और भरे पेट का वैराग्य


तीन दिन हो गए, घर का कूड़ेदान नहीं भरा. दूध के खाली पैकेटों के अलावा उसमें कोई पॉलीथीन नहीं. (सब्जियों-फलों के छिक्कल खाद बनाने के काम आते हैं) इन दिनों घर से बहुत कम कचरा निकल रहा है. पहले हर रोज कूड़ेदान भर जाता था. कई दिन दो भी. आजकल कोई ‘फालतू’ सामान खरीदा नहीं जा रहा. सिर्फ अत्यंत आवश्यक वस्तुएं. इसलिए कूड़ा भी कम.

कोविड-19 ने पूरा जीवन-दर्शन बदल दिया है. जीवित रहने के लिए कितनी कम आवश्यकताएं हैं हमारी! दो वक्त का खाना और थोड़ा चाय-पानी. और, सोचिए तो कितनी ‘शॉपिंग’ करते हैं हम! थैले भर-भर सामान लाए जा रहे हैं. आवश्यकता हो, न हो, खरीदारी होती रहती है. घर के सारे कमरे सामान से भरे हैं. घर में क्या-क्या है, अक्सर याद ही नहीं रहता. बेज़रूरत तमाम चीजें. हर चीज अपने साथ कचरा भी लाती है. हर सामान प्लास्टिक में पैक. कई बार सामान से बड़ी पैकिंग. घर के ही नहीं, नगर निगम के कूड़ेदान भी छोटे पड़ जाते थे. उपभोक्तावादी अर्थव्यस्था ने हमें कितना जकड़ रखा है, यह आज समझ में आ रहा है.

इतनी साफ हवा है इन दिनों कि फेफड़े परेशान होंगे कि कहां आ गए! हवा में खुशबू है. प्रदूषण न्यूनतम स्तर पर है. चिड़ियों का चहकना दिन में भी साफ सुनाई दे रहा है. सुबह-शाम तो घर के भीतर तक बुलबुल का गाना और फाख्ते की घुग्घू-घू खूब सुनाई दे रही है. आसमान का नीलापन धुल गया है. तारे जो दिखते हैं, उनकी चमक लौट आई है. सूनी सड़कें अपनी चौड़ाई देख अचम्भित हैं.

बहुत सारी चीजें हैं जिनके पीछे हम भागते रहे, जो आज की मजबूरन बंदी में अनावश्यक लग रही हैं. बहुत सारी ऐसी चीजें ऐसी भी हैं जिनकी तरफ हम देखते नहीं थे, आज वे खूबसूरत लग रही हैं. इसलिए सवाल उठ रहा है कि हम कैसी दौड़ में शामिल हैं? कौन हमें दौड़ा रहा है, किस तरफ और क्यों? हमारा दैनंदिन जीवन और सोच-विचार कौन निर्धारित कर रहा है?

एक मित्र ने कहा कि यह वैरागी भाव, श्मशानी वैराग्य जैसा है. घाट पर किसी को अंतिम विदा देते हुए हम सब सोचते हैं कि इस जीवन का कोई भरोसा नहीं. आखिर क्यों हम तमाम आपा-धापी, झगड़े-झंझट और राग-द्वेष में डूबे रहते हैं. यह संसार उस समय असार लगता है लेकिन घाट से लौटने के बाद हर कोई उसी भागमभाग और प्रतिद्वंद्विता में जुट जाता है. वही राग-द्वेष और लिप्साएं. कोरोना का डर और अत्यधिक सतर्कताएं भी ऐसा ही बोध करा रही हैं. क्या गारण्टी है कि इससे उबर जाने के बाद इंसान फिर सारी सम्पत्ति अपनी मुट्ठी में करने के लिए लालायित नहीं हो जाएगा?

अन्यथा, सोचिए कि अगर दिनचर्या न्यूनतम आवश्यकताओं की पूर्ति तक टिकी रही तो इस पूरी नव-उदारवादी व्यवस्था का, तमाम चकाचौंध और असीमित बाजार का, कॉरपोरेट दुनिया, हथियारों के विशाल बाज़ार और महाशक्तियों का क्या होगा? चंद कारखानों के बंद हो जाने से जन्मी बेरोजगारी युवाओं को त्रस्त किए हुए हैं. सारी अर्थव्यवस्थाएं इस कोशिश में हैं कि जनता अधिक से अधिक खरीदारी और उपभोग करे. हमारा कोरोना-वैराग्य जारी रहा तो दुनिया में दूसरी ही आफत आ जाएगी. हमारे कूड़ेदान रोज ठसाठस नहीं भरे तो दुनिया उलट-पुलट हो जाएगी. इसलिए, अगर आप नीले आसमान से और चिड़ियों की चहचहाहट से, साफ हवा से और शहरों की शांति से खु़श हो रहे हैं तो भूल जाइए. लौटना वहीं है, उसी दुनिया में. हमारी नियति कोई और ही लोग तय करते हैं.

और, क्षमा चाहूंगा, यह सारा चिंतन एक सुरक्षित छत के नीचे बैठे भरे पेट का है. उनका कैसा वैराग्य,  जिनके चूल्हे नहीं जल पा रहे. जिनके पीछे कोरोना है और सामने भूख?

(सिटी तमाशा, नभाटा, 28 मार्च, 2020)     
 
    

 

   

Friday, March 13, 2020

एक वायरस से भयभीत विश्व की कैसी नियति?

क्या यह बहुत आश्चर्यजनक नहीं लगता कि चमत्कार तक सम्भव कर देने वाले इस वैज्ञानिक युग में हम एक वायरस से इस कदर भयभीत हो रहे हैं? यह कोई नया वायरस नहीं है जिसने अचानक इस दुनिया पर हमला कर दिया हो. मानव जीवन से भी पुराने करोड़ों-अरबों जीवाणुओं और वायरसों की इस सृष्टि में किसी एक वायरस ने ही रूप बदल कर अपने को इतना खतरनाक बना लिया है कि उसके सामने आदमी की समस्त वैज्ञानिक प्रगति पानी भरने लगी है.

कोरोना की सही-सही पहचान और बचाव का टीका खोजने में वक्त लगेगा. अरबों-खरबों डॉलर के व्यवसाय वाले दवा उद्योग के लिए यह अपार मुनाफे की नई सम्भावना बनेगा, जैसा कि हमेशा से होता आया है. जो नई दवाएं आएंगी वह प्रकृति का संतुलन और बिगाड़ेंगी. जीवाणुओं और वायरसों को मारने-दबाने की दवाएं खोजते-बनाते और उनका अंधाधुंध उपयोग करते हुए ही हम आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं कि ज़्यादातर एंटीबायोटिक और वैक्सीन अपना असर खो रहे हैं. जीवाणु उनसे बचने का रास्ता खोज चुके हैं और वायरस बार-बार रूप बदल कर सामने आ रहे हैं.

विकास के आधुनिक स्वरूप में मनुष्य ने इस सृष्टि को सिर्फ अपनी बपौती माना है और बेशुमार जीवाणुओं, परजीवियों और वायरसों को शत्रु मानकर उनका संहार करना जारी रखा है, जो कि इस सम्पूर्ण प्रकृति के अस्तित्त्व का अनिवार्य अंग रहे हैं और कई रूपों में मानव के सहायक भी हैं. जैसे-जैसे मानव प्रकृति से अपना तादात्म्य खत्म करता गया, वैसे-वैसे उसकी प्रतिरोधक क्षमता खत्म होती गई और वह नए-नए रोगों से ग्रसित होता गया. ‘विकास’ के हमारे ढांचे ने और ‘विकसित’ जीवन पद्धति ने प्रकृति के सूक्ष्म संसार को नष्ट क़िया है. उसी का नतीजा हम भुगत रहे हैं.

अत्यधिक स्वच्छता का व्यापारिक आग्रह किस तरह मनुष्य के शरीर और आस-पास व्याप्त हितकारी जीवाणुओं को नष्ट करता आया है उसका सबसे बड़ा उदाहरण गंगा-यमुना का पानी है. यह विज्ञान-सिद्ध तथ्य है कि इन नदियों का पानी कभी हैजे के जीवाणुओं तक को निष्प्रभावी करने की क्षमता रखता था. आज वह यह गुण खो चुका है क्योंकि हमने उसमें बेहिसाब मैला और जीवाणु नाशक घोल दिए हैं.
(
आज कोरोना वायरस से पूरा विश्व त्रस्त है तो उसमें हमारी ही हाथ है. कई देशों ने अपने को बाहरी दुनिया के लिए ‘बंद’ कर दिया है. कुछ अपने में ही कैद हो गए हैं. ज़्यादातर कार्य-व्यापार बंद हो रहे हैं. आर्थिक मंदी से परेशान कई देश अब कोरोना-जनित मंदी झेलने को अभिशप्त हैं. बचाव का एक ही तरीका बताया जा रहा है कि अधिक से अधिक समय घर के भीतर रहिए, भीड़-भाड़ से बचिए, हाथ से मुंह मत छुएं और घड़ी-घड़ी हाथ धोएं.

जैसा बताया जा रहा है, वैसी सावधानियां बरतिए लेकिन यह भी गौर कीजिए कि सैनीटाइजर और कीटनाशक साबुनों के अत्यधिक प्रयोग से हम अपनी त्वचा के रक्षक जीवाणुओं को भी नष्ट कर रहे हैं और उसे नदियों तक पहुंचा कर पानी का प्राकृतिक गुण भी मार रहे हैं. बेहिसाब मुनाफा कमाती दवा, सौंदर्य-प्रसाधन और साबुन-सैनीटाइजर कम्पनियों के चकाचौंधी एवं डरावने प्रचार के हम गुलाम बने हुए हैं. 

कोरोना से यह दुनिया नष्ट नहीं होने वाली. मनुष्य इससे बचने की राह भी खोज लेगा या वायरस ही अपना नया रूप धरकर कुछ समय के लिए शांत हो जाएगा. जीवन की यह जो रीत हमें सिखा दे गई है और जिससे छुटकारा दिखता नहीं, उसमें तय है कि कोरोना जैसा कुछ न कुछ हमें सताने आता रहेगा. प्रकृति की ओर नहीं लौटेंगे तो और भी डरावने हालात झेलने होंगे.  

(सिटी तमाशा, 14 मार्च, 2020)