Showing posts with label Government schools. Show all posts
Showing posts with label Government schools. Show all posts

Sunday, August 23, 2026

स्कूलों की दशा छुपाने से नहीं सुधरेगी

सरकारी स्कूलों की दशा छुपाने से नहीं सुधरेगी। सरकार को चाहिए कि वह सबको बुलाए, कहे कि देखिए, हम ऐसे चला रहे हैं स्कूलों को। कोई कमी दिखे, कुछ सुझाव हों तो सहर्ष दीजिए। हम उन्हें लागू करेंगे।

लेकिन सरकार क्या कर रही है? उसने स्कूलों में बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी है। खबरदार, कोई पत्रकार, कोई विपक्षी स्कूलों में कुछ देखने न पाए।

इसका सीधा अर्थ ही यह है कि स्कूलों में भारी गड़बड़ है और सरकार उसे ठीक करने की बजाय छुपाना चाहती है। 

बड़ी खामियां न होतीं तो प्रदेश भर में (और कई अन्य राज्यों में भी) बच्चे आंदोलन करने पर क्यों आमादा होते? पिछले चंद दिनों में लखनऊ, कन्नौज, फतेहपुर, महोबा, उन्नाव, आजमगढ़, हमीरपुर समेत कई स्कूलों के बच्चों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किए, अधिकारियों का घेराव किया, गुस्से में नारे लगाए। 

क्या मांग रहे हैं बच्चे? पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक हों, पीने का पानी मिल जाए, शौचालय हो और लड़कियों के लिए तो अवश्य हो, मध्याह्न भोजन मानक के अनुसार मिले, स्कूल भवन इतना जर्जर न हो कि छत ही सिर पर गिर पड़े, स्कूल जाने का रास्ता ठीक-ठाक हो और पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था हो। 

क्या सरकार सच में कह सकती है कि हमारे स्कूलों में यह सब है?  

स्कूलों की यह दुर्दशा नई नहीं है। अक्सर खबरें आती रही हैं कि स्कूल की इमारत ढह गई, स्कूल के कमरों में भैंसों का तबेला है, मास्टर नहीं हैं, रास्ते में कीचड़-कीचड़ है, मध्याह्न भोजन में कीड़े हैं और दाल में ढेर पानी है, लड़कियां शौचालय न होने से स्कूल छोड़ रही हैं, वगैरह। 

इन खबरों का संज्ञान लेकर स्कूल सुधारे गए होते तो बच्चे क्यों विरोध प्रदर्शन करते? बच्चे पहले भी चुपचाप शिकायत करते थे। कुछ शिक्षक भी बदहाली गिना देते थे। पहले वे अपना अधिकार मांगने से डरते थे। जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने डर खत्म कर दिया है। अब प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के बच्चे भी सड़क पर आ रहे हैं। 

क्राक्रोच जनता पार्टी और कुछ यूट्यूब वाले भी स्कूलों की बदहाली देखने निकल पड़े हैं। वे स्कूलों में जाकर उनकी खस्ताहाली सामने लाना चाहते हैं। सरकार पोल खुलने से डर गई है। वह मामला छुपाए रखना चाहती है। ठीक करना चाहती तो उन्हें क्यों रोकती?

वैसे भी, सरकारों ने (इसमें पिछली सरकारें भी शामिल हैं) सरकारी स्कूलों को दीन-हीन बच्चों के लिए बेसहारा छोड़ रखा है। जिनके पास थोड़ा भी पैसा है, उनके लिए शिक्षा की दुकानों के रूप में निजी स्कूल खूब खोल दिए हैं। लोग जमीन बेचकर, कर्ज़ा लेकर भी बच्चों को शिक्षा खरीदने के लिए भेजने को मजबूर हैं। वही आगे बढ़ने का रास्ता दिखाई देता है। 

किंतु, जो बहुत गरीब हैं, महंगी शिक्षा नहीं खरीद सकते, वे सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को भेजते हैं। ऐसे लोगों की अभी बहुत बड़ी संख्या है। 

ये गरीब सरकारों की चिंता में शामिल नहीं हैं। इसीलिए सरकारी स्कूल सबसे उपेक्षित हैं। वैसे भी उन्हें धीरे-धीरे बंद किया जा रहा है। बहाना यह है कि सरकारी स्कूलों में बच्चे कम होते जा रहे हैं। अरे, स्कूल और पढ़ाई बदहाल बना दी है आपने। इसलिए बच्चे कम होते जा रहे हैं। 

स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती नहीं की जा रही । जो शिक्षक हैं भी, उन्हें पढ़ाने के अलावा बहुत सारे दूसरे कामों में लगा दिया जाता है। मतदाता सूची, मतदान, जनगणना, तरह-तरह के सत्यापन, जाने क्या-क्या काम उनसे लिए जाते हैं।

यह सरकार वैसे भी जनता को शिक्षित नहीं बनाना चाहती। इसका जोर धर्मांधता पर अधिक है। शिक्षित जनता सवाल करती है, अपने अधिकारों की बात करती है और सरकार यही नहीं होने देना चाहती। 

बहरहाल, सरकारी स्कूलों को वास्तव में दुरस्त करने की नीयत हो तो उन्हें पर्याप्त बजट, शिक्षक, संसाधन और सुविधाएं देनी चाहिए। फिर, नेताओं और आला अफसरों के बच्चों के सबसे पहले इन स्कूलों में भर्ती किया जाना चाहिए। जिस दिन प्रभुत्व वर्ग के बच्चे इन स्कूलों में पढ़ने जाने लगेंगे, उसी दिन पूरी शिक्षा व्यवस्था का कायाकल्प हो जाएगा। 

सरकार ऐसा नहीं करेगी क्योंकि इससे शिक्षा की बड़ी-बड़ी दुकानें बंद हो जाएंगी। वह ऐसा कभी नहीं चाहती। 

सरकार 'बाहरी' लोगों को सरकारी स्कूलों में जाने से रोक लेगी। उसके पास ताकत है लेकिन बच्चों को आंदोलन करने से वह कैसे रोक पाएगी?  

ध्यान रहे, एक दिन ये बच्चे यह सवाल भी जरूर पूछेंगे कि किसी मंत्री-एमपी-एमएलए और सचिव-डीएम के बच्चे हमारे साथ पढ़ने क्यों नहीं आते। 

-न जो, 24 अगस्त 2026, लखनऊ  

  

Friday, May 25, 2018

सरकारी स्कूलों का इंग्लिश मीडियम होना



बेसिक शिक्षा विभाग बहुत खुश है कि कई प्राथमिक पाठशालाओं में अंग्रेजी में पढ़ाई शुरू करने के बाद उनकी हालत सुधरने लगी है. खस्ताहाल कहे जाने वाले सरकारी स्कूलों के ‘इंग्लिश मीडियम’ होते ही उनमें ज्यादा बच्चे भर्ती हो रहे हैं. दावा तो यहां तक है कि निजी ‘इंगलिश मीडियम’ स्कूलों से नाम कटा कर मां-बाप, सॉरी पेरेण्ट्स, बच्चों को सरकारी ‘इंग्लिश मीडियम’ स्कूलों में भर्ती कर रहे हैं. ऐसे स्कूलों के प्रिंसिपल पूरी बत्तीसी दिखा कर उल्लास से बताते हैं कि बच्चे अब ‘सिट डाउन, स्टैण्ड-अप’ और ‘कम इन’ समझने-बोलने लगे हैं. जब किसी को प्यास लगती है तो वह बोलता/बोलती है- ‘मे आई गो टु ड्रिंक वॉटर’. यही नहीं वहां ‘पेरेण्ट-टीचर मीटिंग’ भी होने लगी है  और अब ‘प्रार्थना’ नहीं ‘प्रेयर’ होती है.

स्वतंत्रता के 70 साल बाद सरकारी प्राथमिक पाठशालाओं को ‘सुधारने’ का तरीका उन्हें ‘इंगलिश मीडियम’ बना देना ही समझ में आया है तो हमारी शिक्षा-व्यवस्था ही नहीं, सरकारों और समाज के मानसिक दीवालियेपन का इससे अच्छा उदाहरण और क्या हो सकता है. किसी ने यह नहीं सोचा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर क्या है, अध्यापक कैसे हैं, पूरे अध्यापक तैनात हैं या नहीं, वे अध्यापक होने लायक हैं भी, बच्चे वहां सीखते क्या हैं और गरीब से गरीब मां-बाप भी अपने बच्चे इन स्कूलों में पढ़ाना नहीं चाहते तो उसका कारण ‘इंग्लिश मीडियम’ न होना है या कुछ और?

आज भी देश में विभिन्न क्षेत्रों के शीर्ष पर तैनात लोगों में बहुतेरे ऐसे मिल जाएंगे जो सरकारी विद्यालयों में पढ़ कर निकले. ये विद्यालय ‘इंग्लिश मीडियम’ नहीं थे, इससे उनके काबिल बनने में कोई कसर नहीं रही. उन्हें अच्छे, समर्पित अध्यापक मिले जो शिक्षा को सर्वोत्तम सेवा और दान मानते थे. एक-एक बच्चे को उसकी खूबियों और कमजोरियों के साथ समझ कर वे उसे कुम्हार के घड़े की तरह गढ़ते थे. वे समझते थे कि उनके हाथों तैयार हो रही पीढ़ी देश का भविष्य है. वे देश से सचमुच प्यार करते थे.

निजी स्कूल इसलिए लोकप्रिय नहीं हुए कि वे ‘इंग्लिश मीडियम’ हैं. सरकारी स्कूलों की नाकामी ने उन्हें पनपने का मौका दिया. उन्होंने बेहतर शिक्षक रखे, एक अनुशासन अपनाया, पढ़ाई पर जोर दिया और इसे एक व्यवसाय की तरह विकसित किया. वहां से पास होने और ज्यादा से ज्यादा नम्बर लाने वाले बच्चों की फौज निकलने लगी तो यह साबित नहीं होता कि वे वास्तव में ‘शिक्षित’ पीढ़ियां हैं और अपने देश व समाज को जानती-समझती हैं.

अंग्रेजी में प्रार्थना गाने और ‘राइम’ (शिशु गीत) सीखने से बच्चे ‘पढ़े-लिखे’ बेहतर नागरिक बन रहे हैं, यह समझ  मानसिक गुलामी का प्रतीक है. पढ़ाई का माध्यम क्या है, यह कतई महत्त्वपूर्ण नहीं है. महत्त्वपूर्ण है बच्चों को क्या पढ़ाया जा रहा है और कैसे. सरकार का ध्यान इस पर क्यों नहीं जाता? ‘हिंदी मीडियम’ में पढ़ रहे बच्चे हिंदी नहीं सीख पा रहे थे तो ‘इंग्लिश मीडियम’ में बच्चे ‘इंग्लिश’ कैसे सीख लेंगे? (हिंदी का तो खैर पूछना ही क्या) और क्या ‘इंग्लिश’ सीखना ही पढ़ाई है?

सरकारी स्कूलों की ओर बच्चों और माता-पिताओं का रुझान बढ़ाना है तो उन्हें पहले अच्छा स्कूल बनाइए. पढ़ाई का माध्यम हिन्दी होने में दोष नहीं. वहां अंग्रेजी समेत सभी विषय ऐसे पढ़ाइए कि बच्चे वास्तव में सीखें और गुनें. पढ़ाई का माध्यम अंग्रेजी होने में भी दोष नहीं, बशर्ते कि उसमें अच्छी शिक्षा दी जा सके. और, सबसे पहले तो शिक्षा विभाग और शिक्षा मंत्रियों को अच्छी शिक्षा का अर्थ जानना चाहिए. 

(सिटी तमाशा, नभाटा, 26 मई, 2018)