Showing posts with label KGMU. Show all posts
Showing posts with label KGMU. Show all posts

Friday, October 23, 2020

नई तकनीक से वंचित वर्ग की नई समस्याएं

 


कोरोना ने किस-किस तरह और कैसी-कैसी मार मारी है! किसी को संक्रमण हो जाने पर तो अस्पताल जाने और भर्ती होने की सुविधा मिल सकती है लेकिन दूसरे किसी भी गम्भीर रोग में इलाज मिलना बहुत मुश्किल हो गया। जिनके ऑपरेशन तय थे या डायलिसिस हो रही थी या दिल की बीमारी नियमित जांच और डॉक्टरी सलाह मांगती थी, उन्हें बहुत परेशान होना पड़ा। दिल का दौरा पड़ने की स्थिति में जब तत्काल इलाज की जरूरत होती है, किसी भी अस्पताल में कोई डॉक्टर बिना कोरोना जांच कराए हाथ लगाने को तैयार नहीं। कोविड से मरने वालों के सही-गलत जैसे भी हैं, आंकड़े मिल जाएंगे लेकिन पिछले करीब नौ महीनों में इलाज नहीं मिल पाने के कारण कितनी मौतें हुईं, इसकी कोई गिनती नहीं मिलेगी।

बहरहाल, महीनों बाद पीजीआई और केजीएमयू की ओपीडी खुली है। यह राहत की सूचना है हालांकि इस राहत की भी टेढ़ी-मेढ़ी गलियां हैं जिनमें एक बड़ी आबादी को भटकना पड़ रहा है। बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के ओपीडी में जाना समय बर्बाद करना और संक्रमण का खतरा मोल लेना होगा। दोनों ही संस्थानों ने सतर्कता वश यह व्यवस्था की है कि ओपीडी में आने से पहले ऑनलाइन समय लें या फोन करके नाम दर्ज कराएं। इस डिजिटल दौर में बड़े संस्थानों के लिए यह व्यवस्था बना देना आसान है लेकिन उस जनता का क्या करें जो अभी डिजिटल युग के दरवाजे तक भी नहीं पहुंची है?

रोजाना कई मरीज और तीमारदार वहां ऐसे पहुंच रहे हैं जिन्हें यह सब मालूम नहीं या ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना उनके बस की बात नहीं। उनके लिए इतना काफी है कि अस्पताल खुल गया है। पीजीआई की प्रक्रिया और भी जटिल है। इस संकट काल में ये सतर्कताएं आवश्यक होंगी लेकिन जो इस डिजिटल भारत से बाहर हैं और उनकी संख्या बहुत बड़ी है, उनके लिए कोई क्या कोई रास्ता है?

केवल अस्पतालों की बात नहीं है, सरकार गरीब कल्याण के बहुतेरे कार्यक्रम चलाती है। इनमें बहुत घपले होते हैं, जिन्हें दूर करने और पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई। उज्जवला योजना हो या प्रधानमंत्री आवास योजना या शौचालय निर्माण अनुदान, रजिस्ट्रेशन और बैंक खाते अनिवार्य हैं। आम ग्रामीण और कामगार वर्ग के लिए बैंक से लेन-देन भी आसान नहीं है। पिछले छह सालों में बेहिसाब खाते खोले गए। उनमें से कितने खाते चालू हालत में हैं, यह किसी भी बैंक से पता किया जा सकता है।

बैंक हों या जिला-तहसील के कार्यालय, जनता के एक बड़े वर्ग के लिए आज भी बिना किसी की मदद के उन तक पहुंच मुश्किल है। जनता में आर्थिक खाई ही बड़ी नहीं है, सामाजिक हैसियत, शिक्षा और आत्मविश्वास के बीच भी भारी अंतर है। इसीलिए आधार कार्ड बनवाने से लेकर सरकारी कार्यक्रमों का लाभ दिलाने वाला दलाल वर्ग उभर आया है। ऑनलाइन व्य्वस्था में किसी बिचौलिए की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन वह और भी अधिक हो गई है क्योंकि जनता के बहुत बड़े वर्ग की न उस तक पहुंच है न समझ।

विडम्बना यह है कि जो वर्ग सबसे ज़्यादा जरूरतमंद है, उसी की पहुंच इस तंत्र के विविध माध्यमों तक नहीं है। सरकारी अस्पताल में पर्चा बनवाना भी जिसके लिए सबसे कठिन काम हो वह कैसे नहीं दलालों के चंगुल में आ जाया? पीजीआई, मेडिकल कॉलेज से लेकर सरकारी अस्पतालों तक गरीब मरीजों और तीमारदारों को बहकाकर निजी अस्पतालों में ले जाने वाले बिचौलिए इसीलिए फल-फूल रहे हैं।

भारत के इस विशाल वर्ग को सामाजिक-शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के ईमानदार प्रयास इसीलिए सर्वोच्च प्राथमिकता से करने की आवश्यकता है।

(सिटी तमाशा, नभाटा, 24 अक्टूबर, 2020)                        

Friday, April 19, 2019

आप यह तमाशा देख कर हैरान तो नहीं?



सत्रहवीं लोक सभा के लिए चुनाव हो रहे हैं. विभिन्न राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारकों और प्रत्याशियों के भाषण सुनिए और सुबह अखबार में दैनंदिन जीवन से जुड़ी खबरों पर नजर डालिए. क्या भाषणों, दावों और जमीनी हकीकत में कोई साम्य, कोई सम्बंध दिखाई देता है?

एक खबर बता रही है कि राजधानी के बड़े-बड़े अस्पतालों में पर्याप्त वेण्टीलेटर नहीं होने से मरीज दम तोड़ रहे हैं. एक और खबर है कि कोहरे के कारण रद्द कई ट्रेनें गर्मी में भी नहीं चल रही हैं और यात्री परेशान हैं. और देखिए- राजधानी में ही बिना पंजीकरण के फर्जी अस्पताल चल रहे हैं, लखनऊ विश्ववविद्यालय में लॉ की फर्जी डिग्री बेचने का धंधा चल रहा है, बिना जमीन और नक्शे के बिल्डर रेरा में रजिस्ट्रेशन कराने पहुँच गये, सफाई कर्मचारियों ने स्मार्ट घड़ी पहनने के विरोध में हड़ताल की तो नगर निगम ने कामचोरी पकड़ने वाली यह व्यवस्था ही वापस ले ली. हैरान करती हैं ऐसी कई खबरें या अब नहीं करतीं?

उधर, यह भी पढ़ने को मिल रहा है कि अमुक प्रत्याशी की सम्पति पिछले पाँच साल में कई करोड़ रु बढ़ गयी, अमुक दल के नेता की सम्पत्ति में इतनी भूमि, इतने मकान और इतने जेवरात बढ़ गये. सभी प्रत्याशियों के यह वादे भी खूब छप रहे है कि विकास के लिए वोट दीजिए, कि हमने पिछले पाँच साल में शहर के लिए क्या-क्या कर दिया, कि हमने तो अपने शासन काल में लखनऊ को चमका दिया, आदि-आदि.

एक वेण्टीलेटर की कीमत कुछ लाख रु होती है, जिससे कारगर इलाज मिलने तक मरणासन्न मरीज की सांसें थामी जा सकती हैं. मेडिकल कॉलेज को कम से कम 400 वेण्टीलेटर की आवश्यकता है. हैं सिर्फ 214 जिनमें से कुछ खराब हैं. बलरामपुर अस्पताल में चार वेण्टीलेटर हैं लेकिन चलाने वाला स्टाफ नहीं है. सिविल में तीन साल पहले आठ वेण्टीलेटर खरीदे गये थे लेकिन अब तक चालू नहीं किये जा सके. बाकी अस्पतालों का भी कमोबेस यही किस्सा है.

नेताओं की सम्पत्ति करोड़ों-अरबों में बढ़ रही है लेकिन अस्पतालों में वेण्टीलेटरों की संख्या नहीं बढ़ पाती. खरीदे जाने के बावजूद वे इंस्टॉल नहीं हो पाते. खराब हो जाते हैं तो ठीक नहीं हो पाते. स्टाफ नहीं मिलता इसलिए वे चालू नहीं हो पाते. वेण्टीलेटर के लिए तीमारदार यहाँ से वहाँ भटकते रहते हैं और मरीजों की सांसें थम जाती हैं. पांच साल में नेताओं की बढ़ी सम्पत्ति और बंद हुए वेण्टीलेटरों में कोई रिश्ता होता है?

इस बार जाड़े में कोहरा ज्यादा नहीं पड़ा था लेकिन ट्रेनें बदस्तूर रद्द की गईं. गरमी आ गयी लेकिन ये ट्रेनें अब तक नहीं चलाई गयी हैं. क्या रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और बड़े अधिकारियों को पता है कि जनता कितनी परेशानी झेल रही है? जो ट्रेनें चल रही हैं, उनकी लेट लतीफी छुपाने के लिए आईआरटीसी की साइट गलत जानकारी देती है.चुनाव लड़ने वाले इन ट्रेनों से नहीं चलते. चुनाव प्रचार के लिए उड़ रहे चार्टर्ड विमानों तथा रद्द एवं लेट लतीफ ट्रेनों में कोई सम्बंध है?

नेता दावा कर रहे हैं लखनऊ स्मार्ट सिटी बन गया है. उन्हीं पन्नों पर ये खबर भी  होती हैं कि कितने अवैध निर्माण फल-फूल गये, बिना पार्किंग बने कितने कॉम्प्लेक्स जाम का कारण हैं, इंजीनियर ही बिल्डरों को अवैध निर्माण करने देते हैं, कि अवैध होटल, अस्पताल, मॉल सील करने के आदेश के बावजूद चल रहे हैं, कि.., कि...

छोड़िए, हकीकत से हलकान मत होइए. यह चुनाव का समय है. आप राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा, धर्म रक्षा, घुसपैठियों और पाकिस्तान पर ध्यान दीजिए. वेण्टीलेटरों के बिना दम तोड़ते मरीज, रद्द ट्रेनें और चौतरफा अव्यवस्था का रोना तो लगा ही रहता है.        


(सिटी तमाशा, नभाटा, 20 अप्रैल, 2019)