Showing posts with label बारिश. Show all posts
Showing posts with label बारिश. Show all posts

Friday, September 27, 2019

शरद ऋतु का यह झमाझम वर्षा-राग




ऋतु-चक्र के हिसाब से शरद ऋतु का आगमन हो चुका है लेकिन आसमान ऐसे बरस रहा है जैसे वर्षा ऋतु से मनमौजी होली खेलने को वह अचानक आतुर हुआ हो. सावन-भादौ में ऐसी झड़ी नहीं लगी जैसी पिछले छत्तीस घण्टे (इन पंक्तियों को लिखे जाते समय तक) से निरंतर लगी हुई है. जब बरसना था तब बादलों को जाने क्यों संकोच हुआ. रह-रह कर बूंदें गिराकर भूल जाते रहे. अब लगता है कि बरसना शुरू करके बंद होना भूल गए हैं.

आकाश में उमड़-घुमड़ नहीं है. बादलों के बीच गर्जन-तर्जन और कड़कती बिजली की चमकी नहीं है. बादलों के यूथ भांति-भांति के रंगों में इधर से उधर नहीं उड़ रहे. बराबर सघन और समान रूप से भूरे बादलों की एक मोटी परत आसमान में जमी हुई दिखती है. जैसे एक इकरंगी विशाल सिल्ली कहीं से आकर ऊपर टिक गई हो. बादलों की वह मोटी सिल्ली पिघल रही है. पिघलते-पिघलते और सघन होती जा रही है. इस बारिश में इसीलिए एक लय है.

लखनऊ का आसमान आम तौर पर सितम्बर में ही टूटता रहा है. अब तक यहां जितना बाढ़ें आई, इसी मास आईं. इस बार सितम्बर को भी जैसे देर से ही लगा कि अवध की धरती को तर-बतर करना था. मूसलधार नहीं है लेकिन खूब मज़े की झड़ी है. धरती की छाती खुली होती तो भीतरी परतों तक पानी समाने के लिए ऐसी वर्षा उत्तम होती है. मूसलधार तो टिकती-रिसती नहीं, सब कुछ बहा ले जाती है. मगर कंक्रीट के शहर में यह पानी धरती के भीतर जाए कैसे. सो, निचले इलाकों में पानी ही पानी दिख रहा. अखबार लिख रहे हैं कि ‘शहर पानी-पानी’ हो गया. हमें लगता है कि 'पानी-पानी' तो विकास का यह पैमाना हुआ है जो इतनी शालीन बारिश को भी सम्भाल नहीं पा रहा. बरसे तो आफत, न बरसे तो हा-हाकर.

शहर वाले जल-भराव से परेशान हैं तो गांवों में किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं. खेतों में लगभग तैयार धान बारिश के बोझ से जमीन में बिछा जा रहा है. यह बालियों के भीतर दूधिया दानों के पकने और मजबूत होने का समय है. उसे धूप चाहिए थी लेकिन बादलों ने डटे रहने की कसम-सी खा रखी है. सरकार की नीतियों से परेशान किसान को मौसमों के बिगड़े तेवर भी हैरान किए रहते हैं.

शरद की वर्षा ठण्ड लाती है. दिन का तापमान एकाएक सात-आठ डिग्री कम हो गया है. इस समय भीगना आनंद नहीं, खतरा है. खतरे और भी हैं. बादलों की घनी परत के हटते ही क्वार की तीखी धूप चटखेगी तो जीवाणु-विषाणु सक्रिय हो उठेंगे. डेंगू जैसे रोगों के साथ वायरस जनित बीमारियां तेजी से फैलेंगी. क्या विडम्बना है कि मौसम अब अपनी रंगतों, स्वादों, पर्व-त्योहारों, पकवानों-पहनावों आदि से नहीं, बीमारियों के नाम से पहचाने जाने लगे हैं. बरसात में डेंगू-चिकुनगुनिया, जाड़ों में स्वाइन फ्लू, गर्मियों में वायरल बुखार आतंक मचाने लगे हैं.

बरसात की इस झड़ी के कई चेहरे हैं. एक शहरी समाज समस्याओं के बावजूद आनंद मना रहा है. कई चिह्नित ठिकानों में युवाओं की मस्त टोलियां बाहर-भीतर से भीग रही हैं. घरों की रसोई से लेकर ढाबों तक कढ़ाहियों में पकौड़ियां तली जा रही हैं. उधर, टपकती झुग्गियों में गृहस्थी बचाने की कवायद है. पेड़ों पर लटकते बोरों में बंधी दिहाड़ी मजदूरों की गृहस्थी उदास है. दिहाड़ी बंद है और चूल्हा गीला. शहर में कितनों ही की रोजी-रोटी पर संकट बन कर आई है यह झड़ी.

यह 'आवारा बादलों' का शायराना किस्सा नहीं है कि वाह-वाह ही की जाए. शिकायत करिएगा भी तो किससे! 


(सिटी तमाशा, 28 सितम्बर, 2019)

Friday, August 03, 2018

हथिया बरसी तौ का होई, कक्का?



पिछला पूरा सप्ताह बारिश के नाम रहा. सतझड़ी. ऐसा कई साल बाद हो रहा है कि हफ्ते भर से ज्यादा हो गया, बादल छाये हैं और जब-तब बरस रहे हैं. कभी फुहारें, कभी तेज धार. राजधानी और आस-पास बाढ़ जैसी आ गयी है. सड़कें, गलियां पानी में डूबी हैं, धंस रही हैं. घरों में पानी घुस रहा है. नगर निगम और प्रशासन हलकान है. हालात काबू से बाहर वैसे ही रहते हैं, अब सब निरुपाय हैं. मीडिया कह रहा है कि बारिश ने सरकार एवं शहर प्रशासन के दावों तथा तैयारियों की पोल खोल दी है. ढोल में पोल ही होता है. तभी वह बजता है.

यह अति-वृष्टि नहीं है. मौसम विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि सामान्य बारिश है. औसत से थोड़ा ज्यादा. बस, सावन जैसा सावन आया है. अब यह सावन का दोष नहीं है कि हमने उसके स्वागत के लिए भी गुंजाइश नहीं छोड़ी. सामान्य वर्षा भी हमारे शहर बर्दाश्त नहीं कर पाते. हमने शहरों को न वैसा बनाया, न इस लायक रहने दिया. शहर असामान्य हैं. सामान्य मौसम को कैसे सहें?

सावन-भादौ में हफ्ते-दस दिन लगातार बारिश सामान्य ही बात होती थी. खेती-किसानी से लेकर दूसरे कई काम न हो पाते तो सयाने आसमान की ओर देख कर कहते थे- क्या मंशा है, नहीं करने देता कुछ काम? वह न सुनता तो बड़बड़ाते और गांवों-खेतों की नालियों, गूलों, नहरों की देखभाल को निकल जाते कि पानी अटके नहीं. एक-दूसरे को सावधान करते- अरे, कक्का, हथिया बरस रहा है. कहावत रही कि हथिया नक्षत्र में हाथी की सूंड़ बराबर मोटी धार बरसती है.!

सोचता हूँ, यहां सचमुच हथिया बरस गया तो क्या होगा? जल-थल-प्रलय? सिंधु घाटी सभ्यता की खुदाई में बेहतरीन ढाल वाली नालियां अब तक मिलती हैं. बेहतरीन नगर नियोजन का प्रमाण.आज की असभ्यता का इतिहास कभी लिखा जाएगा तो नदी-नालों-नालियों में निर्माण और तालाबों में बहुमंजिली इमारतों का लेखा-जोखा हमारे नगर नियोजन की मूर्खताओं से हतप्रभ करेगा. भावी अध्ययेता कैसे कह सकेंगे कि हम विकसित समाज थे? किताबों में वैज्ञानिक विकास के प्रमाण होंगे लेकिन जीवन-पद्धति घनघोर अवैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत करेगी.

धरती की अपनी बनावट होती है. पानी ढाल की तरफ बहता है. नदियों-तालाबों में वह ठौर पाता है. धरती वर्षा को यथा सम्भव रोकती, सोखती और फिर आगे बढ़ाती है. हमने धरती ही बिगाड़ दी. नदियां उजाड़ दीं. उनके जल-ग्रहण क्षेत्र में कब्जे कर कर लिये. तालाब पाट कर इमारतें बना दीं. मिट्टी को कंक्रीट और कोलतार की अनगिन परतों में बदल दिया. बारिश कहां ठौर पाये? वह उपद्रव न मचाये तो कहां जाए? बारिश का स्वागत करने लायक इस धरती को हमने छोड़ा ही नहीं. जो वर्षा उत्सव होनी थी, वह बड़ा संकट है.  

देख ही रहे होंगे कि बहने की कोशिश करते ठहरे पानी में हमारी सभ्यता का कैसा चेहरा प्रकट हो रहा है. वहां क्या-क्या उतराता दिखता है? क्या उसमें हम अपना चेहरा देख पाते हैं? जब बड़ी-बड़ी कॉलोनियों में पानी भरा है,घरों से बाहर निकला मुश्किल है, तब भी क्या हम सोच पा रहे हैं कि हमारी ‘विकास-यात्रा’ किस तरफ जा रही है? दस साल पहले ऐसा हाल नहीं था तो आज क्यों हुआ और दस साल बाद क्या होगा?

क्या कहीं कोई चिंता है कि इस विनाश-यात्रा को अब भी पलटने की कोशिश शुरू की जानी चाहिए? ‘स्मार्ट सिटी’ की बजाय ‘नेचर सिटी’ की तरफ एक कदम?  


('सिटी तमाशा', नभाटा, 04 अगस्त, 2018)