Showing posts with label ममता बनर्जी. Show all posts
Showing posts with label ममता बनर्जी. Show all posts

Wednesday, December 11, 2019

मूर्तियों की विचार-विहीन राजनीति



कोलकाता के फुटपाथ और चौराहों पर पिछले कुछ समय से एक नई भीड़ दिख रही है. यह भीड़ मूर्तियों की है.  महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष बोस की प्रतिमाएं कोलकाता के लिए अनजानी नहीं लेकिन इन दिनों अपेक्षाकृत कम चर्चित बांगला-नायकों की भी बड़ी-बड़ी मूर्तियां बड़ी संख्या में दिखाई देने लगी हैं. कुछ के दर्शन सुलभ हैं जबकि कई बड़ी-बड़ी पन्नियों में लिपटी हुई हैं. इन्हें उचित समय पर उद्घाटन की प्रतीक्षा है. यह ‘उचित समय’ लगभग आ ही गया है. कोलकाता नगर निकायों के चुनाव चार महीने  दूर हैं. बंगाल विधान सभा के चुनाव में भी 2021 में होने हैं. ये मूर्तियां चुनावों में बड़ी भूमिका निभाने वाली हैं.

‘इण्डियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार अकेले उत्तरी कोलकाता में बीस से अधिक नई मूर्तियां प्रकट हो गई हैं. महानगर के दक्षिणी हिस्से के लिए और भी ज़्यादा मूर्तियां तैयार हो रही हैं. इनमें महात्मा गांधी और सुभाष बोस तो हैं ही, रबींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद, रामकृष्ण परमंस, राम मोहन राय, सिस्टर निवेदिता, ईश्वरचंद विद्यासागर तथा कई अल्पज्ञात बांगला-गौरव-नायक शामिल हैं. कुछ मूर्तियां 30-35 फुट ऊंची हैं तो कुछ अपेक्षाकृत छोटी हैं. सभी मूर्तियों में एक बात समान है. उन्हें स्थापित करने का श्रेय सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और उसके स्थानीय पार्षद या नेता को देने के लिए शिलापट लगे हैं. इन नामों पर रात में भी रोशनी पड़ने का इंतज़ाम किया गया है.

जिस दिन यह समाचार सामने आया उसी दिन उत्तर प्रदेश के समाचार पत्रों में प्रमुखता से यह प्रकाशित हुआ कि पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेई की 25 फुट ऊंची प्रतिमा ‘लोक भवन’ में स्थापित होने के लिए लखनऊ पहुंच गई है. लखनऊ से पांच बार सांसद रहे अटल जी के जन्म दिन, 25 दिसम्बर को इसका लोकार्पण किया जाएगा.

पिछले कुछ वर्षों से मूर्तियों की राजनीति या राजनीति में महापुरुषों के नाम का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ा है. गुजरात में सरदार पटेल की ‘विश्व की सबसे ऊंची’ प्रतिमा हाल के वर्षों में चुनावी-राजनीति का विशेष केंद्र बनी हुई है. शायद ही कोई शहर हो जहां गांधी जी की प्रतिमाएं न हों. 1980 के दशक के बाद आम्बेडकर की छोटी-बड़ी प्रतिमाएं शहरों ही नहीं, कस्बों, देहातों और बस्तियों तक स्थापित हो रही हैं. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आम्बेडकर और अन्य दलित नायकों की मूर्तियों के अलावा जीवित मायावती की मूर्तियां भी बड़ी तादाद में हैं जिनकी सुरक्षा के लिए विशेष बल तैनात रहता है. इन मूर्तियों के अंग-भंग या अपमान की वारदात भी राजनीति का हिस्सा बनती हैं.

महापुरुषों के मूल विचार नहीं, उनकी प्रस्तर-प्रतिमाएं हमारे देश की चुनावी राजनीति का नया हथियार हैं. जिन राष्ट्रीय या स्थानीय नायक-नायिकाओं की प्रतिमाओं से फुटपाथ और चौराहे जगमगा रहे हैं, उनके विचार राजनीति दलों के लिए कितना महत्त्व रखते हैं? उनको कितनो कितना सम्झा जाता है? आम जनता को ये मूर्तियां क्या संदेश देने के लिए स्थापित की जा रही हैं?

कोलकाता का उदाहरण लेते हैं, जहां ज़ल्दी-ज़ल्दी बड़ी संख्या में मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं. तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि ये मूर्तियां बांग्ला संस्कृति और साम्प्रदायिक एकता की प्रतीक हैं और इनका उद्देश्य भाजपा की साम्प्रदायिक राजनीति का मुकाबला करना है. जो मूर्तियां लगाई जा रही हैं, वे 19-20वीं शताब्दी के बांग्ला पुनर्जागरण के नायकों की हैं जिन्होंने समाज में क्रांतिकारी बदलाव किए.

पूछा जाना चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस को आज अचानक अपने इन विस्मृत नायकों की याद क्यों आई? इनकी मूर्तियों की स्थापना अब क्यों प्राथमिक एजेण्डा बन गया? उत्तर की तलाश कतई कठिन नहीं. ममता बनर्जी के गढ़ में सेंध लगाने के लिए भाजपा लम्बे समय से प्रयासरत है. हिंदू-ध्रुवीकरण का अभियान भी इसका हिस्सा है.  लोक सभा चुनाव के काफी पहले से वहां व्यापक स्तर हनुमान जयंती और रामनवमी पर्व मनाए जाने का सिलसिला शुरू किया गया जिसकी बंगाल में कोई परम्परा नहीं थी. तृणमूल इसे भाजपा के साम्प्रदायिक अभियान के रूप में देखती है. इस बीच एनआरसी तथा नागरिकता संशोधन विधेयक लाए जाने से ममता बनर्जी की चुनौती बढ़ रही है. इन नई चुनौतियों के मोर्चे पर भाजपा का सामना करने के लिए वह बांग्ला-गौरव-नायकों की मूर्तियों का सहारा ले रही है. इस तरह ये मूर्तियां राजनैतिक युद्ध का हथियार बन रही हैं, जैसे कि भाजपा ने ‘हिंदू-पर्वों’ को अपना अस्त्र-शस्त्र बनाया है.

याद कीजिए कि कोलकाता में लोक सभा चुनाव के आक्रामक प्रचार के दौरान ईश्वरचन्द्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ दी गई थी. भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों ने इसके लिए एक-दूसरे को ज़िम्मेदार ठहराया था और दोनों  ने ही नई और भव्य मूर्ति बनवाने का वादा किया था. उसी रणनीति की अगली कड़ी अब कोलकाता में दिखाई दे रही है.   

हमारे देश में सबसे अधिक प्रतिमाएं आम्बेडकर की दिखती हैं. बड़े शहरों में लगी भव्य प्रतिमाओं से लेकर छोटी-छोटी बस्तियों में लगी छोटी मूर्तियों तक. बहुजनवादी दलों के लिए ये मूर्तियां दलित-राजनीति और सामाजिक चेतना की प्रतीक रही हैं. पिछले कुछ वर्षों से दलित-पिछड़ा वर्ग में राजनैतिक पैठ बनाने के लिए भाजपा ने भी आम्बेडकर को अपनाया है. वर्तमान में आम्बेडकर सभी दलों के प्रिय बने हुए हैं. प्रश्न यह है कि क्या आम्बेडकर के जो विचार और मूल्य बहुजनवादी दलों के लिए महत्त्वपूर्ण हैं, क्या वही भाजपा के लिए भी हैं? भाजपा ने तो कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के समर्थन में भी आम्बेडकर को खड़ा कर दिया था. विडम्बना यह है कि बहुत बड़ी संख्या में आम्बेडकर-पूजन के बावजूद इस देश में दलितों से छुआछूत और उनका दमन जारी है.

महात्मा गांधी को जो संघ-परिवार देश के विभाजन और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के लिए दोषी ठहराता रहा है, वह अब उनकी 150वीं जयंती धूमधाम से मना रहा है. लेकिन गांधी के विचार इस राजनीति में कितने सम्मानित हैं? बात-बात में  ‘बापू-बापू’ करने वाली कांग्रेस ने अगर स्वतंत्रता के बाद ही उनका रास्ता त्याग दिया था तो अब भाजपा ने अपने आचरण और कर्म में उन्हें कितना अपना लिया है?

सरदार पटेल की विशालकाय प्रतिमा और भी राजनैतिक विद्रूप पैदा करती है. भाजपा ने अपने सत्तारोहण दौर में सरदार पटेल को जवाहरलाल नेहरू के मुकाबिल खड़ा किया है. यह देखने की चिंता किसे है कि पटेल और नेहरू के वैचारिक मतभेद क्या थे, क्यों थे? क्या पटेल सचमुच नेहरू के वैसे ही विरोधी थे या गांधी और नेहरू ने पटेल को सचमुच उसी तरह किनारे किया जैसा कि प्रचारित किया जा रहा है?

मूर्तियों की राजनीति नई पीढ़ी को इन महापुरुषों के वास्तविक विचार और मूल्य समझा रही है या उन्हें अपनी सुविधा के लिए नए नायक-खलनायक के रूप में स्थापित कर रही है?

(प्रभात खबर, 12 दिसम्बर, 2019)    

   

      

Thursday, June 27, 2019

क्षेत्रीय क्षत्रपों का नया संकट



नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की प्रचण्ड विजय ने न केवल मुख्य विरोधी दल कांग्रेस को हतप्रभ किया है बल्कि भाजपा-विरोध का झण्डा उठाए ताकतवर क्षेत्रीय क्षत्रपों के पैरों तले की ज़मीन भी खिसका दी है. ये दल पराजय से उबरने और नए सिरे से उठ खड़े होने की बजाय और भी बिखर रहे हैं. उनके खेमे में हताशा ही नहीं, भगदड़ भी मची है. आने वाले चुनावी अखाड़ों में उनके सामने जहाँ  भाजपा का तगड़ा पहलवान होगा, वहीं उनका अपना पहलवान बाहरी-भीतरी दाँवों से अभी से चित दिख रहा है.

दूसरी तरफ वे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता, जिन्होंने मोदी-विरोध का परचम नहीं उठा रखा था या जो भाजपा की तरफ झुके हुए थे, उनके खेमे सकुशल और आनंद में हैं. न उनके सेनानी पाला छोड़कर भाग रहे हैं, न ही बाहरी ताकतें वहाँ सेंध लगा रही हैं.

उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन, बंगाल में ममता बनर्जी और आंध्र प्रदेश में चंद्र बाबू नायडू मोदी को दोबारा सत्ता में न आने देने के लिए सबसे ज़्यादा कमर कसे हुए और मुखर थे. लोक सभा चुनाव में इन सबने ही मुँह की खाई. कहने को ममता बनर्जी ठीक-ठाक सीटें जीतने में कामयाब रहीं लेकिन भाजपा ने उनके किले में अप्रत्याशित रूप से भारी सेंध लगा दी है. सपा-बसपा गठबंधन पूरी तरह विफल रहने के बाद टूट चुका है और मोदी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चा बनाने में सक्रिय रहे चंद्रबाबू नायडू के पैर अपनी ज़मीन से उखड़ गए हैं.

चुनाव सम्पन्न होने के बावज़ूद इन क्षत्रपों की विपदाओं का अंत नहीं हुआ, बल्कि बढ़ गया है. मोदी के खिलाफ दहाड़ने वाली ‘बंगाल की शेरनी’ सबसे ज़्यादा संकट में हैं. उनके छह विधायक, नगरपालिकाओं के दर्ज़नों सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर भाजपा में जा चुके हैं. यह सिलसिला जारी है. बिना चुनाव लड़े भाजपा बंगाल में पहली बार एक ज़िला पंचायत में बहुमत हासिल कर चुकी है. यह संकेत है कि तृणमूल कांग्रेस में भारी हाला-डोला मचा है.

बंगाल में दो साल बाद विधान सभा चुनाव होने हैं. ममता परेशान हैं कि भाजपा से अपना साम्राज्य बचाने के लिए वे क्या करें. यह विडम्बना ही है कि जिन हथकण्डों से उन्होंने बंगाल में कांग्रेस और वाम दलों का सफाया किया, वैसे ही हथकण्डे भाजपा उनके साथ आज़मा रही है. उन्हें कुछ सूझ नहीं रहा. कभी वे आरएसएस के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बंगाली अस्मिता से जोड़ने का दाँव खेलने की कोशिश कर रही हैं और कभी ‘जय श्रीराम’ के ज़वाब में ‘जय माँ काली’ का नारा उछालने का बचकाना प्रयास करती दिख रही हैं.

ममता की तरह ही राजनैतिक चक्रव्यूह में फंसे हुए सपा और बसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रमश: अखिलेश यादव और मायावती भी हैं. उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए उन्होंने जो गठबंधन किया, वह विफल रहा. इस तथ्य के बावज़ूद कि देश के सबसे बड़े राज्य में भाजपा को चुनौती दे सकने वाली आज भी यही दो पार्टियाँ हैं, मायावती ने हार की ज़िम्मेदारी सपा पर डालते हुए गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है. पहले तय था कि आगामी विधान सभा चुनाव तक गठबंधन कायम रहेगा. अब दोनों आने वाले चुनावों में एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकेंगे. यह स्थिति भाजपा के लिए परम सुखदायक है.

मायावती अपने भाई-भतीजे को पार्टी की ज़िम्मेदारियाँ देकर दलितों में अपनी पकड़ फिर मज़बूत बनाना चाहती हैं लेकिन बदली परिस्थितियों और मतदाताओं के नये वर्ग की अपेक्षाओं के अनुरूप राह चुनने की शायद नहीं सोच रहीं.

अखिलेश यादव से ज़्यादा ठगा हुआ और कोई नेता आज अनुभव नहीं कर रहा होगा. उन्होंने मायावती का जूनियर पार्टनर बनना स्वीकार ही इसलिए किया था कि भाजपा को हराने के लिए जिन दलित वोटों का सहारा मिलेगा वे आगे भी उनकी राजनीति के सारथी बनेंगे. उनके लिए तो ‘माया मिली न राम’ वाली स्थिति है. परिवार और चाचा से अखिलेश ने वैर लिया, पिता को किनारे किया, विपरीत सलाह के बावज़ूद बसपा से तालमेल किया और हाथ कुछ आया नहीं. उनके लिए आगे की राह कठिन और अनिश्चित है, यद्यपि उनके पास लम्बी पारी है.

और, चंद्रबाबू नायडू? पिछले साल तक एनडीए में मोदी के साथ रहे नायडू ने आंध्र की राजनीति का गणित लगाकर न केवल मोदी का साथ छोड़ा, बल्कि उनके खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए एक राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा बनाने की सक्रियता दिखाई. आज वे अपने राज्य में लगभग पैदल हैं. तेलुगु देशम के छह में से चार राज्य सभा सदस्य भी उनका साथ छोड़कर भाजपा में चले गए और नए मुख्यमंत्री जगन रेड्डी उनकी की बनाई इमारत तक तोड़ने पर उतारू हैं. जगन ने जैसा समर्थन पाया है, उसे देखते हुए नायडू को राज्य में अपना आधार बचाने के लिए बहुत पापड़ बेलने होंगे.

उधर, तीन प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता ऐसे हैं जिन्होंने चुनावों में मोदी विरोध को अपनी राजनीति का केंद्र नहीं बनाया था. उड़ीसा में नवीन पटनायक, तेलंगाना में चंद्रशेखर राव और आंध्र प्रदेश में जगन रेड्डी ने या तो भाजपा के प्रति नरम रुख रखा या कांग्रेस एवं भाजपा से बराबर दूरी बनाए रखी. इन्होंने नई स्थितियों में  मतदाता को समझने में सफलता पाई. ये तीनों ही अपने-अपने राज्यों में निश्चिंत होकर शासन चला रहे हैं. उनकी पार्टियों में कोई भितरघात नहीं है, कोई पार्टी छोड़ कर नहीं जा रहा, किसी तरह की ‘खरीद-फरोख्त’ की शिकायत भी उनकी तरफ से नहीं आ रही.

तो क्या रह निष्कर्ष निकाला जाए कि मोदी-विरोधी क्षेत्रीय क्षत्रपों को अपनी राजनीति की कीमत चुकानी पड़ रही है और भाजपा से बैर नहीं पालने वाले नेता इसी कारण अपने राज्यों में निश्चिंत हैं? यह तो साफ है कि जो क्षेत्रीय क्षत्रप धारा के विरुद्ध तैरे या जो जनता का मन समझ नहीं पाए या जो अपनी राजनीति के कैदी रहे, उन्हें मुँह की खानी पड़ी.

ममता बनर्जी, मायावती, अखिलेश यादव और नायडू को अपने-अपने राज्यों में प्रासंगिक और प्रभावशाली बने रहने के लिए अपनी राजनीति बदलनी होगी क्योंकि मतदाता बदल रहा है. कभी हैदराबाद को आईटी सिटी बनाने के लिए ख्यात नायडू को सोचना होगा कि मतदाता ने उन्हें हाशिए पर क्यों धकेला. बेवजह गरजने की बजाय ममता को इस पर मंथन करना चाहिए कि 2011 में वाम गढ़ ध्वस्त कर तृणमूल कांग्रेस को सत्ता सौपने वाला बंगाल अब उनसे क्यों रूठ रहा है. मायावती और अखिलेश की निगाह अपने जातीय वोट बैंक के भीतर उभरते महत्वाकांक्षी युवा वर्ग की अपेक्षाओं पर होनी चाहिए.  

पारम्परिक वोट बैंक के सहारे आगे की नैया आसानी से पार नहीं होगी. अगले विधान सभा चुनावों तक उनके पास पर्याप्त समय है. 

(प्रभात खबर, 27 जून, 2019)  
  

Tuesday, February 05, 2019

बिना गठबंधन की एकता



बीती 19 जनवरी को ही वे सब कोलकाता में एक मंच पर इकट्ठा हुए थे. ममता बनर्जी की बुलाई रैली के मंच से उन सबने मोदी के नेतृत्त्व वाले एनडीए को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था. बीते रविवार को कोलकाता में बड़े नाटकीय घटनाक्रम के बाद एक बार फिर वे सुर में सुर मिलाकर मोदी सरकार को कोसने,  उसे लोकतंत्र, संघीय स्वरूप और संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट करने वाला बताने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. वे सब ममता बनर्जी के पीछे खड़े होकर मोदी के खिलाफ एकजुट दिखने की कोशिश कर रहे हैं.

पिछले डेढ़-दो साल से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है. कांग्रेस समेत भाजपा विरोधी कई क्षेत्रीय दल 2019 के आम चुनाव में मोदी को परास्त करने के लिए एकजुट होने की कोशिश करते रहे हैं. महागठबंधन बनाने की चर्चाएं जब-तब होती रहीं. विपक्षी नेताओं के दिल्ली डेरों से लेकर प्रांतीय राजधानियों के सरकारी बंगलों तक बैठकों के दौर चलते रहे. महागठबंधन बनाने की पहली बड़ी कोशिश लालू यादव की पहल पर डेढ़ साल पहले पटना रैली में हुई थी. उत्तर प्रदेश के दो धुर विरोधी दलों, सपा और बसपा के एक साथ आने की जमीन उसी पहल से बननी शुरू हुई थी. पटना रैली से बड़े-बड़े ऐलान हुए थे. उसके बाद से महागठबंधन बनने की चर्चाओं को गति मिली थी, हालांकि क्षेत्रीय दलों के अन्तर्विरोधों ने उसकी सम्भावनाओं पर सवाल भी खूब लगा दिये थे.

उसके बाद विपक्षी दलों को एक और बड़ा अवसर मई 2018 में मिला जब कर्नाटक चुनाव में भाजपा की सत्ता कब्जाने की कोशिश नाकाम हुई और कुमारस्वामी के नेतृत्त्व में कांग्रेस-जनता दल (सेकुलर) की सरकार बनी. कुमारस्वामी का शपथ ग्रहण समारोह भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की सबसे बड़ी जुटान बना. वह मंच विपक्षी नेताओं के लिए न केवल अत्यंत उत्साहवर्धक था, बल्कि एकता के प्रतीक रूप में कुछ अद्भुत दृश्य  बहुत दिनों तक मीडिया में छाये रहे थे.

सोनिया और मायावती की स्नेहिल आलिंगन वाली बहुप्रचारित तस्वीर बंगलूर के उसी मंच की है. लग रहा था कि मायावती का पुराना कांग्रेस विरोध अब तिरोहित हो जाएगा. उसी मंच पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा नेता मायावती का बड़े आदर से स्वागत किया था. पटना से सांकेतिक रूप में शुरू हुई उनकी दोस्ती उसी दिन सार्वजनिक और व्यवहार में आयी थी. बंगलूर के उसी मंच पर बंगाल के पुराने राजनैतिक शत्रु माकपा नेता सीताराम येचुरी और तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी भी मौजूद थीं. एक-दूसरे को फूटी आंख न देखने वाले ये नेता उस दिन मुस्कराते हुए कुछ पल को आमने-सामने भी हुए. वहाँ और भी क्षेत्रीय नेता थे जिनका जोश बता रहा था कि उन्हें भाजपा को सताच्युत करने के लिए एकता का सूत्र मिल गया है.

जिस तरह पटना की रैली के बाद महागठबंधन की सम्भावना धूमिल होती गयी उसी तरह बंगलूर के विपक्षी जमावड़े से निकले एकजुटता के संदेश भी जल्दी से उलटे संकेत देने लगे. सोनिया गांधी के गलबहियाँ डालने वाली मायावती कांग्रेस पर हमलावर होती गईं. राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनावों में तालमेल न हो पाने के बाद मायावती के लिए कांग्रेस ‘साँपनाथ’ हो गयी, भाजपा से कतई कम बुरी नहीं. माकपा और तृणमूल को तो खैर साथ आना ही नहीं था, सोनिया से ममता की बाद की मुलाकातें भी सुनिश्चित नहीं कर सकीं कि उनकी पार्टियों में तालमेल होगा.

इन रैलियों, मुलाकातों का विपक्ष की नजर से एक ही सुखद परिणाम निकला कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा का गठबन्धन हो गया. भाजपा को हराने की दिशा में यही एक महत्त्वपूर्ण बात हुई. इसके अलावा टीआरएस के नेता चंद्रशेखर राव और तेलुगु देशम के चंद्रबाबू नायडू ने विपक्षी एकता की जो पहल की वह किसी नतीजे तक नहीं पहुँची. तेलंगाना में तेलुगु देशम, कांग्रेस और वाम दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा लेकिन बुरी तरह नाकामयाब रहे. इस प्रयोग की विफलता के बाद कांग्रेस तेलुगु देशम से दूरी बनाने में लगी है. संकेत हैं कि वह आंध्र में उसके साथ मिलकर लोक सभा चुनाव नहीं लड़ेगी.

अपने अंतर्विरोधों, क्षेत्रीय समीकरणों और कांग्रेस से पुराने बैर के कारण अब तक भाजपा विरोधी दल राष्ट्रीय स्तर किसी एकता का आधार तैयार नहीं कर सके. आम चुनाव सामने हैं. अब कोई गठबन्धन बन पाएगा , इसके आसार नहीं दीखते. इसके बावजूद इन दलों में  2019 के चुनाव में भाजपा को धूल चटाने की तीव्र लालसा दिखाई देती है. भाजपा सभी को अपने राजनैतिक अस्तित्त्व के लिए बड़ा खतरा दिख रही है. इसलिए वे एकजुटता दिखाने, एक मंच पर आने और भाजपा के विरोध के लिए सामूहिक मुद्दा तलाशने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते.

ममता बनर्जी की विपक्षी रैली को एक महीना भी नहीं हुआ कि कोलकाता विपक्षी दलों के लिए फिर एक ऐसा अवसर ले आया जब वे मिलकर केंद की मोदी सरकार के खिलाफ अपनी मुद्दा आधारित एकजुटत दिखा सकते थे. शारदा घोटाले के सिलसिले में वहाँ के पुलिस कमिश्नर से पूछताछ करने सीबीआई क्या पहुँची कि ममता बनर्जी ने मोदी सरकार के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया. वे ‘संघीय ढाँचे को ध्वस्त करने’ का आरोप लगा कर धरने पर क्या बैठीं कि पूरा विपक्ष ममता के समर्थन में और मोदी सरकार के विरुद्ध एक सुर में बोलने लगा. कई दलों के बड़े नेता कोलकाता जाकर ममता के धरना-मंच में शरीक हो आये. कई ने अपने-अपने गढ़ों से मोदी सरकार के खिलाफ हुंकार भरी.     

करीब बाईस राजनैतिक पार्टियाँ मोदी सरकार के खिलाफ और ममता बनर्जी के समर्थन में इस समय बयान दे रही हैं. इनमें कांग्रेस समेत विभिन्न राज्यों के महत्त्वपूर्ण और बड़े दल शामिल हैं. ममता के मामले में बीजू जनता दल ने भी भाजपा विरोधी तेवर दिखाये हैं. लगता है कि भाजपा के विरुद्ध व्यापक मोर्चा तैयार है लेकिन वास्तव में कोई मोर्चा तैयार नहीं है. ममता के पक्ष में खड़े सारे नेता उन्हें अपना नेता मानने को कतई तैयार नहीं होंगे.

इस तथ्य के बावजूद भाजपा के लिए 2019 का संग्राम आसान नहीं है. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के अलग मैदान में उतरने के बावजूद सपा-बसपा के गठबन्धन से लड़ाई बहुत कठिन हो चुकी है. बिहार में नीतीश के कारण एनडीए मजबूत भले दिखता हो, विरोधी गठबन्धन को कमजोर नहीं आंकना चाहिए. इसके अलावा कुछ राज्यों में भाजपा की कांग्रेस से सीधी लड़ाई है और उन राज्यों में 2014 के बाद से कांग्रेस मजबूत हुई है.

किसी संयुक्त मोर्चे या गठबंधन के बिना भी भाजपा विरोध के स्वर तीव्र हो रहे हैं. विपक्ष इन विरोधी सुरों को तेज से तेज बनाये रखना चाहता है. फिलहाल यही स्वर उनकी एकजुटता है.  


(प्रभात खबर, 6 फरवरी, 2019)

Wednesday, December 27, 2017

विपक्षी एकता के अंतर्विरोध


बीती 23 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर जब समाजवादी, वामपंथी और कांग्रेस के नेता एक मंच पर जुटे तो किसानों और जाटों के उस बड़े नेता की प्रशस्ति से ज्यादा विपक्षी दलों के एकजुट होने की जरूरत पर ज्यादा चर्चा हुई. दिल्ली में इस मंच पर चार समाजवादी धड़े थे- समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, जनता दल (यू) के विद्रोही शरद यादव, जनता दल (एस) के दानिश अली, राष्ट्रीय जनता दल के अजित सिंह. साथ में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सीताराम येचुरी और कांग्रेस के आनंद शर्मा.
इन नेताओं के भाषणों के स्वर से लेकर आपसी बातचीत तक एक ही मुद्दा केंद्र में रहा कि 2019 के लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों की एकता हो जानी चाहिए. हालांकि यह पहली बार नहीं है. नरेंद्र मोदी की अजेय-सी लगने वाली छवि बनने के बाद से विपक्षी दलों को एकता की जरूरत ज्यादा ही लगने लगी है. यह अलग बात है कि उसे व्यवहार में उतारना उनके लिए मुश्किल बना रहा. विरोधी दलों के अंतर्विरोध, वैचारिक और क्षेत्रीय टकराव कम नहीं.

विपक्षी दलों की एकता की नयी चर्चा गुजरात चुनाव नतीजों के बाद छिड़ी है. इन नतीजों ने साबित किया कि भाजपा अजेय नहीं है. नतीजों के तत्काल बाद विरोधी दलों की प्रतिक्रियाओं से उनकी एकता की चाहत सामने आने लगी है. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2019 में  भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों का साथ लेना चाहिए. स्पष्ट है कि अखिलेश अब भी कांग्रेस से गठबंधन करने के इच्छुक हैं, यद्यपि उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनावों में सपा-कांग्रेस गठबंधन पिट गया था. मुलायम सिंह यादव मानते हैं कि सपा की हार कांग्रेस की वजह से ज्यादा हुई लेकिन अखिलेश भाजपा को बड़ी चुनौती मानते हुए विपक्षी एकता के पक्षधर हैं. यहां तक कि वे धुर विरोधी मायावती से भी हाथ मिलाने के हिमायती हैं.

मायावती उत्तर प्रदेश में आज भी बड़ी राजनैतिक ताकत हैं. भाजपा ने उनके दलित वोट बैंक में सेंध लगाई है. भाजपा के खिलाफ किसी मोर्चे में उनके शामिल होने की सम्भावना तो बनती है और वे असहमत भी नहीं लेकिन जैसी उनकी राजनीति है, उसमें शर्तें और शंकाएं ज्यादा हैं. कुछ समय पहले उन्होंने कहा था कि वे भाजपा के खिलाफ किसी गठबंधन में शामिल हो सकती हैं लेकिन सीटों का बंटवारा पहले हो जाना चाहिए. दिक्कत यह है कि सपा-बसपा का मुख्य आधार उत्तर प्रदेश है. दोनों ही वहां अपनी जमीन दूसरे के लिए आसानी से नहीं छोड़ने वाले.

उत्तर प्रदेश में विपक्षी एकता का एक महत्त्वपूर्ण अवसर आगामी अप्रैल में आने वाला है जब राज्य सभा की 10 सीटों का चुनाव होगा. सपा एक और भाजपा आठ सीटें आसानी से जीत लेंगी. अगर सपा, बसपा और कांग्रेस एक हो जाएं तो वे दसवीं सीट भाजपा को नहीं जीतने देंगे. क्या ऐसा हो पाएगा?  

ममता बनर्जी भी गुजरात नतीजों से बहुत उत्साहित हैं. वे नरेंद्र मोदी की कट्टर विरोधी हैं. भाजपा बंगाल में पैर जमाने में लगी है. उसका वोट वहां लगातार बढ़ रहा है. इसलिए वे भाजपा के खिलाफ एक मोर्चे में आ सकती हैं लेकिन उनकी समस्या यह है कि उन्हें वाम दलों से भी बंगाल में  उतनी ही मजबूती से लड़ना है. भाजपा विरोधी मोर्चे में वाम-दल और तृणमूल कांग्रेस एक साथ कैसे फिट होंगे?

सबसे महत्त्वपूर्ण सवाल विपक्षी मोर्चे के नेतृत्व का है. क्या कांग्रेस को मोर्चे का नेतृत्त्व सौंपने को सभी दल तैयार हो जाएंगे? यूपीए के दौर में सोनिया को नेता मानने में कोई बड़ी अड़चन नहीं थी. अब कांग्रेस की बागडोर राहुल के हाथ है और कांग्रेस बहुत कमजोर हो चुकी है.  क्या सोनिया की तरह राहुल भी सर्व-स्वीकार्य हो सकते हैं?

राहुल और कांग्रेस के पक्ष में एक बात जरूर है कि लगभग पूरे देश से सफाये के बावजूद वह जनता के बीच सुपरिचित पार्टी है. उसका प्रतिष्ठित इतिहास है. गुजरात के नतीजों ने राहुल और कांग्रेस को कुछ संजीवनी-सी दी है. मगर गुजरात ने एक सवालिया निशान भी खड़ा किया है. कांग्रेस की सेकुलर छवि को दबाते-छुपाते राहुल ने गुजरात में उदार हिंदुत्त्व का जो चोला ओढ़ा है, क्या उस पर समाजवादी और वाम दल सवाल नहीं उठएंगे? कांग्रेस ने यह नया चोला सिर्फ गुजरात के लिए पहना या आगे भी यही बाना धारण करने का उसका इरादा है?

महत्त्वपूर्ण यह भी है कि हमारे यहां विपक्षी एकता के लिए एक बड़े और स्वीकार्य सूत्रधार की जरूरत पड़ती रही है, ऐसा नेता जो तात्कालिक आवश्यकता के लिए विभिन्न दलों के अंतर्विरोधों को एक किनारे रखवा सके. लोहिया, जे पी या हरकिशन सिंह सुरजीत जैसा सूत्रधार अथवा मार्गदर्शक आज कौन है? तुलना की बात नहीं, लेकिन एक लालू यादव हैं जो भाजपा विरोधी विपक्षी मुहिम को साध रहे थे लेकिन वे अपने ही पाप-पंक में पूरी तरह घिरे हैं. नीतीश कुमार इस भूमिका में हो सकते थे लेकिन वे भाजपा के पाले में चले गये. शरद यादव एकता की पहल करते रहे हैं लेकिन आज उनके पीछे कोई पार्टी नहीं है. सीताराम येचुरी भी विपक्षी एकता के वकालती हैं मगर कांग्रेस से रिश्ते बनाने पर उन्हें अपनी ही पार्टी के भीतर मोर्चा लेना पड़ रहा है.

कुल मिलाकर आज जो परिदृश्य है, उसमें विपक्क्षी एकता का दारोमदार  राहुल के नेतृत्त्व में कांग्रेस पर ही आ ठहरता है. कांग्रेस की मुश्किल यह है कि वह ज्यादातर राज्यों में जनाधार खो चुकी है. उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे बड़े राज्यों में वह अस्तित्त्व के लिए लिए जूझ रही है. विपक्षी एकता के लिए स्वाभाविक ही उसे बड़ी कीमत चुकानी होगी. क्षेत्रीय दलों को साथ लेने के लिए उसे अधिकसंख्य सीटें उन्हें देनी होंगी. यूपी-बिहार जैसे बड़े राज्यों में उसकी खोई हुई जमीन वापस नहीं आने वाली.  यूपी के विधान सभा चुनाव यह साबित कर चुके हैं.

2019 के लोक सभा चुनाव से पहले आठ राज्यों के चुनाव होने हैं. इनमें कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ इस माने में महत्त्वपूर्ण हैं कि यहां भाजपा और कांग्रेस की सीधी लड़ाई है.  क्या गुजरात की तरह कांग्रेस यहां भी भाजपा को कांटे की टक्कर दे पाएगी? क्या कर्नाटक में अपनी सत्ता बचा पाएगी? इसी पर विपक्षी मोर्चे में कांग्रेसी नेतृत्त्व का फैसला निर्भर है. लेकिन पहले राहुल को तय करना होगा कि वे कांग्रेस को ही सीधे भाजपा के मुकाबले खड़ा करने का कठिन लक्ष्य साधना चाहते हैं या फिलहाल भाजपा को हराने के लिए विपक्षी एकता को महत्त्व देते हैं.
(प्रभात खबर, 28 दिसम्बर 2017)