Showing posts with label पिथौरागढ़. Show all posts
Showing posts with label पिथौरागढ़. Show all posts

Tuesday, June 25, 2024

मई 2024 में उत्तराखंड के एक गांव का रिपोर्ताज

ताले में चाभी थोड़ी मुश्किल से घूमी। करीब दस महीने बाद मैं ‘अपने घर’  का ताला खोल रहा हूं। 2023 की तीस जून को यहां आकर दो जुलाई को वापस गया था। आज दस मई 2024 है। हमें देखकर लंगूरों का यूथ अचम्भे में है। वे घर के सामने के पेड़ों पर उछल-कूद करना छोड़कर हमें घूरने लगे हैं। ‘घर’ के रास्ते में घुरड़ (घूरल) का जोड़ा भी हमें देखकर बिदका था और कुलांचें भरते हुए ऊपर चट्टानों में ओझल हो गया था। बाईं ओर जहां हमारे खेत हुआ करते थे, बड़ी-घनी झाड़ियों के भीतर से सुअरों की डुकार सुनाई दे रही है। उनमें शायद झगड़ा मचा है। अचानक एक मोटा-काला सुअर या सुअरिया चीखते हुए झाड़ियों से निकल कर भागी है। उसके पीछे नन्हे सुअरों की कतार की कतार भी भागी जा रही है। मैं उनकी गिनती नहीं कर पाता। तीसेक से कम क्या होंगे। क्या पता गुलदार (तेंदुआ) ने घात लगाकर उन पर हमला किया हो और ये जान बचाकर भागे हों। अपना निवाला गुलदार ले ही गया होगा।   

इसे मैं ‘अपना गांव’ (रैंतोली, गणाई-गंगोली, जिला पिथौरागढ़) कह रहा हूं लेकिन यहां मैं परदेसी अजनबी की तरह आया हूं। यहां बंदरों-लंगूरों, घुरड़-काकड़, सुअरों, मुर्गियों, सेही, खरगोश, तेंदुओं, आदि-आदि का कब्जा है। वे पूरी स्वच्छंदता से भरी दोपहर यहां विचरण करते हैं। गांव में सन्नाटा है। अधिकतर मकानों में ताले लगे हैं। उनके बीच कुछ खंडहर भी हैं। कहीं-कहीं टिन की नई छतें गवाही दे रही हैं कि मकानों को खंडहर होने से बचाने के जतन भी हो रहे हैं। हमने भी ‘अपने मकान’ की छत ठीक करवाई है। सामने की पहाड़ी पर सीढ़ीदार खेतों में भी ऊंची कंटीली झाडियां भरी पड़ी हैं। गांव के आबाद रहते बांज का जो जंगल दूर-दूर खिसकता जा रहा था, बिल्कुल पास आ गया है। कभी इन बांज के पत्तों और घास-लकड़ी के लिए झगड़ा-फसाद होता था। आज सब इफरात में है। उपयोग करने वाले ही चले गए। गांव में मनुष्यों की बजाय पशु-पक्षियों की आवाजें ही सुनाई दे रही हैं। मनुष्य की अनुपस्थिति में प्रकृति अपनी खोई जमीन पर तेजी से वापस कब्जा करती जा रही है।   

हम ‘घर’ की साफ-सफाई में जुट गए हैं ताकि दो-चार दिन यहां रह सकें। हाथ की लाठी टेकते-टेकते जीवानंद कका, जिन्हें हम जिब्बुका कहते हैं, आ गए हैं। उनके दूसरे हाथ में रस्सी का गुच्छा है। उन्हें नीचे सड़क पर खड़ी गाड़ी देखकर पता चल गया होगा कि हम आए हैं। हम प्रणाम करते है तो वे रस्सी वाला हाथ उठाकर आशीर्वाद देते हैं।

“ठीक हो? अच्छा किया जो आ गए।” आंगन के चौड़े पाथर पर घुटने मोड़कर वे बैठ गए हैं और परिवार में सबकी कुशल पूछने लगे हैं। हमारे खानदान के दर्जनों लोग लखनऊ जा बसे हैं। एक-एक की, उनके बच्चों की और उनके भी बच्चों की कुशल-बात पूछने में उन्हें वक्त लग गया। फिर वे अपनी लट्ठी और रस्सी पकड़कर उठ गए हैं- “थोड़े हरे-पत्ते काट लाऊं भैंस के लिए। दो-चार दिन तो रहोगे?”

जिब्बुका थोड़ी झुकी कमर लिए हुए लट्ठी के सहारे जंगल की चढ़ाई चढ़ने लगे हैं। हमने 94-95 का हिसाब लगा रखा था लेकिन स्वयं उन्होंने बताया कि 98 वर्ष हो गए हैं। सुबह-शाम दोनों वक्त जंगल जाते हैं, पीठ पर लादकर घास-लकड़ी का गट्ठर लाते हैं। गाय पिछले दिनों बेच दी थी, अब सिर्फ एक भैंस पाल रखी है। यहां अब खेती नहीं होती लेकिन पहाड़ के इस दुर्गम गांव में टिके रहने के लिए बूढ़े काका-काकी के पास दिन भर काम होता है। बेटियां ससुराल में हैं और बेटा देहरादून में। जिब्बुका और काकी के अलावा गांव में हमारी दो भाभियां और एक बहन हैं। अस्सी-नब्बे वर्ष के बीच की भाभियां यहां अकेली रहती है क्योंकि पति रहे नहीं और बच्चे शहरों में बस गए हैं और कभी-कभार ही आते हैं। पैंसठ के आसपास की बहन बिल्कुल अकेली है। कुल मिलाकर हमारे हिस्से का गांव इतना ही बचा है। दो हिस्सों में बंटे गांव के दूसरे छोर में कुल छह और लोग रह रहे हैं। कभी दोनों छोरों के बीच खेतों का विस्तार था, अब घनी-ऊंची कंटीली झाड़ियां और पेड़ हैं। आर-पार जाने वाली पगडंडी खो गई है। आने-जाने में सुअरों का डर हर समय बना रहता है। हाल ही में पड़ोस के गांव माणा में किसी युवक ने सुअरों को भगाने की कोशिश की थी तो उन्होंने हमला कर दिया और पेट फाड़कर उसे मार डाला था। तब से आतंक गहरा हो गया है। कुछ सुअर तो इतने विशाल और आक्रामक हैं कि तेंदुए भी उन पर हमला नहीं करते। आतंक तेंदुओं का भी कम नहीं है। वे जब-तब आसपास दिखते रहते हैं लेकिन हमारे गांव में मनुष्यों पर हमले की घटना नहीं हुई है। जंगल में उनके लिए खूब शिकार हैं। वैसे, तेंदुए का कोई भरोसा नहीं। आए दिन गांवों में महिलाओं-बच्चों-पालतू पशुओं पर उनके जानलेवा हमले की खबरें आती-रहती हैं। हमारे गांव के सभी कुत्ते कबके उनके पेट में समा चुके। उन्हीं के डर से बचे-खुचे लोगों ने बकरियां पालना छोड़ दिया है। गाय-भैंस को गोठ (गौशाला) में बांधे रखना पड़ता है।        

रोजी-रोटी और शिक्षा के लिए गांव से पलायन पहले भी होता था। मुझे 1962 में सात वर्ष की उम्र में पढ़ने के लिए लखनऊ भेज दिया गया था। गांव से स्कूल तब बहुत दूर था और बाबू लखनऊ में नौकरी करते थे। गांव के लगभग हर परिवार का कम से कम एक सदस्य नौकरी के लिए बाहर जाता था क्योंकि सीमित और असिंचित खेती की उपज साल भर के लिए पूरी नहीं पड़ती थी। दूसरी भी कई जरूरतें होती थीं। जिन परिवारों का कोई बाहर नौकरी पर नहीं था, उनकी स्थिति दयनीय थी। तब गांव आबाद था। वर्षा पर निर्भर होने के बावजूद लोग खेतों में बहुत मेहनत करते थे। गेहूं, धान, मडुवा, बाजरा, कौणी, मांदिर, मसूर, उड़द, गहत, रैंस, सरसों, तिल, चुवा, मिर्च, भांग, वगैरह बोए जाते थे। साग-सब्जी-फल-फूल-कंद से बाड़े भरे रहते थे। गाय, बैल, भैंस और बकरियां पाली जाती थीं। दूध-दही-छांस-घी सबको उपलब्ध था। मधुमक्खियों के एक-दो छत्ते हर घर में होते थे। साझेदारी का जीवन था और वह सबसे बड़ा सहारा हुआ करता था। सबसे बड़ा दुख बीमारों को इलाज न मिलना था। यही आज भी सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है।

सन 1980 की गर्मियों में मैंने अपने गांव का मोटा-मोटा सर्वेक्षण-सा किया था। उसके आधार पर ‘नैनीताल समाचार’ में तीन किस्तों में गांव का जो हाल लिखा था, उसका एक अंश देखिए- “34 मवासों के मेरे गांव के 23 लड़कों ने हाईस्कूल से लेकर एमए तक की शैक्षिक सीढ़ी चढ़ी है लेकिन इनमें से एक भी गांव में नहीं है। कक्षा पांच से कक्षा दस के बीच पास या फेल 17 लड़के भी ‘नौकरी’ पर हैं। गांव में 40-50 के करीब 10 से कम आयु के बच्चे हैं जिनमें से कई अगले साल और कई उससे अगले साल तक शहरों को चले जाने का सपना संजोए हैं। 13 परिवारों के मुखिया शहरों में नौकरी (सेना में सिपाही से लेकर सरकारी दफ्तरों की चतुर्थ श्रेणी सेवा तक) पर हैं। 13 परिवारों के मुखिया अवकाश प्राप्त कर घर आ चुके हैं। नौ परिवार ऐसे हैं जिनका कोई भी सदस्य बाहर नहीं है और इसका कारण यह है कि उनका कोई बाहर जाने लायक अभी नहीं है। अत: खेती के अलावा उनका कोई आर्थिक आधार नहीं है। 15 परिवार ऐसे हैं जिनमें अकेली स्त्री ही (साथ में छोटे बच्चे भी) घर पर हैं। 10 परिवार ऐसे हैं जिनमें अब 50-60 से ऊपर के बूढ़े-बुढ़िया रह गए हैं, क्योंकि बाकी लोग शहर वाले हो गए हैं। हाल के वर्षों में जिन 10 युवकों की शादी हुई है उनमें से छह की पत्नियां पति के साथ शहरवासी हो गई हैं। बाकी इसका सपना देख रही हैं। यह प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जबकि शादी के पीछे मुख्य भाव परिवार में एक काम-काजी लड़की जोड़ना होता है। 34 में से 3-4 परिवार ही ऐसे हैं जिन्हें अनाज खरीदना नहीं पड़ता। अन्य परिवारों में बाजार से नमक, तेल, गुड़, साबुन, कपड़ा, आदि के साथ-साथ गेहूं-चावल खरीदने का क्रम भी साल भर चलता रहता है। परिवार में लोग कम होते गए तो गोठ में जानवर भी घटते गए। एक-एक गोठ में दर्जनों बकरियां पालने वाले इस गांव में अब कुल मिलाकर एक दर्जन बकरियां भी नहीं हैं। दो भैंसे पालने वाले मुश्किल से तीन परिवार हैं और पूरे गांव में सिर्फ एक परिवार के पास दो बैल हैं। कुछ ने एक-एक बैल का साझा कर रखा है, बाकी मांगकर काम चलाते हैं। गांव में नल नहीं हैं। धारा या नौला 2-3 फर्लांग दूर है। मामूली अस्पताल और अच्छा श्मशान बराबर दूरी (पैदल 5-6 किमी) पर हैं। सड़क पांच किमी दूर है, डाकखाना चार किमी दूर है। पोस्टमैन 15 दिन से लेकर डेढ़ महीने के अंतराल में कभी भी आ सकता है। लखनऊ से चिट्ठी पहुंचने में 15 दिन से लेकर दो माह तक लग जाते हैं। चिट्ठी और तार में यहां कोई अंतर नहीं है। गांव से ब्याह कर गई किसी भी लड़की की शैक्षिक योग्यता पांच पास से ज्यादा नहीं है, पर गांव में ब्याह कर आई लड़कियां इण्टर व बीटीसी भी हैं। यह दीगर है कि वे गांव में टिकी नहीं। चिट्ठियां लिख-पढ़ सकने वाली औरतों की संख्या इधर बढ़ी है पर अंग्रेजी लिख-पढ़-समझ सकने वाला कोई नहीं है। चार-पांच साल पहले पूना में कार्यरत एक ताऊ जी के निधन के बाद उनकी पेंशन-ग्रेच्युटी आदि के अंग्रेजी में आए कागजात पढ़वाने और उत्तर लिखवाने के लिए ताई जी को एक आदमी को मजूरी देकर नौ मील दूर कांडा इण्टर कालेज भेजना पड़ा था। .... अगले पांच-दस सालों में जब गांव में बुजुर्ग पीढ़ी नहीं रह जाएगी, तब के अपने गांव की उजाड़, डरावनी शक्ल की कल्पना से मैं कांप उठता हूं।”      

आज से 44 वर्ष पहले लिखी गई रिपोर्ट का यह अंश गवाह है कि आज जो मैं देख रहा हूं, उसके लक्षण बहुत पहले से गांव में साफ दिखाई दे रहे थे। यह कमोबेस पहाड़ के सभी गांवों का हाल था। हमारे बाबू की पीढ़ी तक नौकरी के लिए बाहर गए लोग रिटायर होकर गांव लौट आते थे। हमारी पीढ़ी, जो पढ़ने के लिए शहरों की ओर गई या पहाड़ में ही कहीं पढ़ने के बाद मैदानी शहरों में नौकरी करने लगी, अनेक कारणों से गांव से विमुख होती गई। 1990 के दशक से शहरों का जीवन खूब चकाचौंध भरा हो गया था जबकि गांव वैसे ही कष्टसाध्य और आवश्यक सुविधाओं से वंचित बने हुए थे। 1976 तक हमारे गांव से मोटर सड़क नौ मील दूर (कांडा में) थी और प्राइमरी स्कूल तीन-चार मील धारी गांव में। उसके बाद मोटर सड़क पांच किमी करीब (बांस-पटाण वाया सेराघाट) आ गई थी और 1977-78 के आसपास गांव में ही प्राइमरी स्कूल भी खुल गया था। अब साल भर पहले (2023) कच्ची सड़क गांव तक पहुंच गई है जबकि गांव में चंद बूढ़े ही बचे हैं और प्राइमरी स्कूल के भवन का खण्डहर ही शेष है। इस पूरे दौर में नौकरी के लिए बाहर गए गांव वालों में बच्चों की अच्छी शिक्षा, उनके करिअर के अवसरों और चिकित्सा समेत अन्य सुख-सुविधाओं ने शहरों में ही बसने की स्वाभाविक चाह पैदा कर दी थी। जो युवक दूर शहरों में रोजगार न पा सके उन्हें हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर जैसे तराई-भाभर के शहरों ने आकर्षित कर लिया। 2000 में उत्तराखंड राज्य बनने के बाद राजधानी देहरादून के अलावा पहाड़ के दूसरे शहर भी आश्रयदाता बन गए। अब तक कुछ बूढ़े-बुढ़िया भी मजबूरी में बच्चों के साथ शहर चले गए थे तो कुछ अलग तरह की मजबूरी के कारण गांव में बने रहे। आज जो चंद मानुख हमारे गांव को ज़िंदा रखे हैं, उनके पीछे कुछ न कुछ मजबूरियां ही हैं। 

1980 के दशक से एक और बड़ा बदलाव विशेष रूप से ब्राह्मणों के गांवों में दिखने लगा था। हमारा गांव पूरी तरह ब्राह्मणों का गांव है या था। हलवाहों (शिल्पकार) के दो परिवार गांव के बाहर कभी बसाए गए थे जो पचास-साठ से लेकर सौ रुपए तक के कर्ज के ब्याज के ऐवज में ताउम्र हमारे के खेतों में हल चलाया करते थे। इस आशय का लिखित इकरारनामा उनके साथ किया गया था। हमारे स्कूली दिनों में ही उनमें से एक परिवार तराई की ओर चला गया था। बचा एक ही परिवार जिसके बूढ़े मुखिया और पांच बेटों पर पूरे गांव की हलवाही का जिम्मा था। शिक्षा और सामाजिक चेतना की एक किरण ने उस परिवार को भी हलके से छुआ। सो, उस परिवार से भी दो-तीन युवक रोजगार की तलाश में बाहर निकले तो ब्राह्मणों को हलवाहे का संकट सताने लगा। पड़ोसी गांवों के शिल्पकारों ने हल चलाने के ऐवज में पूरी मजदूरी मांगनी शुरू की। हल की मूंठ छूने पर ब्राह्मणों को नरक में भी ठौर न मिलनी थी। सो, पहले खेती विलम्बित होने लगी, फिर बुवाई का रकबा कम हुआ और बाद में खेती ही छूटने ही लगी। खेती छूटी तो गांव में टिके रहने अथवा परदेस से वापस लौटने का मुख्य आधार समाप्त होता गया। बाजार से मोल लेकर ही खाना है तो पहाड़ के गांवों की दुष्कर ज़िंदगी क्यों झेली जाए! पलायन पहाड़ के सभी गांवों से हुआ और अब भी हो रहा है लेकिन जो गांव पूरी तरह खाली हो गए या जहां चंद परिवार मजबूरी में टिके हुए हैं, उनमें अधिकांश ब्राह्मण-गांव हैं। स्वयं हल नहीं चलाने के कारण ही सबसे अधिक पलायन उन्हीं गांवों से हुआ है। हमारे गांव से लगे हुए ठाकुरों और शिल्पकारों के गांव आज भी आबाद हैं। वे अपने हाथों हल चलाते हैं और जानवरों से होने वाले नुकसान के बावजूद खेती कर रहे हैं। उन गांवों में चहल-पहल होने से जानवर भी कुछ दूर-दूर रहते हैं। हमारे गांव में जो चार-पांच परिवार हैं वे चार मील दूर राशन की दुकान से अनाज ढोकर चूल्हा जला रहे हैं। जानवर इतने करीब अड्डा जमाए हुए हैं कि साग-पात, फल-फूल भी नहीं होने देते।

मेरे बाबू दिल की गम्भीर बीमारी हो जाने के कारण रिटायरमेण्ट के बाद चाहकर भी गांव नहीं लौट पाए थे। इजा भी फिर लखनऊ आ गई थी। 1988 से 2017 के बीच मैंने गांव की कोई सुध नहीं ली थी। 2015 में नौकरी से रिटायर होने के बाद गांव का स्वच्छ-शीतल हवा-पानी इसलिए बहुत याद आने लगा कि प्रदूषण के कारण शहरों का जीवन खतरनाक होता गया था। छोटे भाई सतीश के सहयोग से 29 साल बाद गांव आना हो पाया। ढहते मकान को तनिक रहने लायक बनाया गया। हमारी ही तरह कुछ और परदेसी बूढ़े बिरादरों को भी गांव याद आया। उन्होंने भी खंडहर होते मकानों की मरम्मत की। आज गांव में दस-बारह मकानों की छतों में लाल-सिलेटी टिन की चादरें चमकने लगी हैं। कभी दो-चार दिन को वे गांव आने लगे हैं। देवताओं पर आस्था या उनका भय भी कुछ लोगों को दो-चार दिन के लिए खींच लाता है। विधायक जी पर दबाव डालकर कामचलाऊ कच्ची सड़क खुदवा दी गई है यद्यपि उन्होंने मदद करने में बड़ी आनाकानी की थी कि आपके गांव में तो वोटर ही नहीं हैं। एनडीए सरकार की ‘शौच मुक्त गांव’ योजना से काफी पहले यूपीए सरकार की ‘निर्मल ग्राम योजना’ में आबाद घरों के सामने शौचालय बनवाए गए थे। पेयजल योजना में घरों के आगे नल भी लगाए गए थे। पिछले दिनों ’जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत गांव का पुराना धारा (जल स्रोत) सीमेंट और लोहे का पाइप लगाकर ‘ठीक’ करने की औपचारिकता भी पूरी की गई है। हाल ही में ‘हर घर नल’ योजना में आबाद घरों के सामने एक और पाइपलाइन बिछा दी गई है, हालांकि अभी नल में जल नहीं है। गांव में बिजली आए हुए भी कई साल हो गए। यह सारा ‘विकास’ तब आया जब अधिकांश मकानों में ताले लटक गए थे। उत्तर प्रदेश में रहते हुए पर्वतीय जिलों की उपेक्षा का खूब रोना रोया जाता था। नवम्बर 2000 में पृथक उत्तराखंड राज्य बन जाने के बाद गांवों का उजड़ना और तेज हुआ है।  

लखनऊ का तापमान 42 डिग़्री सेंटीग्रेड चल रहा है लेकिन गांव में सुबह-शाम मोटा स्वेटर भी कम मालूम देता है। नहाने का पानी गरम करना पड़ रहा है। घने बांज-वन की निर्मल-शीतल हवा तन-मन स्वस्थ बना दे रही है। फेफड़े इतनी ऑक्सीजन पाकर चकित हैं। भांति-भांति की चिड़ियों का संगीत और पश्चिमी नभ पर संध्या रानी की चित्रकारी मुग्ध करती है। हिमालय का विस्तृत दृश्य सम्मोहित करता है। यहीं रह जाने की उमंग उठती है लेकिन एक भय इस चाह पर पानी फेर देता है। बुढ़ापे के तन पर कई रोगों की नज़र है। निकटतम डॉक्टर या स्वास्थ्य केंद्र सड़क मार्ग से 14-15 किमी (गणाई-गंगोली) और 22 किमी (बेड़ीनाग) दूर हैं। वहां भी समुचित आकस्मिक चिकित्सा मिल जाएगी, इसमें संदेह है। इसलिए मन चाहे जो कहे, तन को लखनऊ ही लौटना होगा। यह द्वंद्व भी हमारी ही पीढ़ी का है। हमारे बच्चों के लिए गांव के वीडियो ‘वाऊ फैक्टर’ हैं लेकिन उनके सपनों में जुकरबर्ग और एलन मस्क की दुनिया है।  

हमारे जैसे परदेसियों के कभी-कभार दो-चार दिन के लिए ‘घर’ आने और ढहती छतों पर टिन की चादरें छवा देने से गांव कब तक बचेगा? कच्ची सड़क कभी पक्की हो गई तो भू-माफिया और पर्यटन का धंधा करने वालों की नजर यहां की जमीन भी लील लेगी। रानीखेत और रामगढ़ जैसे कई इलाके इसकी गवाही दे रहे हैं। पर्यटन विकास के नाम पर केदारनाथ में भी पिकनिक और कैम्प फायर जैसे दृश्य ही उत्तराखंड की नियति बना दिए गए हैं।

-न जो

(समयांतर, जून 2024. नैनीताल समाचार में भी प्रकाशित)  

        

            

Tuesday, May 21, 2024

अपने गांव में तीन दिन

कल (10 मई 2024) रात करीब दो बजे से तड़के चार बजे तक झमाझम बारिश हुई। टीन की छत पर डी जे जैसे धमाल ने सोने न दिया। 

सुबह इतना जाड़ा था कि कपड़े कम पड़ गए। फिर धूप खिली और घर के सामने का घना बांज वन खिलखिला उठा। कफ्फू चीखता रहा ‘काफल पाक्को, काफल पाक्को’ पर पेड़ पर काफल हों तो पकें। इस बार काफल के पेड़ नए पल्लवों से हरियाए हुए हैं। एक दाना न मिला। उलाहना दिया कि हम तो सीधे पेड़ से टीपकर काफल खाने आए हैं तो लहरा कर बोले - अगले बरस झोले भर-भर ले जाना। हिसालू अवश्य गदराए हुए हैं। 

गाँव (रैंतोली, गणाई-गंगोली, पिथौरागढ़) में लगभग सन्नाटा है। जंगल घर तक आ गया है। कल शाम लंगूरों ने आँगन में हमारा स्वागत किया था। रास्ते में घुरड़ों की भी छलांगें देखीं। घनी कंटीली झाड़ियों में इतने बड़े-बड़े सुअरों का डेरा है कि सुना गुलदार भी उनसे डरता है। गुलदार के खाने को पर्याप्त घुरड़-काकड़-जंगली मुर्गी, वगैरह खूब हैं। सो वह मनखियों से दूर ही रहता है मगर सूने गाँव का चक्कर मजे-मजे लगा लेता है। 

खेतों-बाड़ों में सिसोंण का कब्जा हो रखा है। दाड़िम के चंद पेड़ों पर कुछ नन्हे मगर सुर्ख फूल हँसी बिखेर रहे हैं। अब फिर बादल घिर आए हैं। हवा बंद है। शाम तक फिर बरसेगा। न्योली की नेहू-नेहू को इस दोपहर भी चैन नहीं। कैसी आकुल-आतुर टेर! सुबह टिस्ट्यां मल्लब टिटहरी भी साथ दे रही थी और तीतर भी। अब मौन हैं। हिमालय के दिव्य शिखर सुबह चमक रहे थे। अब बादल ओढ़कर बैठे हैं। उनके पीछे से नंदा देवी झलक दिखा जाती हैं। यहाँ मानव जनित कोई कोलाहल नहीं। सृष्टि का राग बरस रहा है। 

फेफड़े हैरान हैं कि अचानक इतनी ऑक्सीजन का क्या करें! 



ये हमारे जिब्बुका हैं। मैं 94-95 का हिसाब लगाए बैठा था, स्वयं बताने लगे 98 बरस का हो गया। ये हमारे उजड़ते गाँव के स्तम्भ हैं, सबसे सयाने। इनसे कुछ ही छोटे चार-पाँच और बचे हैं गाँव में। जिब्बुका सुबह-शाम जंगल से घास-पत्ते-लकड़ी लाते हैं। आज जर-बुखार है, इतना ही हो पाया, बल! 
 
जिब्बुका स्मृतियों का खजाना हैं। कल शाम कोई किस्सा कहते-कहते हँसी आ पड़ी थी। खुराफाती कम नहीं थे। तब जिब्बुका जवान थे और गाँव उनसे भी अधिक धड़कता हुआ। त्याड़ ज्यू के बाड़े में, जहाँ आज प्रकृति ने अपना कब्जा वापस लेकर सुअरों को पनाह दे रखी है, तब मोटे-ताजे ईख खड़े थे, बल। ईख थे तो उनकी मिठास पर नजर डाले हुए युवक भी गाँव में कम नहीं थे। किसी ने चुपके से दो-चार काट डाले। 
 
चुपके से तो ईख चुराई नहीं जा सकती। गदराया तना हो तो एक चोट में कट नहीं सकता। दो चोट की छन्न-भन्न में त्याड़ ज्यू के कान जाग जाने वाले हुए। सो, किसी एक ने त्याड़ ज्यू को फसक-फराव में लगाया होगा, दूसरे ने इस बीच दो-चार ईख छनका दिए होंगे। चोरी में नाम लगा जिब्बु यानी हमारे जिब्बुका का। ले गाली पर गाली, नाम ले-लेकर। 
 
जिब्बुका कहते हैं , चोरी तो मैंने कभी आड़ू-ककड़ी की भी नहीं की ठहरी। मन आया तो माँगकर ले लिया। अब जब मेरे नाम से गालियाँ पड़ने लगीं तो मैंने सोचा, खाल्ली-खाली गाली क्यों खाऊँ। दूसरी रात मैंने भी छनका दिए तीन-चार। चूस-चास के पात-पतेल समेत सब उन्हीं के पिछवाड़े डाल दिए। और दो गाली!
 
जिब्बुका की हँसी में गाँव का अतीत खिलखिलाता है। जिब्बुका ने कभी लीसा निकाला तो कभी पीडबलडी की गैंग में रहे लेकिन गाँव में गड़ी नाभिनाल से कभी दूर नहीं गए। जरूरतें अत्यल्प थीं और प्रकृति रुपए के अलावा बहुत कुछ देती थी। प्रकृति से अद्भुत तादात्म्य ने तन को हारी-बीमारी से बचाए रखा और मन ने लालसा कोई आज तक पाली नहीं। सो, सुबह-शाम जंगल से यारी जारी है।
 
सोचता हूँ, हमारी दुनियावी लालसाओं ने हमारे तन-मन के साथ क्या-क्या न कर डाला कि जिब्बुका के साथ जमीन पर बैठने के लिए घुटने भी नहीं मुड़ पाते!

कहते हैं ‘गौं सिरि ग्वैटै बटि’। मल्लब, गाँव की सीरत उसका रास्ता बता देती है। कित्ता सही कहा ठहरा। 

यह तस्वीर हमारे घर-गाँव की सूरत बता दे रही है। आप कहेंगे यहाँ रास्ता कहाँ है लेकिन यही तो अपने घर का मुख्य रास्ता था। संकरी पगडंडी नहीं, पहाड़ के हिसाब से अच्छा चौड़ा रास्ता। इस पर उछलते-कूदते हम पानी के धारे और गाँव की सीमा तक सरपट चले जाते थे।

फिर पहाड़ का रास्ता परदेस का रास्ता हो गया। जो पाँव बाहर दूर-दूर तक जाकर भी देर-सबेर वापस लौट आते थे, वे घर का रास्ता भूलने लगे। भूलते ही गए। जिन बुजुर्गों के पैर अपनी जमीन ने जकड़ रखे थे, बुढ़ापे की असमर्थता से वे भी परदेसी बच्चों की शरण जाते रहे या जिब्बुका की तरह मोर्चे पर डटे रहे। 

एक बार घर के द्वार पर ताला लगा तो फिर अपनी चाबी से उसकी भेंट ही नहीं हुई। घर की सुध चिट्ठियों तक सिमटी रह गई। फिर चिट्ठी लिखने वाले भी न रहे। शहरों के डेरे ही ‘घर’ कहाने लगे। घर के द्वार ताले समेत चूल से उखड़ गए और दरवाजे को संभालने वाली दीवारें ढहती रहीं। 

प्रकृति ने मौका पाया तो जो कभी उससे छीना गया था, उसे वापस हथियाना शुरू कर दिया। खेतों में गेहूँ-धान-मडुआ की बजाय कंटीली झाड़ियाँ बढ़ आईं। डरे-दुबके जानवर स्वच्छंद विचरण करने लगे। इनसान की तरह न जानवरों को रास्ता चाहिए था, न झाड़-झंखाड़ को। सो, वह मिटते-मिटते वैसा ही हो गया, जैसा हमारे पुरखों के बसने से पहले रहा होगा। 

जवानी में घर की दिशा भूले पैर बुढ़ापे में यदा-कदा वापस आते हैं तो रास्ते की शिकायत करते हैं। हमारी तरह। अब रास्ते का क्या दोष! 

खैर, फिलहाल पीछे से कामचलाऊ रास्ता बना लिया है किंतु इस रास्ते को तो ठीक करना ही है।

(-न जो, 10-13 मई 2024)

Monday, February 26, 2018

जोहारदा से माफी, द.ग. दयाकृष्ण तेवाड़ी-2

(पिछली किस्त से आगे-)


लेकिन यह प्रसंग तो जोहारदा का है.

तो, वह रुक्का जब दूसरी बार पढ़ा तब जोहारदा सामने आ खड़ा हुआ. आहा! यह जौहर राम पुत्र झुस राम तो हमारा वही जोहारदा है. अच्छा, तो उसका नाम जौहर राम था, जैसा कि पं दया कृष्ण तेवाड़ी जी ने लिखा है! या हो सकता है उसका नाम जवाहर राम हो, जो बोलचाल में जौहर राम या जोहार राम हो गया हो. यह भी उसी दिन जाना कि अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले की सीमा हमारे गांव को विभाजित करती थी. नया जिला बनने पर हम पिथौरागढ़ जिले में आ गये और आधा किमी दूर जोहार दा का आमड़ अल्मोड़ा जिले में रह गया था. खैर.

सामान्यतया वह जोहारदा ही कहलाता था. ठेठ गंवई उच्चारण में उसके समवय लोग उसे ‘ज्वेहरी’ कहते थे. कम उम्र वाले कभी उसे ज्वेहरी कह बैठते तो सयाने लोग डांट देते थे- “जोहारदा नहीं कह सकते, तुम्हारे बड़बाज्यू सानिक है वह.’ लेकिन उसे जोहार बड़बाज्यू नहीं कहा जाता था, जैसा कि हम अपने दादा की उम्र के लोगों से कहते थे. बहरहाल, बड़े लोग भी उसका नाम सम्मान से लेते थे.

अच्छा, तो जोहारदा उस रुक्के से बंधा हुआ हमारा हलवाहा था! उससे पहले कोई जीतराम हमारा हलवाहा था, किसी बाहर गांव का, जो सारे रुक्के छोड़कर कहीं भाभर की तरफ चला गया था. उसकी बहुत धुंधली याद है. उसके जाने के बाद ही बाबू ने जोहार दा को इस रुक्के से बांध कर अपना हलवाहा बनाया होगा. जोहारदा का परिवार हमारे गांव का एक मात्र शिल्पकार परिवार था. छोटे-बड़े चार लड़कों, दो लड़कियों और अपनी पत्नी के साथ वह ऐसे कितने ही रुक्कों से बंधा हुआ होगा. उसके सभी लड़के हल चलाते थे. सिर्फ तीसरे नम्बर के लड़के ने शायद इण्टर तक पढ़ाई की थी और बाद में शहर जाकर नौकरी भी. बाकी सब गांव में रह कर हल चलाते, मजदूरी करते या कभी जंगलात की कटान-चिरान में चले जाते. मुझसे उनकी मुलाकात हर साल गर्मी की छुट्टियों में गांव जाने पर ही होती.

जोहारदा का सबसे छोटा लड़का बहादुर कुछ परिवारों के जानवर चराने जंगल ले जाता था. जब कभी मैं ग्वालों के साथ जंगल जाता तो देखता कि दूसरे ग्वाले उसे दिन भर खूब सताते थे. वे सब कहीं बैठ कर ताश खेलते या हुक्का-बीड़ी पीते और बहादुर को दौड़ाते रहते. वह सबके जानवरों को देखता. कभी उससे कहते- ‘ओ डूम, जा उस गांव से नाशपाती चुरा ला.’ कभी आड़ू  मंगवाते. दिन भर वह उनके आदेशों पर दौड़ता रहता और पकड़ा जाने पर मार या गालियां खाता. एक दिन उसने किसी काम से मना कर दिया तो सबने मिलकर उसकी पिटाई की और गला दबा कर उसके खुले मुंह में बारी-बारी से थूका. बहादुर को रोता छोड़ वे सब एक गधेरे के पानी से शुद्ध होने गये थे.

हर परिवार चाहता था कि उसके खेतों की बुवाई जोहारदा ही करे.

-‘जोहरा!’ स्त्रियां उससे निवेदन करतीं- ‘एक-दो दिन बाद आना, लेकिन आना तू ही, हां! किसी लड़के को झन लगा देना.’

उसका कोई बेटा जुताई करने आ जाता तो लोग सतर्क हो जाते. ‘बैलों को ऐसे मत मार खिमुआ,’ उनको बार-बार कहना पड़ता- ‘तेरा बौज्यू बैलों को एक सिकड़ा नहीं लगाता. तूने सुबह से चार सिकड़े तोड़ डाले.’

जोहारदा की बात ही कुछ और थी. बैल उसके इशारे पर चलते थे और हल का फाल खेत को फर-फर ऐसे चीरता था कि मजाल है जो दो ‘स्यू’ के बीच अनजुती जमीन रह जाए. बड़े-बड़े मरकहे बैल गांव में थे, जिनको उनके किल (खूंटे) पर सिर्फ उनकी गुस्याणी बांध सकती थी और  जिनके कंधे पर जुआ सिर्फ जोहारदा रख सकता था. कुछ बैल ऐसे पाजी थे कि जुते-जुते बीच खेत में बैठ जाते. जोहारदा जानता था कि किस बैल को सिर्फ पुचकार कर खड़ा किया जा सकता है और कौन ‘भ्यरहान’ नाक में  मिर्च ठूंसे बिना उठता ही नहीं. 
जोहारदा जानता था कि किसके खेत कहां-कहां हैं. वह हर ‘ओड़ा’ पहचानता था और यह भी किस खेत में किस जगह मिट्टी के नीचे बड़ा पत्थर है जो सावधान न रहने पर ‘नश्यूड़’ तोड़ डालता है.

दरअसल, जोहारदा सिर्फ हलवाहा नहीं, अनुभवी, निष्ठावान और समर्पित किसान था. खेत में बीज वह इस खूबसूरती से छिड़कता था कि पौधे बराबर दूरी पर सिलसिलेवार उगते. उसकी बोई फसल अलग से पहचान में आ जाती. वह मौसम का रुख और मिट्टी की तासीर पहचानता था.

-‘जोहारदा, मडुवा भाड़ने का समय नहीं हुआ अभी?’ स्त्रियां पूछतीं. प्रवासी पतियों की अनुपस्थिति में घर-गृहस्थी से लेकर खेती-बाड़ी तक सब उन्हीं की चिंता जो ठहरी. इसलिए वे जोहारदा से सलाह करती रहतीं. जोहारदा आसमान की तरफ देखने के बाद कहता- ‘पहा.. अभी जल्दी मत मचाओ, ये बादल तो चल-बसंत हुआ..’

-‘जोहारदा, धान पिछड़ रहे हैं, कब बोओगे?’ वह एक लकड़ी या अंगुली से खेत की मिट्टी खुरचता. नमी की गहराई जांचता, फिर सलाह देता. ‘पहा...दो-चार घाम खाने दो अभी मिट्टी को.’

‘पहा’ उसका तकिया कलाम था, जिसके बिना शायद ही एक वाक्य पूरा होता हो.

वर्षा पिछड़ जाती तो वह गांव भर के लिए परेशान होता. आसमान की ओर देख कर बुदबुदाता- ‘क्या मंशा है, पहा... नहीं खाने देता अबकी?’ रास्ते चलते वह खेतों की जांच करता रहता. अंगुली से खोद कर उगते बीजों के अंकुर खोजता और खेत मालिक के दरवाजे पर हाजिर हो जाता- ‘तुम्हारा बीज कुछ खराब लगता है... पहा... थोड़ा-सा अच्छा बीज मंगा कर भिगा देना. दन्याले के समय छिड़कना पड़ेगा.’ अच्छा बीज किसके यहां बचा है, यह सुराग भी वही देता- ‘यो, पहा... सुबदार ज्यू की बौराणी के पास बचा है बिलाड़ (धान की एक किस्म) का अच्छा बीज.’

उस उपराऊं और पथरीली जमीन पर फसल ससुरी अपनी ही जैसी होती थी मगर जोहारदा अपना सारा ज्ञान और अनुभव बांटता फिरता था. इसीलिए तो सब चाहते थे कि हल-दन्याला लगाने उनके यहां जोहारदा खुद आये. वह आता तो सारी चिंता मिट जाती.

परन्तु जोहारदा तो एक ही था न!

बस, एक चीज थी जहां जोहारदा बेईमानी कर बैठता था. वह खाने का बहुत शौकीन था और गुस्याणियों के हाथ का स्वाद पहचानता था. बुवाई के व्यस्त दिनों में जब हर घर से जोहारदा की मांग होती तो वह खुद किसके घर जाएगा, यह सम्बद्ध मालकिन की रसोई की प्रसिद्धि पर निर्भर होता. कुछ घरों के लिए वह नाक-भौं सिकोड़ कर खुश-पुश करता- ‘उनके यहां तो , पहा... मुझसे खाया नहीं जाता.’ ऐसे लोगों के खेतों में वह बेटों को लगा देता. कभी खुद फंस गया तो वहां खाने के बदले बैकर (अनाज) ले आता. रोटियां उसे पसंद नहीं थीं. ‘रोटियों की भी क्या खवाई’, वह कहा करता. स्त्रियां कहतीं- ‘जोहारदा को खिलाना आसान नहीं.’

हमारे घर में एक बड़ी थाली थी, परातनुमा. उसका नाम ही ‘जोहारदा की थाली’ था. दोपहर में बैलों को चारा-पानी के लिए खोल कर, हाथ-मुंह धोकर, अंगोछे की लंगोटनुमा धोती बांध कर वह चाख का एक कोना लीपता और जीमने के लिए जम जाता. तब ईजा उसकी थाली में ढेर सारा भात और भटिया परोस कर रख देती. धिनाली होती तो थोड़ा-सा दही और घी भी, जिसका उसे बेसब्री से इंतज़ार रहता. भुटी खुश्याणी तो होती ही. कभी हम छुप कर उसका खाना देखते रहते. वह बहुत इतमीनान, चाव और श्रद्धा से खाता. रसोई में जब भात की तौली और भटिया का भदेला आधा हो जाता तो ईजा धीरे से कहती अब जोहारदा को एक डकार आएगा. ऐसा ही होता. फिर उसकी थाली में और खाना परोसा जाता.

-‘ पहा-पहा... आनंद हो गया’ वह कहता. खा कर वह फिर उस कोने को लीपता, बाहर जाकर थाली मांजता और चाख के उसी कोने में औंधी करके रख देता. ईजा पानी के छीटे डाल कर उन्हें वहां से उठाती और चमचमाती थाली को फिर से मांजती.

पानी के छींटे डालना और उसके मांजे बर्तनों को फिर से मांजना हमें विचित्र लगता लेकिन हर बार ऐसा ही होता. खेत में चाय जाती तो जिस गिलास में जोहारदा चाय पीता, उसके साथ भी यही होता. पानी के छींटे डाले बगैर, उसके मांज देने के बावजूद उसे छुआ नहीं जाता था. रास्ते चलते सामने से कोई आ जाता तो जोहारदा काफी दूर से ही पगडण्डी छोड़ कर ऊपर-नीचे हो जाता, चाहे उसे सिंसौण के भूड़ या कांटों पर ही पैर क्यों न टिकाने पड़ते. मगर जब गांव में किसी को छल-छितर लग जाता, कोई ‘झसक’ जाता तो इस अस्पृश्य जोहारदा ही को पुकारा जाता.

-‘ओ जोहारदा!...जोहारदा रे!.... ताल मोल परुली की इजा को छल-छितर ने झसका दिया, रे!... जल्दी आकर इसे झाड़ जा, रे’.  जोहारदा अपना काम छोड़ कर आ जाता. नब्ज देखता और जोर की टुकाव छोड़ कर छल-छितर भगा देता. उसकी दो-चार टुकाव से ‘झसके मरीज’ कांपना बंद कर आंख खोल देते. जोहारदा चला जाता तो वहां मौजूद सब लोगों पर पानी के छींटे डाले जाते. कुछ औरतें गोठ जाकर गोमूत्र अपने सिर पर डालतीं.

जोहार दा एक और काम में उस्ताद था- बछड़ों को बैल बनाने में. जवान होते बछड़े के पैर बांध, उसे जमीन पर लिटाकर वह एक गंगलोड़े (नदी का गोल पत्थर) पर उसकी वृषण-थैली टिका कर दूसरे गंगलोड़े से उस पर सधी चोट मारता. बछड़ा तड़पता जिसे गांव के कई पुरुष जकड़े रहते. किसी नस-विशेष को वह पत्थर की चोट से काट देता और कटे वृषण-कोश में दाल व मसालों का लेप लगा देता. बछड़े की नसबंदी की यह बड़ी अमानवीय प्रक्रिया थी लेकिन गांवों में यही प्रचलन में था. उस दिन जोहारदा की दावत होती. उसके जाने के बाद सभी लोगों पर पानी व गोमूत्र के छींटे डालना नहीं भूला जाता.

वह सयाना था, सम्मानित था, गांव वालों का भूत-भय भी भगाता था, फिर भी उसका स्पर्श सवर्णों को पता नहीं कैसे गंदा या अपवित्र करता था कि पानी के छींटे हर बार जरूरी हो जाते थे.

मुझे जोहारदा की पत्नी की भी हलकी-सी याद है. शायद सरुली नाम था उसका. जोहारदा की तरह वह भी बहुत सीधी और विनम्र थी. बहुत मीठा था उसका बोलना. वह अक्सर बीमार रहती थी. ज्यादा बीमार होने की खबर मिलती तो गांव की औरतें घास-लकड़ी के लिए जंगल जाते हुए घर के आंगन से दूर रुक कर पूछतीं- ‘सरुली कैसी हो?’

-‘ऐसी ही हूं, गुस्याणी! तुम ठीक हो? बच्चों की चिट्ठी आयी? कैसे हैं, घर कब तक आ रहे हैं?’ वह अपना हाल भूल कर सबका हाल-चाल लेती.

इतनी आत्मीयता के बावजूद सरुली अस्पृश्य थी. ब्राह्मणी उसके दरवाजे पर पड़े अपने ही घर के जैसे मैले-फटे बोरे पर बैठना तो दूर उसे छू भी नहीं सकती थी. दूर से खड़े-खड़े दु:ख-सुख पूछा जाता.
नौकरी पर जाते-आते लोगों का बोझा ढोने से लेकर पत्थर खोदने और लकड़ी चीरने के कामों में जोहारदा का परिवार सर्व-सुलभ था. उनके साथ गांव के गरीब सवर्ण स्त्री-पुरुष भी मजदूरी करते. सबको बराबर मजदूरी मिलती, परंतु जोहारदा के परिवार को पानी के छीटों का जो अतिरिक्त व्यवहार मिलता, वह निश्चय ही अपमानजनक था.

पता नहीं जोहारदा इस अपमान को महसूस करता था या नहीं, लेकिन मैं चाहता था कि उसे इस बात पर गुस्सा आये, जो कि उसे कभी आया नहीं.  उसे तब गुस्सा आता था जब कोई बैलों को ठीक से खिलाये-पिलाये बिना हल में जोतने के लिए भेज देता था  या जब कोई उसकी जुताई-बुवाई में बेवजह खोट निकालने लगता था. अपनी सामाजिक स्थिति पर उसे कभी गुस्सा नहीं आया.   

बाद में एक समय ऐसा आया जब पड़ोस के गांवों के युवा शिल्पकारों ने ज्यादा मजदूरी मांगनी शुरू की और कुछ ने हल चलाना ही छोड़ने का ऐलान कर दिया. तब हलवाहे के संकट से त्रस्त उस इलाके के ब्राह्मणों को स्वयं हल की मूंठ पकड़नी पड़ी थी. तब भी जोहारदा में कोई परिवर्तन नहीं आया. न उसने ज्यादा मजदूरी मांगी, न ही हल चलाने से इनकार किया. बल्कि, परदेसी पतियों वाली स्त्रियों का, जो खुद हल चलाने में कतई असमर्थ थीं, वह मददगार बना रहा. अनाड़ी हाथों से हल चलाते किसी ब्राह्मण को देख कर वह निर्मल हंसी हंसता- ‘छोड़ो-छोड़ो... पहा... तुमसे नहीं होगा.’ कुछ पल देखते रहने के बाद वह किसी अनुभवी सुयोग्य प्रशिक्षक की तरह बिन मांगी सलाह देने लगता- ‘ऐसे-ऐसे... पहा.. . जरा तिरछा करो नश्यूड़ को...’ ब्राह्मण देवता के अनाड़ीपन पर उसके काले झुर्रीदार मुंह में एक स्मित नाच उठती. उस मुस्कान में परपीड़क संतोष नहीं, जमाने की रफ्तार पर अफसोस और कौतुक ही होता.
जमाना गुजर गया.

कभी-कभी गांव जाने पर जोहारदा से भेंट होती. उसका बड़ा लड़का भाबर जाकर बस गया. लड़कियां शादी होकर चली गईं. सबसे छोटा लड़का पढ़-लिख कर शहर में नौकरी करने चला गया और फिर लौटा नहीं. जोहारदा में विशेष फर्क नहीं आया था. उम्र उसके चेहरे पर जितनी छप सकती थी, छप चुकी थी. वह किसी उम्रदार पेड़ की तरह दिखायी देता. बीमार पत्नी उसे जीवन-समर में काफी पहले अकेला कर गयी थी.

मैं नहीं जानता कि मरने के पहले जोहारदा कैसा हो गया था- जर्जर और लाचार, या कि बूढ़े पेड़ की तरह एक रोज वह अचानक ही ढहा होगा. उसकी मौत के बरसों बाद, 1990 में अपने छूटते हुए गांव-घर के उसी चाख में बैठा था मैं, जिसके एक कोने में जोहारदा की बैठी जगह पर और उसके मांजे बर्तनों में ईजा पानी के छींटे डालती थी. मेरे हाथ में वही रुक्का था, जिस पर जोहारदा के अंगूठे की निशानी थी, ब. क. दया कृष्ण तेवाड़ी.
इस रुक्के के लिए मैं बहुत शर्मिंदा हुआ था, उस दिन. आज भी उस रुक्के पर नजर पड़ जाती है तो अपराधग्रस्त होता हूँ. क्षमा मांगता हूँ.
माफ करना जोहारदा.

और, आदरणीय पं. दया कृष्ण तेवाड़ी जी, अपने बुजुर्गों की तरफ से लिखे गये मेरे इस माफीनामे पर द. ग. के लिए आप थोड़ी देर को भी उपलब्ध नहीं हो देंगे?

कहीं से कोई जवाब नहीं आता. अब गांव से कोई चिट्ठी भी नहीं आती. दो-चार परिवारों को छोड़ कर सारा गांव खाली हो गया. बंद पड़ी बाखलियां खन्यार हो रहीं, बल. जिन खेतों में जोहारदा जुताई करता था, वहां जंगल उग आया, बल. बन्दरों-सुअरों के आतंक के कारण वे चंद परिवार भी खेती नहीं कर पाते, बल. महीनों में कभी किसी से मोबाइल पर बात हो जाती है.

इस बातचीत में जोहारदा या उसके परिवार का कोई जिक्र नहीं आता. (समाप्त)