Showing posts with label भारत निर्वाचन आयोग. Show all posts
Showing posts with label भारत निर्वाचन आयोग. Show all posts

Tuesday, October 06, 2026

नागरिकों को मताधिकार वंचित करने पर सजा क्यों न हो?

बंगाल, बिहार समेत उन सभी राज्यों में , जहां विधान सभा चुनाव हो चुके हैं या एसआईआर पूरा हो चुका है, अब 'छूटे हुए' मतदाताओं के नाम जोड़ने की कवायद चुनाव आयोग ने शुरू कराई है। ये 'छूटे हुए' नहीं, 'छोड़े गए' मतदाता हैं। अकेले बंगाल में 27 लाख मतदाता बाहर कर दिए गए। वे न विधान सभा चुनाव में वॉत डाल पाए, न चंद दिन पहले हुए उपचुनाव में। जब पोल खुलनी शुरू हुई तब राज्यों के बीएलओ से कहा जा रहा है कि छूटे हुए मतदाताओं का घर-घर जाकर पता लगाइए। फॉर्म 6 में किया गया बदलाव भी वापस ले लिया गया है, सिर्फ उन्हीं राज्यों में जहां एसआईआर पूरा हो गया है। यह सब पहले क्यों नहीं हो सकता था। 

करीब 13 करोड़ मतदाता एसआईआर के नाम पर सूची से हटा दिए गए। इनमें बहुत से मृत्यु अथवा अन्य कारणों से मतदाता नहीं रह गए थे लेकिन करोड़ों ऐसे हैं जो मतदाता हैं लेकिन आयोग की कड़ी शर्तों या नाम-पते में मामूली विसगतियों के कारण बाहर कर दिए गए। इतने बड़े पैमाने पर मताधिकार छीने जाने के 'अपराध' की सजा क्यों नहीं होनी चाहिए? 

चुनाव और नागरिकों का मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। इस बुनियाद को खोखला करने की कुछ सुनियोजित साजिशों का पर्दाफाश होना शुरू हुआ है। चुनाव आयोग की भूमिका गम्भीर रूप से संदिग्ध पाई जा रही है। 

इन तथ्यों पर गौर करिए-

1. मतदाता बनाना और एक भी वयस्क नागरिक मतदान से वंचित न होने पाए, अब तक यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी रही है।  एसआईआर के बहाने इस चुनाव आयोग ने पहली बार यह दायित्व जनता पर डाल दिया कि वे साबित करें कि वे वैध मतदाता, और इस प्रकार भारतीय नागरिक, हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस बारे में बहुत सी आपत्तियों को खारिज कर दिया। 

2.  नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म- 6 भरना होता है। इस चुनाव आयोग ने एसआईआर के बहाने फॉर्म-6 में एक नया  परिवर्तन कर दिया- मतदाता बनने के लिए यह बताना जरूरी है कि आपके माता-पिता पहले मतदाता सूची में थे या नहीं। 

3. यह नियम विरुद्ध है और सरकार ने नियम बदला नहीं है। दो चुनाव आयुक्तों ने इस पर आपत्ति की लेकिन उनकी आपत्ति दरकिनार कर दी गई। यानी यह फैसला सर्वसम्मति या बहुमत से नहीं हुआ, जो कि नियमानुसार होना ही चाहिए था। 

4. चुनाव आयोग ने पिछले दिनों कहा कि फॉर्म-6 में बदलाव को सुप्रीम कोर्ट ने उचित बताया। अब सुप्रीम कोर्ट कह रहा है कि उसने ऐसा कभी नहीं कहा। अब वह आयोग के कागजात देखेगा कि क्या नियम का उल्लंघन हुआ है। 

5. जिन राज्यों में एसआईआर हो चुका है या जहां इन दिनों चल रहा है, वहां बहुत बड़ी संख्या में भाजपा के बूथ एजेण्ट फॉर्म- 7 भरकर जमा कर रहे हैं। फॉर्म-7 सूची से नाम काटने के लिए होता है। यह तब भरा जाता है जब किसी की मृत्यु हो जाए या किसी का नाम दो बार सूची में हो। भाजपा के लोग ढेरों-ढेर फॉर्म-7 भरकर उन मतदाताओं के नाम कटवा रहे हैं, जो प्रकटत: भाजपा विरोधी हैं, जैसे मुसलमान।

6. दो दिन पहले कर्नाटक के बलारी विधान सभा क्षेत्र  में भाजपा का एक बूथ एजेण्ट 7500 मतदाताओं के नाम काटने के लिए ढेर सारे फॉर्म-7 भरकर बीएलओ के पास जमा करने आया। उसने कहा कि ये मतदाता मौजूद नहीं हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। बीएलओ ने नियम विरुद्ध बताकर फॉर्म नहीं लिए। भाजपा के इस कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट लिखी गई है और जांच हो रही है। THE HINDU अखबार ने 05 अक्टूबर 2026 को विस्तार से यह रिपोर्ट छापी है। 

7. कर्नाटक के ही बीजापुर में 1046 मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने के लिए फॉर्म -7 भरकर जमा किए गए। कई फॉर्म-7 में प्रमाण के तौर पर इन मतदाताओं के मृत्यु प्रमाण पत्र नत्थी किए गए थे, जबकि वे मतदाता मौजूद हैं। जांच में पाया गया कि मृत्यु प्रमाण पत्र फर्जी थे। ( देखें THE HINDU अखबार की रिपोर्ट, दि. 05 अक्टूबर 2026)  

8. पिछले दिनों झारखण्ड में भी ऐसे कई मामले पकड़े गए थे। भाजपा के बूथ एजेंट सैकड़ों की संख्या में फॉर्म-7 भरकर बीएलओ के पास जमा करने आए। एक मामले में तो खुद बीएलओ और उसके परिवार के नाम काटने का फॉर्म उनके सामने आया। राज्य में चूंकि भाजपा की सरकार नहीं है, इसलिए बीएलओ ने फॉर्म नहीं लिए और शिकायत की। पाया गया कि जिनके नाम काटने के लिए फॉर्म भरा जा रहा है, वे वैध मतदाता हैं और उसी ठिकाने में रह रहे हैं। इनमें ज़्यादातर मुस्लिम मतदाता हैं। 

9. ऐसा ही खेल बंगाल और बिहार में भी किया गया, हालांकि तब तक यह साजिश पूरी तरह सामने नहीं आई थी। बिहार में विपक्षी दलों ने बहुत आपत्तियां कीं लेकिन वहां भाजपा की सरकार होने से मामला दबा ही रहा। जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां किसी ने चूं नहीं की या उसकी सुनी नहीं गई। 

10. बंगाल में मतदाताओं के नाम काटे जाने की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने जो ट्रिब्युनल बनाए हैं, उनके पास 22 लाख 21 हजार अपीलें उन मतदाताओं ने की हैं, जिनके नाम इसी तरह काट दिए गए। इतने मतदाताओं के नाम काटने के लिए भी ऐसा ही खेल हुआ। तब ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं और खुद काला कोट पहनकर सुप्रीम कोर्ट में खड़ी हुई थीं। कुछ नहीं हुआ। योगेंद्र यादव उन कई मतदाताओं  को साक्षात लेकर सुप्रीम कोर्ट में हाजिर हुए, जिनके नाम काट दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने आयोग को एसआईआर चलाने रहने की झण्डी दे दी थी। 

11. गोवा के बीएलओ ने जांच के बाद पाया कि कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गलत काटे गए। राज्य के मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने ये नाम सूची में वापस जोड़ने चाहे लेकिन आयोग के सॉफ्टवेयर को वे एक्सेस नहीं कर पाए। तब एक और चाल खुली। मतदाताओं के नाम जोड़ने या काटने का भी काम सीधे दिल्ली में आयोग के दफ्तर से हो रहा था, जबकि इसका अधिकार राज्यों के ईआरओ को ही है। 

12. साबित हो गया कि चुनाव आयोग  सॉफ्टवेयर को जानबूझकर छेड़ा गया। इसकी एक्सेस सिर्फ दिल्ली दफ्तर तक सीमित कर दी गई। दोनों चुनाव आयुक्तों ने इस पर भी आपत्ति की थी। यानी यह फैसला भी मुख्य चुनाव आयुक्त ने अल्पमत के आधार पर किया। इसलिए यह अवैध निर्णय है। 

13. बंगाल बने ट्रिब्युनल में तैनात एक दर्ज़न पूर्व न्यायाधीशों ने भी अब शिकायत की है कि चुनाव आयोग ने सुनवाई के लिए जो डिजिटल पोर्टल बनाया है,  उसकी पहुंच सीमित कर दी गई है। वे इस पोर्टल के जरिए पक्षकारों को नोटिस नहीं भेज पा रहे हैं। मतदाताओं के दस्तावेज भी अपलोड नहीं कर पा रहे, न ही ऑनलाइन सुनवाई कर पा रहे। यह खबर Indian Express अखबार ने आज (06 अक्टूबर 2026) पहले पेज पर विस्तार से प्रकाशित की है। 

14. अब तेलंगाना से भी खबरें आ रही हैं कि भजपा के बूथ एजेंट बड़ी संख्या में फॉर्म 7 भरकर चुने हुए मतदाताओं के नाम काटवाने की कोशिश में लगे हैं। वहां भी उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज़ की गई है। इस राज्य में भी भाजपा की सरकार नहीं है।   

15. गोवा में एक मतदाता, जिसका नाम गलत ढंग से काट दिया गया है, हाई कोर्ट पहुंचा गया है कि चुनाव आयोग उससे झूठ बोलने और गलत काम करने को कह रहा है। हुआ यह कि पोल खुलने के बाद चुनाव आयोग ने उससे कहा कि फिर से मतदाता बनने के लिए फॉर्म 6 भरकर दे दो। फॉर्म 6 सिर्फ नए मतदाताओं के लिए होता है। उसमें लिखना होगा कि वह पहले कभी मतदाता नहीं था या किसी सूची में उसका नाम नहीं है। उसने कोर्ट से कहा है कि मैं यह झूठ नहीं लिखना चाहता जबकि मैं काफी पहले से मतदाता रहा हूं। हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग को नोटिस जारी की है। ऐसे कई मतदाता होंगे। सब तो अदालत नहीं जा सकते।  

16. देश भर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम एसआईआर के जरिए काट दिए गए। नाम के हिज्जे में फर्क होने, माता-पिता के नाम में कोई त्रुटि पाए जाने, उनकी उम्र में 15 साल से कम का अंतर होने, मकान नम्बर गलत छपा होने जैसी मामूली बातों पर भी नाम काट दिए गए। यह कोई नई बात नहीं है कि देश की मतदाता सूची में ऐसी त्रुटियां पहले से आम रही हैं। इन आधारों पर पहले कभी किसी को वोट देने से नहीं रोका गया। 

स्पष्ट है ये चुनाव जीतने की भाजपा की कई तिकड़मों का एक हिस्सा है। मतदाता सूची में मनमाना हेरफेर कराने की उसकी साजिशों का पर्दाफाश हो रहा है। वर्तमान चुनाव आयोग, मुख्यत: मुख्य चुनाव आयुक्त, इसमें उसकी मदद कर रहा है और सुप्रीम कोर्ट उसकी स्वायत्तता का तर्क देकर अब तक उसे खुला हाथ देता आया है। 

अब चीजें खुल रही हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट में नए सिरे से पहुंचा है। कुछ मामले विभिन्न हाई कोर्टों तक आए हैं। कई पूर्व चुनाव आयुक्त इन तिकड़मों को अवैध बता चुके हैं। अब सुप्रीम कोर्ट के एक वर्तमान न्यायाधीश ने भी मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के प्रयासों की निंदा की है। दिली समेत कई राज्यों में आंदोलन शुरू हो गए हैं। 

तय है कि देश ने ऐसा लोकतंत्र-विरोधी काम नहीं देखा, इमरजेंसी में भी नहीं। देखना है कि मामला कहां तक पहुंचता है।    \

- न जो, 06 अक्टूबर 2026

 

Friday, January 07, 2022

महंगे चुनावों को सस्ता क्यों नहीं किया जाए?

चुनाव प्रचार के लिए खर्च की सीमा एक बार फिर बढ़ाई जा रही है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में अब लोक सभा चुनाव के प्रत्याशी 95 लाख रु खर्च कर सकते हैं। अब तक यह सीमा 70 लाख थी। छोटे राज्यों में यह सीमा 54 लाख से बढ़ाकर 75 लाख की जा रही है। विधान सभा चुनाव में इसे क्रमश: 28 लाख की बजाय 40 लाख और 20 लाख की बजाय 40 लाख किया जा रहा है। यह कागजी सीमा है। सभी जानते हैं कि प्रत्याशी इस सीमा से कई गुणा खर्च करते हैं।

चुनाव आयोग का तर्क है कि महंगाई बहुत बढ़ गई है। इसलिए चुनाव खर्च बढ़ाया जाना चाहिए। महामारी के पहले-दूसरे दौर में जो चुनाव हुए थे उनके लिए खर्च सीमा में 10 फीसदी की वृद्धि पहले ही कर दी गई थी- ‘ऑनलाइन प्रचार’ को बढ़ावा देने के लिए।  

महंगाई बढ़ने का तर्क देकर चुनाव प्रचार खर्च की सीमा बढ़ाते जाना कितना उचित है? क्या चुनाव खर्च की सीमा बढ़ाकर चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता जनता के उस वर्ग से छीनी नहीं जा रही है जो इतने बड़े  पैमाने पर खर्च करने की होड़ में शामिल नहीं हो सकते? गरीब जनता के सामान्य प्रतिनिधि कैसे चुनाव लड़ें? जो प्रत्याशी विज्ञापनों, सभाओं-रैलियों, पोस्टर-बैनरों-होर्डिंगों, समर्थकों के हुजूम, आदि पर बेहिसाब खर्च नहीं कर सकते, वे चुनाव मैदान में अपने होने को कैसे साबित करें?

क्या यह बात चुनाव आयोग से छिपी है कि अवैध रूप से शराब और नकदी बांट कर बाहुबली और धनबली प्रत्याशी चुनाव लड़ते और जीतते हैं? यह गुप-चुप खर्च होता है जो करोड़ों रु तक जाता है। प्रचार खर्च की सीमा बढ़ाना प्रकारांतर से उन्हीं की मदद करना नहीं है? क्या यह चुनावों पर बढ़ते धन के प्रभाव को और बढ़ाना नहीं है? क्या यह एक बड़ा कारण नहीं है कि बेहिसाब धन बहाकर चुनाव जीतने के लिए राजनैतिक दल और नेता अथाह पैसा कमाते हैं? क्या यह राजनैतिक भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करना नहीं है?

देश के विभिन्न भागों में सामाजैक-राजनितिक जन आंदोलनों से उभरे समर्पित और ईमानदार नेता समाज और राजनीति में बदलाव लाने के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं। कई चुनाव मैदान में उतरते भी हैं। उनके पास अपना प्रचार करने के लिए जन सहयोग से जुटाया गया बहुत थोड़ा धन होता है। इसी कारण वे धनबली प्रत्याशियों के सामने कहीं टिक नहीं पाते। उनके चुनाव लड़ने की सूचना तक क्षेत्र की जनता को पूरी तरह नहीं हो पाती। मीडिया भी उन्हीं की ओर ध्यान देता है जो भारी खर्च करके छाए रहते हैं। अगर लोकतंत्र में सबको चुनाव लड़ने का बराबर अधिकार है तो उन्हें प्रचार के स्तर पर भी समानता मिलनी चाहिए। क्या चुनाव खर्च की वर्तमान सीमा में समानता के इस अधिकार की रक्षा हो पा रही है?

जिस तरह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजी-रोटी, मकान जैसी आवश्यक सुविधाओं पर धनबलियों का कब्जा है, उसी तरह चुनाव लड़ना और जीतना भी धनबलियों का विशेषाधिकार बन गया है। एक जमाना था जब जन जनसेवक पैदल या साइकिल से प्रचार करके चुनाव जीत जाते थे। चंद पूर्व विधायक या सांसद अभी मिल जाते हैं जो बताते हैं कि उन्होंने सिर्फ दो-चार हजार रु में चुनाव लड़ा था। अब जनसेवक रहे नहीं और धनसेवक जनाधार के बिना भी धनाधार से चुनाव जीत जाते हैं या मुख्य मुकाबले में रहते हैं। नामांकन के समय दाखिल किए जाने वाले शपथपत्र गवाह हैं।

महंगाई बढ़ने का चुनाव आयोग का तर्क वास्तव में गरीबों पर लागू होना चाहिए, धनबलियों-बाहुलियों पर नहीं। बढ़ती महंगाई के कारण चुनाव लड़ना सस्ता किया जाना चाहिए यानी खर्च सीमा कम की जानी चाहिए।

(सिटी तमाशा, नभाटा, 08 जनवरी, 2022)          

Wednesday, April 10, 2019

चुनाव आयोग की साख दाँव पर



नरेंद्र मोदी पर बनी फिल्म की रिलीज चुनाव बाद तक टालने और ‘नमो’ टीवी पर रोक लगाने का चुनाव आयोग का ताज़ा फैसला स्वागत योग्य है लेकिन क्या इसमें उसने बहुत देर नहीं लगाई? एक बार तो लग रहा था कि यह फिल्म 11 अप्रैल को जारी हो जाएगी लेकिन अंतिम समय पर आयोग ने रोक लगा दी. यह अलग बात है कि इस बीच उसके ट्रेलर खूब जारी हुए. ‘

और क्या नमो’ टीवी पर रोक लगाने के निर्णय में भी विलम्ब नहीं हुआ? क्या चुनाव आयोग केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री के दवाब में है?  

इन मामलों पर गौर कीजिए और स्वयं अपनी राय बनाइए- 

एक-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लातूर में अपनी चुनाव सभा में बालाकोट हमले और पुलवामा के शहीदों के नाम पर वोट माँगे. उन्होंने पहली बार वोटर बने युवाओं से अपील की कि आपका पहला वोट बालाकोट पर हमला करने वाले बहादुर सैनिकों और पुलवामा के शहीदों को समर्पित हो सकता है क्या? विपक्ष ने शिकायत न की होती तो भी क्या आयोग को इसका संज्ञान नहीं लेना चाहिए था? अब जबकि महाराष्ट्र के निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट मिले भी एक दिन हो गया है, चुनाव आयोग इस पर कोई निर्णय क्यों नहीं ले पा रहा? वैसे भी, आसार यही हैं कि प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी कार्रवाई या टिप्पणी की सम्भावना नहीं के बराबर है. 

दो- पिछले छह महीने में आय कर विभाग ने विभिन्न राज्यों में कम से कम 15 बड़े विपक्षी नेताओं और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापे डाले हैं. इनमें कर्नाटक में पाँच, तमिलनाडु में तीन, आंध्र में दो, दिल्ली में दो, और मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और यूपी में एक-एक विरोधी नेता निशाने पर रहे. इसी दौरान उत्तराखण्ड के सिर्फ एक छोटे भाजपा नेता के यहाँ छापा पड़ा, उससे भी भाजपा ने अपना नाता तोड़ लिया. चुनाव आयोग के पूछने पर आय कर विभाग ने उसे बताया कि उसकी कार्रवाई पूरी तरह ‘निष्पक्ष’ और ‘तटस्थ’ है.

तीन- चुनाव आयोग ने जब केंद्रीय प्रत्यक्ष कर विभाग और राजस्व सचिव से बैठक में यह कहा कि चुनाव के दौरान काले धन की धर-पकड़ के लिए  छापे पूरी निष्पक्षता, तटस्थता और भेदभाव रहित होकर डाले जाने चाहिए तो राजस्व विभाग ने रूखा जवाब दिया कि हमें मालूम है कि ‘निष्पक्षता’ का क्या अर्थ होता है. यही नहीं, राजस्व विभाग ने चुनाव आयोग से कहा कि वह अपने अधिकारियों से कहे कि चुनाव में अवैध धन के प्रयोग पर नियंत्रण लगाएं और हमें भी सूचित करें. ‘इण्डियन एक्सप्रेस’ में बुधवार को छपी एक खबर के अनुसार चुनाव आयोग को राजस्व विभाग का यह जवाब और उसका टोन नागवार लगा. जवाब में उसने इतना ही कहा कि हमें सारे छापों की नहीं, बल्कि चुनाव सम्बंधी अनियमितताओं के बारे में बता दिया जाए.

चार- टीवी पर दिन-रात भाजपा और मोदी का प्रचार करते ‘नमो’ टीवी चैनल पर आयोग ने पहले चरण के मतदान की पूर्व संध्या पर रोक लगाई. पूछा ही जाना चाहिए कि यह फैसला लेने में आखिर इतनी देर क्यों लगी? पहले चरण का प्रचार थमने के बाद भी नमो चैनल पर भाजपा का प्रचार जारी था. यह भी नोट किया जाना चाहिए कि नमो टीवी आचार संहिता लागू होने के बाद लांच किया गया था. तब भी आयोग इतने दिन मौन रहा.

इस मामले में आयोग की भूमिका शुरू से वालों के घेरे में है. शिकायतें मिलने के बाद आयोग ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से जवाब माँगा था तो उसने कहा था कि यह डीटीएच ऑपरेटर्स द्वारा दी जा रही विज्ञापन प्लेटफॉर्म सेवा है. बस, आयोग चुप हो गया था, हालांकि टाटा स्काई ने बताया था कि नमो चैनल की सामग्री भाजपा कार्यालय से आती है. अब आयोग कह रहा है कि इस प्रसारण का खर्च भाजपा के खाते में जुड़ेगा. इससे  भाजपा को क्या फर्क पड़ने वाला है. उसके पास अकूत धन है और पार्टी के खर्च की कोई सीमा तय नहीं है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बड़े पुलिस अधिकारियों के तबादलों पर भी उसका रवैया विवादास्पद बना हुआ है.

ये मामले क्या कहते हैं?

टी एन शेषन के कार्यकाल से अब तक चुनाव आयोग की सख्ती और निष्पक्षता काबिले तारीफ रही है. उसने चुनावों की शुचिता और तटस्थता को बनाए रख कर विपक्ष और जनता का भरोसा जीता है. लेकिन इस बार सत्तारूढ़ दल के प्रति चुनाव आयोग की नरमी चर्चा में है.  कहा जा रहा है कि उसकी निगहबानी कमजोर पड़ गयी है, कि वह सरकारी दवाब में है, तो अकारण नहीं. कई पूर्व सैन्य अधिकारियों, अवकाश प्राप्त अफसरों और सिविल सोसायटी के जिम्मेदार लोगों ने भी आयोग को इस बारे में पत्र लिखे हैं. सवाल उठ रहे हैं कि क्या चुनाव आयोग मोदी के दवाब में है?

चुनाव आयोग पहले ही निर्देश दे चुका था कि चुनाव प्रचार में सेना का उल्लेख न किया जाए. उसके बावजूद स्वयं प्रधानमंत्री सेना और शहीदों के नाम पर वोट माँग रहे हैं. प्रधानमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसा आचरण क्या कहा जाएगा?

कुछ दिन पहले उपग्रह मार गिराने की क्षमता के सफल प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संदेश प्रसारित करना आयोग की नजर में चुनाव संहिता का उल्लंघन नहीं था. इस पर भी सवाल उठे.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के मामले का उदाहरण भी सामने है. योगी ने भारत की सेना को ‘मोदी की सेना’ कहा था. जिस पर विपक्ष ने ही नहीं, खुद पूर्व सैनिकों ने भी आपत्ति की थी. चुनाव आयोग ने निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट पाने के बाद योगी से जवाब माँगा. अपने जवाब में भी योगी ने यही कहा कि उन्होंने मोदी की सेना कह कर कुछ गलत नहीं किया, इसके बावजूद आयोग ने योगी को सिर्फ ’भविष्य में सतर्क रहने की सलाह’ देकर मामला खत्म कर दिया था.

अपनी सभी चुनाव सभाओं में प्रधानमंत्री सेना की बहादुरी का उल्लेख कर रहे हैं. ध्यान दीजिए कि ये प्रधानमंत्री की सामान्य जन सभाएं नहीं, भाजपा की चुनाव सभाएं हैं. यहाँ वे जो कहते हैं वह भाजपा के लिए  वोट माँगने के लिए कहते हैं.

लातूर में उन्होंने पहली बार के वोटरों से जो अपील की वह बहुत चालाकी भरी और आदर्श चुनाव संहिता को धता बताने वाली है. कहा जा सकता है कि उन्होंने बहदुर सैनिकों और शहीदों के नाम पर भाजपा को वोट देने की अपील नहीं की.  उन्होंने तो पहला वोट बहादुर सैनिकों और शहीदों को समर्पित करने की बात कही. बहुत सम्भव है कि आयोग को यही सफाई दी जाए और वह मान ले.

अगर ऐसा होता है तो अह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण होगा और चुनाव आयोग की रही-सही साख भी जाती रहेगी. प्रधानमंत्री पद की साख तो स्वयं मोदी ने अपनी वाणी से गँवा रखी है.  
http://samachar.org.in/election-commission-credibility-at-stake/