Showing posts with label Prof Shekhar Pathak. Show all posts
Showing posts with label Prof Shekhar Pathak. Show all posts

Friday, May 15, 2026

170 वर्ष पुराने हिमालय के चित्रों की नायाब प्रदर्शनी

अगर आप आज-कल-परसों (18 मई की शाम तक) नैनीताल या उसके आसपास हों तो समय निकालकर मल्लीताल सी आर एस टी कॉलेज में लगी वह चित्र प्रदर्शनी देखने अवश्य जाएं, जो आपको 170 साल पहले के हिमालय में ले जाएगी। ये केवल उस काल के चित्र नहीं हैं, बल्कि इतिहास-संस्कृति-भूगोल-पर्यावरण-मानव जीवन स्थितियों-वनस्पतियों-आदि-आदि से भी रू-ब-रू कराएंगे। इस प्रदर्शनी को देखना अपने भूगोल और समाज को गहराई से देखने-जानने की मानवीय ललक और उसके लिए किए गए अथक श्रम व समर्पण को भी महसूस करना है।

मोटे तौर पर यह कहानी तत्कालीन प्रूशिया (आज का जर्मनी) के एक ख्यात फील्ड सर्वेक्षक अलेक्जेण्डर हम्बोल्ट के उस सपने से शुरू होती है जो लेटिन अमेरिका और यूरोप के पर्वतों का स्वयं फीड सर्वे कर चुकने के बाद भारतीय हिमालय का अध्ययन कराना चाहते थे ताकि विविध जानकारियों से समृद्ध एटलस तैयार किया जा सके। उन्होंने प्रूशिया के तत्कालीन राजा के माध्यम से ब्रिटिश महारानी और उनके जरिए ईस्ट इण्डिया कम्पनी से सम्पर्क साधा और भूगोल और भूगर्भशास्त्र के अध्येता दो भाइयों, हरमन श्लागिंटवाइट और एडॉल्फ श्लागिंटवाइट को इस काम के लिए तैयार किया कि वे भारतीय हिमालय का अध्ययन-सर्वेक्षण करने के लिए जाएं। दोनों भाई न केवल इस कार्य के लिए तैयार हुए, बल्कि उन्होंने छोटे भाई रॉबर्ट को भी सहायक के रूप में साथ लिया। रॉबर्ट फोटोग्राफी का भी शौकीन था। कैमरे का आविष्कार हुए तब बहुत दिन नहीं हुए थे।

करीब दो साल की तैयारियों के बाद तीनों श्लागिंटवाइट भाई 1854 में भारत पहुंचे। उन्होंने विविध सहायकों की करीब एक सौ लोगों की टीम तैयार की और भारतीय हिमालयी क्षेत्र को तीन भागों में बांटकर तीनों अपने-अपने लिए निर्धारित रास्तों पर निकल गए। उन्होंने अलग-अलग मार्गों पर कोई 18,000 मील की यात्रा की, जो अधिकतर पैदल और कभी घोड़ों पर भी की गई। उन्होंने अपने यात्रा क्षेत्रों के चित्र बनाए, नक्शे बनाए, नदियों-पहाड़ों-झीलों-बस्तियों-पुलों-आदि-आदि के विविध विवरण एवं मानक दर्ज़ करते हुए अपनी डायरियां भरीं। अपने भूगोल अध्ययन और हमबोल्ट के निर्देशों के आधार पर उन्होंने खाके तैयार किए। सभी चित्र व नक्शे तत्काल फाइनल नहीं किए जा सकते थे, इसलिए अपने रफ स्केचों में छोटी-छोटी चीजें भी दर्ज़ कीं, यहां तक कि कौन सी चीज उस समय किस रंग में दिख रही थी।

उनकी इस यात्रा के दौरान ही भारत में 1857 का सैनिक विद्रोह हुआ। जब वे वापस लौटे तो उनके पास साढ़े सात सौ से अधिक नक्शे और चित्र तो मौजूद थे ही, यात्रा मार्ग से बटोरी गई तमाम चीजें भी थीं, जैसे- पत्थर, लकड़ी, वनस्पतियों, आदि के ढेरों नमूने। इनमें असम से लेकर बाल्टिस्तान और लद्दाख, हिमालय की तलहटियों, मिजोरम के खासी हिल्स से लेकर हिमालय-पार के तिब्बत और भूटान तक के चित्र, नक्शे और विविध वस्तुएं शामिल थीं।  

भारत तीन भाई आए थे लेकिन लौटे दो ही। बीच वाले भाई एडॉल्फ को 1857 में काशगर में जासूस होने के शक में मार डाला गया था। अनेक खूबियों वाली इस ऐतिहासिक सर्वे यात्रा का यह अत्यंत त्रासद पक्ष रहा।

खैर, जर्मनी लौटकर वे चित्र रंगों और अन्य विवरणों से पूरे किए गए। रॉबर्ट ने अपने कैमरे से जो फोटो खींची थीं, डेवलप करने के बाद उन्हें भी डायरी में चिह्नित विवरणों के आधार पर रंगीन बनाया गया। एक मूल्यवान ऐतिहासिक काम हो गया था लेकिन 1859 में हम्बोल्ट की मृत्यु हो जाने और फिर प्रूशिया के तत्कालीन राजा का भी पराभव होते जाने से उनके काम को वह मुकाम नहीं मिल सका, जिसकी योजना शुरू में बनाई गई थी।

श्लागिंटवाइट भाइयों के बनाए चित्र काफी समय तक उनके घर में पड़े रहे और फिर जर्मनी के अल्पाइन संग्रहालय में उन्हें सुरक्षित कर दिया गया।

दुनिया के सामने ये ऐतिहासिक चित्र पहली बार 2011 में आए जब बर्लिन में इनमें से कुछ चित्रों की पहली प्रदर्शनी लगाई गई। उस समय बर्लिन की फ्री यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और हिमालय अध्येता हरमन क्राइट्ज़मैन ने अपने परिचित हिमालयविद और ‘पहाड़’ फाउण्डेशन के प्रोफेसर शेखर पाठक को बर्लिन आमंत्रित किया। प्रो पाठक इन चित्रों को देखकर स्वाभाविक ही उत्फुल्लित हुए और उन्होंने अल्पाइन म्यूजियम में रखी श्लागिंटवाइट भाइयों की तैयार की गई बाकी सामग्री भी देखी। उसी समय उनके मन में इन चित्रों की प्रदर्शनी भारत में लगाने का विचार आया था। आज कोई 15 वर्ष बाद उनका यह सपना साकार हुआ है। यह कैसे सम्भव हो पाया, क्या दिक्कतें आईं, कैसे उनका समाधान किया गया और कितने लोगों ने इसे सम्भव बनाया,  यह अलग से लम्बी कहानी है।

दिल्ली और देहरादून में प्रदर्शन के बाद श्लागिंटवाइट भाइयों के सैकड़ों चित्रों में से करीब एक सौ चुनिंदा चित्र फिलहाल नैनीताल में देखने के लिए उपलब्ध हैं। यह बताना भी जरूरी है कि ये मूल चित्र नहीं हैं। सुरक्षा और संरक्षण की अत्यावश्यक सावधानी के कारण मूल चित्रों की प्रतिकृतियां तैयार करके प्रदर्शित की गई हैं। इन प्रतिकृतियों को 'पहाड़' फाउंडेशन को दान कर दिया गया है। यानी अब ये भारत में ही रहेंगीए और समय-समय पर प्रदर्शित की जा सकेंगी। 

आप इन चित्रों में 1855 के नैनीताल की झलक देख सकते हैं, बहुत बड़े भूस्खलन से मल्लीताल का ‘फ्लैट्स’ तब तक नहीं बना था और नैनीताल भी एक गांव हुआ करता था। उस समय के बदरीनाथ का चित्र देखकर आप चौंक जाएंगे और पहचान नहीं पाएंगे कि यही आज का बदरीनाथ है। नदियों पर किस मौलिक-प्राकृतिक तकनीक से तब पुल बनाए जाते थे, यह देखना कम रोमांचक नहीं है। बहुत से बौद्ध विहारों, मंदिरों, पठारों, चट्टान-शृंखलाओं, वनस्पतियों, नदियों और समाजों के चित्र हमें 170 साल पहले के समय में ले जाते हैं।

 - नवीन जोशी, रामगढ़, 16 मई, 2026

       

         

Sunday, May 26, 2024

बारिश, हिमपात व भूस्खलन के बीच मृत्यु की परियों का स्पर्श



(हिमांक से क्वथनांक के बीच, पुस्तक चर्चा, भाग-2)  

गंगोत्री-कालिंदीखाल-बदरीनाथ यात्रा में शेखरदा (प्रो शेखर पाठक) की देखने वाली निगाह ही नहीं, सुनने वाले कान भी गजब कर जाते हैं। वे गल के भीतर की विविध ध्वनियां सुनते हैं तो उससे बात करने लगते हैं। गल भी उन्हें जवाब देने लगता है- “धड़म-बड़म-खड़म। सुनो शेपा, मैं हूं गंगोत्री गल। सहस्राब्दियों पहले तो मैं बहुत नीचे तक पसरा था और कोई मनुष्य या भगवान मुझ तक न आते थे। राजा भगीरथ की कहानी तो मुझसे हाल ही मैं जुड़ी। करोड़ों-लाखों साल तक मैं यू ही सोया रहा। ...”  

अड़म-बड़म-खड़कम की भाषा में गंगोत्री गल अपनी कहानी बताता है कि 1808 में जब सर्वे ऑफ इण्डिया वाले आए तब मैं आज की गंगोत्री से मात्र पांच किमी ऊपर था लेकिन आज मैं 15 किमी से अधिक ऊपर को सरक आया हूं, आदि-आदि। यह ग्लेशियरों का निरंतर सिकुड़ने यानी गलते जाने की कथा है। बर्फ पर चमकती चांदनी का चिड़िया से संवाद भी वे सुन लेते हैं। बल्कि, “यहां तो भरल, कव्वे, गल, चट्टानें और वनस्पतियां न जाने चांद से कैसे बोलती हैं?” समझने का सूत्र यह  कि “मनुष्य के लिए जरूरी है कि प्रकृति को सुनने के लिए वह स्वयं चुप रहना सीखे।”

हिमालय अध्येता के अलावा सचेत-संवेदनशील इतिहासकार शेखरदा के इस वृतांत (हिमांक से क्वथनांक के बीच, नवारुण प्रकाशन) में हम हिमालय की अनेक कठिन और पहले-पहल हुई यात्राओं का संदर्भ पाते हैं तो कालिंदीखाल के पथ पर पड़े पहले और फिर बार-बार चले कदमों के निशान भी पढ़ने को मिलते हैं।

माना जाता था कि एरिक शिप्टन और टिलमैन 1934 में पहली बार कालिंदीखाल होकर गोमुख तक गए थे लेकिन शेखरदा अपनी पड़ताल से बताते हैं कि वास्तव में 1931 में कैप्टन ई जे बरनी और उनके छह साथी इस दर्रे को पार करने वाले पहले यात्री थे। तब तक यह दर्रा कालिंदीखाल नहीं कहलाता था। बरनी की यात्रा के बाद इसे ‘बरनी कॉल’ नाम दिया गया और बाद में कालिंदी शिखर के नाम पर इसे कालिंदीखाल कहा जाने लगा। बाद में शिप्टन व टिलमैन के अलावा और भी कुछ पर्वतारोही इस इलाके में आए। 

1945 में स्वामी प्रबोधानंद के साथ पांच अन्य साधुओं ने गंगोत्री से कालिंदीखाल पार करते हुए बदरीनाथ की यात्रा की थी। इनमें से एक साधु परमानंद शून्य से नीचे के तापमान में दिगम्बर यानी पूरी तरह वस्त्रहीन थे। बाद में स्वामी सुंदरानंद ने दस बार दुर्गम कालिंदीखाल को पार किया। ये वही प्रसिद्ध छायाकार स्वामी सुंदरानंद हैं जिनके हिमालय सम्बंधी छायाचित्र देश-विदेश में ख्यात हुए। 

यह जानना रोचक होगा कि अपनी पहली यात्रा में स्वामी सुंदरानंद एक बर्फीली खाई में गिर गए थे। उनके साथी यात्री ने खाई में गिरे हुए उनका फोटो खींचा था लेकिन बाद में स्वामी जी के मांगने पर भी उन्हें दिया नहीं। अगली बार स्वामी सुंदरानन्द अपना कैमरा लेकर उसी मार्ग पर गए और हिमालय के चर्चित छायाकार भी बने। 

सितंबर 1990 में नवभारत टाइम्स, लखनऊ के हमारे साथी पत्रकार गोविंद पंत राजू ने भी अपने चंद साथियों के साथ इस कठिन मार्ग को सफलतापूर्वक पार किया था। उन्होंने लखनऊ लौटकर एक छोटी सी स्मारिका प्रकाशित की थी जिसमें इस दुर्गम हिमालयी यात्रा के अनुभव लिखे और कालिंदीखाल के कुछ रंगीन चित्र हाथ से चिपकाकर मुझे दिए थे।  

यह रोमांचक इतिहास को इस किताब और भी पठनीय व उपयोगी बनाता है। अनूप साह तथा प्रदीप पाण्डे के (कुछ अन्य के भी) कई रंगीन और श्वेत-श्याम चित्र यात्रा के अनुभव को जीवंत बनाने में सहायक हुए हैं।  


उच्च हिमालय के दुर्गम मार्गों की यात्राएं आवश्यक उपकरणों और मौसम की पूरी जानकारी लेकर ही की जाती हैं। तो भी वहां मौसम कभी भी बिगड़ सकता है। हमारे इन तीन यात्रियों को जिस दिन कालिंदीखाल पहुंचना और आसपास डेरा डालना था, वे अचानक बारिश, हिमपात और घने कोहरे की चपेट में आ गए। ऐसा ही उनके आगे-पीछे चल रहे एक आस्ट्रियाई दल के साथ हुआ। 

यात्री और सहायक एक दूसरे से बिछड़ गए। लुढ़कने-फिसलने में कुछ सामान गिर गया। कुछ जान बचाने के लिए छोड़ दिया गया। कहीं मार्ग खो गया और कहीं भूस्खलन ने अवरुद्ध कर दिया। कोई बर्फ में गिरा तो उठ नहीं सका। किसी के पैर हिमदंश से सुन्न हो गए। बिना खाए-पिए गीले कपड़ों और छपछपाते जूतों से वे चलते रहे। वर्षों के अनुभवी सहायक भी असहाय हो गए। 

शेखरदा किराए पर एक सैटेलाइट फोन साथ ले गए थे। उससे देहरादून में अधिकारियों को हालात की गम्भीरता और बचाव दल भेजने की गुहार लगाई गई। वहां से आईटीबीपी के घासतोली कैम्प को सतर्क किया गया लेकिन मौसम इतना खतरनाक हो गया था कि बचाव दल भी यात्रियों तक पहुंच न सका। 

यात्री गिरते-पड़ते-भटकते रहे। कभी एक-दूसरे को सहारा देते और कभी अपने हाल पर छोड़ देते। गुजरात के युवक नीतेश का बदन अनूप साह और प्रदीप पांडे के हाथों में ही अकड़कर लुढ़क गया। मृत्यु की परियां सबके ऊपर नाचने लगी थीं। 

अंधेरा होने और भूस्खलन के कारण भटक जाने पर हमारे तीनों यात्री एक बड़ी चट्टान की आड़ में बैठ गए। अनूप साह के पर्वतारोहण के अनुभव काम आए कि किसी को सोने नहीं दिया। वहां नींद का मतलब मौत की नींद होता। एक-दूसरे की मालिश करके ऊर्जा बटोरते हुए, अंत्याक्षरी खेलते और गीत गाते हुए रात बिताई गई। 

मृत्यु आसपास नाच रही थी लेकिन तीनों के जीवट से हारकर चली गई। सुबह हुई तो जैसे पुनर्जन्म हुआ। परंतु सभी इतने भाग्यशाली नहीं थे। इस दल के दो सहायक और ऑस्ट्रियाई दल के चार लोगों के प्राण वहीं छूट गए। दूसरे दिन बहुत खोजने के बाद उनकी देह मिलीं।

मौत से मुलाकात का यह किस्सा शेखरदा ने बड़े संयम, संतुलन किंतु विकल कर देने वाली भाषा-शैली में लिखा है, जिसे पढ़ते हुए कंपकंपी छूट जाती है और पसीना आने लगता है।–
 
“मौत हमारे आसपास मंडरा रही थी। वह किसी को भी दबोच सकती थी। यहां आज उसी का राज था। हमारे शरीर लगातार हिमांक के पास थे और हमारे मन-मस्तिष्कों में भावनाओं का उबाल क्वथनांक से ऊपर पहुंच रहा था।” 
 
धीरे-धीरे मृत्यु की परियां पास आने लगीं। वे इतने निकट आ गई थीं कि उनका स्पर्श अनुभव होने लगा था। उसके बाद जो हुआ उस आतंक और सनसनी को पुस्तक पढ़कर ही समझा जा सकता है। 
 
-न जो, 26 मई, 2024
 
('हिमांक और क्वथनांक के बीच'- लेखक- शेखर पाठक। नवारुण प्रकाशन, सम्पर्क- 8057374761)