Showing posts with label रसूल हमज़ातोव. Show all posts
Showing posts with label रसूल हमज़ातोव. Show all posts

Monday, June 03, 2019

सच और झूठ में किसकी अधिक ज़रूरत है- रसूल हमज़ातोव


युग-युगोंं से सच और झूठ एक-दूसरे के साथ-साथ चल रहे हैं. युग-युगों से उनके बीच यह बहस चल रही है कि उनमें से किसकी अधिक ज़रूरत है. कौन अधिक उपयोगी और शक्तिशाली है. झूठ कहता है कि मैं और सच कहता है कि मैं. इस बहस का कभी अंत नहीं होता.

एक दिन उन्होंने दुनिया में जाकर लोगों से पूछने का फैसला किया. झूठ तंंगऔर टेढ़ी-मेढ़ी पगडण्डियों पर आगे-आगे भाग चला. वह हर सेंध में झाँकता, हर सूराख में सूँघा-साँघी करता और हर गली में मुड़ता. मगर सच गर्व से गर्दन ऊँची उठाए सिर्फ सीधे, चौड़े रास्ते पर ही जाता. झूठ लगातार हँसता था, पर सच सोच में डूबा हुआ और उदास रहता था.

उन दोनों ने बहुत से रास्ते, नगर और गाँव तय किये. वे बादशाहों, कवियों, ख़ानों, न्यायाधीशों, व्यापारियों, ज्योतिषियों और साधारण लोगों के पास भी गए. जहाँ झूठ पहुँचता, वहाँ लोग इतमीनान और आज़ादी महसूस करते. वे हँसते हुए एक-दूसरे की आँखों में देखते, यद्यपि इसी वक्त एक-दूसरे को धोखा देते होते और उन्हें यह भी मालूम होता कि वे ऐसा कर रहे हैं. मगर फिर भी वे बेफिक्र और मस्त थे तथा उन्हें एक-दूसरे को धोखा देते और झूठ बोलते हुए ज़रा भी शर्म नहीं आती थी.

जब सच सामने आया तो लोग उदास हो गए, उन्हें एक-दूसरे से नज़रें मिलाते हुए झेंप होने लगी, उनकी नज़रें झुक गईं. लोगों ने (सच के नाम पर) खंजर निकाल लिए, पीडित पीड़कों के विरुद्ध उठ खड़े हुए, गाहक व्यापारियों पर, साधारण लोग ख़ानों पर और ख़ान शाहों पर झपट पड़े. पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की हत्या कर डाली. ख़ून बहने लगा. इसलिए अधिकतर लोगों ने झूठ से कहा-

'तुम हमें छोड़कर न जाओ. तुम हमारे सबसे अच्छे दोस्त हो. तुम्हारे साथ जीना बड़ा सीधा-सादा और आसान मामला है. और सच, तुम तो हमारे लिए सिर्फ परेशानी लाते हो. तुम्हारे आने पर हमें सोचना पड़ता है, हर चीज़ को दिल से महसूस, घुलना और संघर्ष करना होता है.तुम्हारी वज़ह से क्या कम योद्धा, कवि और सूरमा मर चुके हैं?'

'अब बोलो', झूठ ने सच से कहा, 'देख लिया न कि मेरी अधिक आवश्यकता है और मैं ही अधिक उपयोगी हूँ. कितने घरों का हमने चक्कर ल्गाया है और सभी जगह तुम्हारा नहीं, मेरा स्वागत हुआ है.'

'हाँ, हम बहुत सी आबाद जगहों पर तो हो आए. आओ, अब चोटियों पर चलें. चल कर निर्मल जल के ठण्डे चश्मों, ऊँची चरागाहों में खिलने वाले फूलों, सदा चमकने वाली सफेद बर्फों से पूछें.'

'शिखरों पर हज़ारों वर्षों का जीवन है. वहाँ नायकों वीरों, कवियों बुद्धिमानों, संत-साधुओं के अमर और न्यायपूर्ण कृत्य, उनके विचार, गीत और अनुदेश जीवित रहते हैं. चोटियों पर वह रहता है जो अमर है और पृथ्वी की तुच्छ चिंताओं से मुक्त है.'

'नहीं, मैं वहाँ नहीं जाऊंगा,' झूठ ने जवाब दिया.

'तो क्या तुम ऊँचाई से डरते हो?... हाँ, मुझे मालूम है तुम डरते हो. तुम तो हो ही बुज़दिल...'

 'नहीं, मैं तुम्हारी ऊँचाइयों से नहीं डरता. मगर मैं वहाँ करूँगा ही क्या, क्योंकि वहाँ लोग नहीं हैं. मेरा तो वहीं बोलबाला है जहाँ लोग रहते हैं. वे सब मेरी प्रजा हैं. केवल कुछ साहसी मेरा विरोध करने की हिम्मत करते हैं और तुम्हारे पथ पर चलते हैं, मगर ऐसे लोग तो इने-गिने हैं.'

'हाँ, इने-गिने हैं. मगर इसीलिए इन लोगों को युगनायक माना जाता है और कवि अपने सर्वश्रेष्ठ गीतों में उनका स्ततुति-गान करते हैं.'

- 'दागिस्तान' में रसूल हमज़ातोव

अकेले कवि का किस्सा- रसूल हमज़ातोव

यह किस्सा मुझे अबू तालिब ने सुनाया. किसी ख़ान की रियासत में बहुत-से कवि रहते थे. वे गाँव-गाँव घूमते और अपने गीत गाते. उनमें से कोई वायलिन बजाता, कोई चोंगुर, कोई ज़ुरना. ख़ान को जब अपने काम-काज और बीवियों से फ़ुरसत मिलती, तो वह शौक से उनके गीत सुनता,

एक दिन उसने एक ऐसा गीत सुना, जिसमें ख़ान की क्रूरता, अन्याय और लालच का बयान किया गया था. ख़ान आग-बबूला हो उठा. उसने हुक्म दिया कि ऐसा विद्रोह भरा गीत रचने वाले कवि को पकड़ कर लाया जाए.

गीतकार का पता नहीं लग सका. तब वज़ीरों और नौकरों-चाकरों को सभी कवियों को पकड़ लाने का आदेश दिया गया. ख़ान के टुकड़खोर शिकारी कुत्तों की तरह सभी गाँवों, रास्तों, पहाड़ी पगडण्डियों और सुनसान दर्रों में जा पहुँचे. उन्होंने सभी गीत रचने और गाने वालोंंम को पकड़ लिया और महल की काल-कोठरियों में लाकर बंद कर दिया. सुबह को ख़ान सभी बंदी कवियों के पास जाकर बोला-

'अब तुममें से हरेक मुझे एक गीत गाकर सुनाए.'

सभी कवि बारी-बारी से ख़ान की समझदारी, उसके उदार दिल, उसकी सुन्दर बीवियों, उसकी ताकत, उसकी बड़ाई और ख्याति के गीत गाने लगे. उन्होंने यह गाया कि इस पृथ्वी पर ऐसा महान और न्यायपूर्ण ख़ान कभी पैदा ही नहीं हुआ था.

ख़ान एक के बाद एक कवि को छोड़ने का आदेश देता गया. आख़िर तीन कवि रह गये, जिन्होंने कुछ भी नहीं गाया. उन तीनों को फिर से कोठरियों में बंद कर दिया गया और सभी ने यह सोचा कि ख़ान उनके बारे में भूल गया है.

मगर तीन महीने बाद ख़ान फिर से उन बंदी कवियों की पास आया- 'तो अब तुममें से हरेक मुझे कोई गीत सुनाए.'

उन तीन कवियों में एक फ़ौरन ख़ान, उसकी समझदारी, उदार दिल, सुंदर बीवियों, उसकी बड़ाई और ख्याति के बारे मेंं गाने लगा. उसने यह भी गाया कि पृथ्वी पर ऐसा महान ख़ान नहीं हुआ.

इस कवि को भी छोड़ दिया गया. उन दो को जो कुछ भी गाने को तैयार नहीं थे, मैदान में पहले से तैयार किए गए अलाव के पास ले जाया गया.

'अभी तुम्हें आग की नज़र कर दिया जाएगा.' ख़ान ने कहा. 'आख़िरी बार तुमसे कहता हूँ कि अपना कोई गीत सुनाओ.'

उन दो में से एक की हिम्मत टूट गई और उसने ख़ान, उसकी अक्लमंदी, उदार दिल, सुंदर बीवियों, उसकी ताकत, बड़ाई और ख्याति के बारे में गीत गाना शुरू कर दिया. उसने गाया कि दुनिया में ऐसा महान और न्यायपूर्ण ख़ान कभी नहीं हुआ.

इस कवि को भी छोड़ दिया गया. बस, एक वही ज़िद्दी बाकी रह गया, जो कुछ भी गाना नहीं चाहता था.

'उसे खम्भे से बाँध कर आग जला दो.' ख़ान ने हुक्म दिया.

खम्भे के साथ बँधा हुआ कवि अचानक ख़ान की क्रूरता, अन्याय और लालच के बारे में वही गीत गाने लगा जिससे यह सारा किस्सा शुरू हुआ था.

'जल्दी से इसे खोलकर नीचे उतारो.' ख़ान चिल्ला उठा- :मैंं अपने मुल्क के अकेले असली शायर से हाथ धोना नहीं चाहता.'

'ऐसे समझदार और नेकदिल ख़ान तो शायद ही कहीं होंगे.' अबूतालिब ने यह किस्सा ख़त्म करते हुए कहा, 'मगर ऐसे कवि भी बहुत नहीं होंगे.' 

- रसूल हमज़ातोव (मेरा दागिस्तान)